बारिश की वजह से खेल रुका
- फोटो : सोशल मीडिया
पांचवें टी-20 के लिए कोई रिजर्व डे नहीं था, ऐसे में अंपायर ने मैच को रद्द करने का फैसला लिया। पांच मैचों की टी-20 सीरीज 2-2 की बराबरी पर खत्म हुई। दक्षिण अफ्रीका ने 2010 के बाद से भारतीय सरजमीं पर सीमित ओवरों की सीरीज नहीं हारने के अपने शानदार रिकॉर्ड को बरकरार रखा है। ऋषभ पंत भी बतौर कप्तान पहली सीरीज जीतने से चूक गए।
पूरी सीरीज में शानदार गेंदबाजी करने वाले भुवनेश्वर कुमार को मैन ऑफ द सीरीज चुना गया। उन्होंने पांच मैचों में छह विकेट झटके थे। दक्षिण अफ्रीका ने इस सीरीज में पहला टी-20 सात विकेट से और दूसरा टी-20 चार विकेट से जीता था। इसके बाद भारत ने सीरीज में वापसी की और तीसरा टी-20 48 रन से और चौथा टी-20 82 रन से जीता। इस तरह सीरीज 2-2 की बराबरी पर समाप्त हुई।
अब भारतीय टी-20 टीम हार्दिक पांड्या के नेतृत्व में आयरलैंड जाएगी। वहीं, रोहित शर्मा के नेतृत्व में टेस्ट टीम इंग्लैंड दौरे पर है। आयरलैंड के खिलाफ टीम इंडिया 26 और 28 जून को दो मैचों की टी-20 सीरीज खेलेगी। वहीं, टेस्ट टीम एक जुलाई से इंग्लैंड के खिलाफ एकमात्र टेस्ट मैच खेलेगी। भारतीय टीम को टेस्ट सीरीज के बाद इंग्लैंड के खिलाफ तीन-तीन मैचों की टी-20 और वनडे सीरीज भी खेलनी है।