दक्षिण अफ्रीका ने पांच मैचों की टी-20 सीरीज के पहले मैच में भारत को सात विकेट से हरा दिया है। दिल्ली के अरुण जेटली स्टेडियम में खेले गए मुकाबले में टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में चार विकेट गंवाकर 211 रन बनाए। ईशान किशन ने अर्धशतक लगाया।
जवाब में दक्षिण अफ्रीका ने 19.1 ओवर में तीन विकेट गंवाकर लक्ष्य हासिल कर लिया। डेविड मिलर और रसी वान डर डुसेन ने तूफानी पारी खेली। इन दोनों ने चौथे विकेट के लिए 64 गेंदों पर 131 रन की नाबाद साझेदारी की।
यह दक्षिण अफ्रीका का टी-20 में सबसे बड़ा रन चेज है। इससे पहले उन्होंने 2007 में जोहानिसबर्ग में वेस्टइंडीज के खिलाफ 206 रन चेज किया था। टीम इंडिया की नजर यह मैच जीतकर रिकॉर्ड लगातार 13वां टी-20 मुकाबला अपने नाम करने पर थी, लेकिन यह सपना अधूरा रह गया।
भारत ने इस मैच से पहले टी-20 क्रिकेट में लगातार 12 जीत हासिल की थी। इस दौरान टीम इंडिया ने पिछले साल टी-20 विश्व कप में अफगानिस्तान, आयरलैंड और नामीबिया को हराया था। फिर न्यूजीलैंड, वेस्टइंडीज और श्रीलंका के खिलाफ घरेलू सीरीज में 3-0 से जीत हासिल की। भारत के अलावा अफगानिस्तान और रोमानिया ने लगातार 12-12 टी-20 जीते हैं।
17 ओवर के बाद दक्षिण अफ्रीका ने तीन विकेट गंवाकर 178 रन बना लिए हैं। फिलहाल अफ्रीकी टीम को 18 गेंदों पर 34 रन की जरूरत है। डेविड मिलर के बाद रसी वान डर डुसेन ने भी अर्धशतक लगाया। उन्होंने 17वें ओवर में हर्षल पटेल के ओवर में तीन छक्के और एक चौका समेत 22 रन बटोरे। यह डुसेन के टी-20 अंतरराष्ट्रीय करियर का सातवां अर्धशतक रहा।
15 ओवर के बाद दक्षिण अफ्रीका ने तीन विकेट गंवाकर 148 रन बना लिए हैं। डेविड मिलर तूफानी पारी खेल रहे हैं। उन्होंने 22 गेंदों पर अर्धशतक लगाया। यह उनके टी-20 करियर का पांचवां अर्धशतक रहा। फिलहाल रसी वान डर डुसेन 29 गेंदों पर 30 रन बनाकर बल्लेबाजी कर रहे हैं। पिछले चार ओवर में 56 रन बने हैं। 12वें ओवर में 14 रन, 13वें ओवर में 19 रन, 14वें ओवर में नौ रन और 15वें ओवर में 14 रन बने।
13 ओवर के बाद दक्षिण अफ्रीका ने तीन विकेट पर 125 रन बना लिए हैं। फिलहाल डेविड मिलर 16 गेंदों पर 36 रन और रसी वान डर डुसेन 23 गेंदों पर 22 रन बनाकर क्रीज पर हैं। हर्षल पटेल ने 12वें ओवर में 14 रन लुटाए। वहीं, 13वें ओवर में अक्षर पटेल ने 19 रन लुटाए। पिछले दो ओवर में कुल मिलाकर 33 रन बने हैं। 12वें ओवर की पांचवीं गेंद पर मिलर ने चौका और आखिरी गेंद पर छक्का लगाया। इसके बाद 13वें ओवर में मिलर ने एक बार फिर बड़े शॉट लगाए। उन्होंने इस ओवर की आखिरी तीन गेंदों पर एक चौका और दो छक्के लगाए। भारत को मिलर को पवेलियन भेजना ही होगा।
11 ओवर के बाद दक्षिण अफ्रीका ने तीन विकेट गंवाकर 92 रन बना लिए हैं। फिलहाल डेविड मिलर आठ गेंदों पर सात रन और रसी वान डर डुसेन 19 गेंदों पर 18 रन बनाकर क्रीज पर हैं। दक्षिण अफ्रीका को अब भी 110 से ज्यादा रन की जरूरत है।
नौ ओवर के बाद दक्षिण अफ्रीका ने तीन विकेट गंवाकर 82 रन बना लिए हैं। फिलहाल डेविड मिलर एक रन और रसी वान डर डुसेन 14 रन बनाकर क्रीज पर हैं। अक्षर पटेल ने नौवें ओवर में क्विंटन डिकॉक को ईशान किशन के हाथों कैच कराया। वह 18 गेंदों पर 22 रन बना सके। अपनी पारी में डिकॉक ने तीन चौके लगाए। दक्षिण अफ्रीका को फिलहाल 66 गेंदों पर 130 रन की जरूरत है।
छठे ओवर में 61 के स्कोर पर दक्षिण अफ्रीका की टीम को दूसरा झटका लगा। हर्षल पटेल पावरप्ले के आखिरी ओवर में गेंदबाजी के लिए आए और उन्होंने अपने पहले ही ओवर में विकेट हासिल किया। हर्षल ने तूफानी बल्लेबाजी कर रहे ड्वेन प्रिटोरियस को ओवर की दूसरी गेंद पर स्लोअर फुलटॉस पर क्लीन बोल्ड किया। प्रिटोरियस 13 गेंदों पर 29 रन बनाकर आउट हुए। उन्होंने अपनी पारी में एक चौका और चार छक्के लगाए। हर्षल ने छठे ओवर में सिर्फ एक रन दिया। छह ओवर के बाद दक्षिण अफ्रीका का स्कोर दो विकेट पर 61 रन है। रसी वान डर डुसेन शून्य और क्विंटन डिकॉक 16 रन बनाकर क्रीज पर हैं।
पांच ओवर के बाद दक्षिण अफ्रीकी टीम ने एक विकेट गंवाकर 60 रन बना लिए हैं। फिलहाल ड्वेन प्रिटोरियस 12 गेंदों पर 29 रन और क्विंटन डिकॉक 10 गेंदों पर 15 रन बनाकर क्रीज पर हैं। हार्दिक पांड्या के पांचवें ओवर में तीन छक्के लगाए।
चार ओवर के बाद दक्षिण अफ्रीका ने एक विकेट गंवाकर 42 रन बना लिए हैं। फिलहाल क्विंटन डिकॉक 10 गेंदों पर 15 रन और ड्वेन प्रिटोरियस छह गेंदों पर 11 रन बनाकर क्रीज पर हैं।
तीसरे ओवर की दूसरी गेंद पर तेज गेंदबाज भुवनेश्वर कुमार ने दक्षिण अफ्रीकी कोच तेम्बा बावुमा को विकेटकीपर पंत के हाथों कैच कराय। बावुमा आठ गेंदों पर 10 रन बना सके। पंत ने विकेट के पीछे डाइव लगाते हुए बेहतरीन कैच लपका। फिलहाल क्विंटन डिकॉक और ऑलराउंडर ड्वेन प्रिटोरियस क्रीज पर हैं। तीन ओवर के बाद दक्षिण अफ्रीका ने एक विकेट गंवाकर 26 रन बना लिए हैं। फिलहाल प्रिटोरियस चार रन और डिकॉक छह रन बनाकर क्रीज पर हैं।
दूसरे ओवर के बाद दक्षिण अफ्रीका ने बिना विकेट गंवाए 22 रन बना लिए हैं। फिलहाल डिकॉक छह रन और बावुमा 10 रन बनाकर क्रीज पर हैं। आवेश ने अपने ओवर में 15 रन लुटाए।
दक्षिण अफ्रीका की ओपनिंग जोड़ी क्विंटन डिकॉक और कप्तान तेम्बा बावुमा क्रीज पर हैं। भुवनेश्वर कुमार के पहले ओवर में सात रन बने। भारत ने दक्षिण अफ्रीका के सामने 212 रन का लक्ष्य रखा है।
भारत ने दक्षिण अफ्रीका के सामने 212 रन का लक्ष्य रखा है। टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करते हुए टीम इंडिया ने 20 ओवर में चार विकेट गंवाकर 211 रन बनाए। यह भारत का दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ टी-20 में हाईएस्ट स्कोर है। इससे पहले भारत ने 2018 में जोहानिसबर्ग में दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ पांच विकेट पर 203 रन बनाए थे। यह दिल्ली के अरुण जेटली स्टेडियम में भी टी-20 अंतरराष्ट्रीय में हाईएस्ट टोटल है। इससे पहले दिल्ली के मैदान पर भारत ने 2017 में इंग्लैंड के खिलाफ 20 ओवर में तीन विकेट गंवाकर 202 रन बनाए थे।
टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करते हुए टीम इंडिया की शुरुआत अच्छी रही। ईशान किशन ने ऋतुराज गायकवाड़ के साथ मिलकर पहले विकेट के लिए 38 गेंदों पर 57 रन की साझेदारी निभाई। ऋतुराज 15 गेंदों पर 23 रन बनाकर आउट हुए। उन्हें वेन पार्नेल ने तेम्बा बावुमा के हाथों कैच कराया। इसके बाद ईशान किशन ने श्रेयस अय्यर के साथ मिलकर भारत को 100 के पार पहुंचाया।
ईशान ने 37 गेंदों पर अर्धशतक पूरा किया। यह उनके टी-20 करियर का तीसरा अर्धशतक रहा। ईशान 48 गेंदों पर 11 चौके और तीन छक्के की मदद से 76 रन बनाकर आउट हुए। उन्हें केशव महाराज ने ट्रिस्टन स्टब्स के हाथों कैच कराया। उन्होंने श्रेयस अय्यर के साथ मिलकर दूसरे विकेट के लिए 40 गेंदों पर 80 रन की साझेदारी निभाई। श्रेयस अय्यर 27 गेंदों पर 36 रन बनाकर आउट हुए।
श्रेयस को ड्वेन प्रिटोरियस ने क्लीन बोल्ड किया। इसके बाद कप्तान ऋषभ पंत और उपकप्तान हार्दिक पांड्या ने टीम इंडिया की पारी संभाली और स्कोर 200 के पार ले गए। कप्तान पंत आखिरी ओवर में आउट हुए। उन्होंने 16 गेंदों पर दो चौके और दो छक्के की मदद से 29 रन की पारी खेली। उन्होंने हार्दिक के साथ मिलकर 18 गेंदों पर 46 रन की साझेदारी निभाई। हार्दिक ने भी तूफानी पारी खेली।
भारतीय उपकप्तान 12 गेंदों पर 31 रन बनाकर नाबाद रहे। अपनी पारी में उन्होंने दो चौके और तीन छक्के लगाए। वहीं, दिनेश कार्तिक एक रन बनाकर नाबाद रहे। दक्षिण अफ्रीका की ओर से केशव महाराज, एनरिक नॉर्त्जे, पार्नेल और प्रिटोरियस को एक-एक विकेट मिला।
20वें ओवर की पहली गेंद पर कप्तान ऋषभ पंत आउट हुए। उन्हें एनरिक नॉर्त्जे ने रसी वान डर डुसेन के हाथों कैच कराया। वह 16 गेंदों पर दो चौके और दो छक्के की मदद से 29 रन बनाकर आउट हुए। फिलहाल हार्दिक पांड्या और दिनेश कार्तिक क्रीज पर हैं।
17वें ओवर में 156 के स्कोर पर टीम इंडिया को तीसरा झटका लगा। ड्वेन प्रिटोरियस ने श्रेयस अय्यर को क्लीन बोल्ड किया। वे 27 गेंदों पर 36 रन बना सके। अपनी पारी में श्रेयस ने एक चौका और तीन छक्के लगाए। 17 ओवर के बाद भारत ने तीन विकेट गंवाकर 174 रन बना लिए हैं। फिलहाल कप्तान ऋषभ पंत 11 गेंदों पर 25 रन और उपकप्तान हार्दिक पांड्या एक गेंद पर एक रन बनाकर क्रीज पर हैं।
15 ओवर में भारत ने दो विकेट गंवाकर 150 रन बना लिए हैं। फिलहाल ऋषभ पंत चार रन और श्रेयस अय्यर 23 गेंदों पर 35 रन बनाकर बल्लेबाजी कर रहे हैं। पंत को एक बार जीवनदान भी मिल चुका है। वह रन आउट से बचे।
13वें ओवर में 137 के स्कोर पर भारत को दूसरा झटका लगा। ईशान किशन 48 गेंदों पर 76 रन की तूफानी पारी खेलकर आउट हुए। उन्हें केशव महाराज ने ट्रिस्टन स्टब्स के हाथों कैच कराया। अपनी पारी में ईशान ने 11 चौके और तीन छक्के लगाए। यह उनके टी-20 करियर का तीसरा अर्धशतक रहा। उन्होंने श्रेयस अय्यर के साथ मिलकर 40 गेंदों पर 80 रन की साझेदारी निभाई। केशव महाराज के ओवर में आउट होने से पहले ईशान ने दो छक्के और दो चौके लगाए थे। फिलहाल श्रेयस 15 गेंदों पर 28 रन और कप्तान ऋषभ पंत क्रीज पर हैं।
11 ओवर के बाद भारत ने एक विकेट गंवाकर 112 रन बना लिए हैं। ईशान किशन ने 37 गेंदों पर अर्धशतक पूरा किया। यह उनके अंतरराष्ट्रीय करियर का तीसरा अर्धशतक रहा। ईशान ने 11वें ओवर में स्पिनर केशव महाराज की गेंद पर छक्के के साथ अर्धशतक पूरा किया। इसकी अगली ही गेंद पर उन्होंने दोबारा बड़ा शॉट लगाना चाहा, लेकिन गेंद डीप मिड विकेट तक गई और तीन फील्डर्स के बीच में गिरी। ऐसे में उन्हें जीवनदान मिला। श्रेयस अय्यर 13 गेंदों पर 26 रन बनाकर बल्लेबाजी कर रहे हैं। दोनों के बीच दूसरे विकेट के लिए 50 से ज्यादा रन की साझेदारी हो चुकी है।
10 ओवर के बाद भारत ने एक विकेट गंवाकर 102 रन बना लिए हैं। ईशान किशन अर्धशतक के करीब हैं। उन्होंने 35 गेंदों पर 45 रन बना लिए हैं। वहीं, श्रेयस अय्यर 10 गेंदों पर 24 रन बनाकर क्रीज पर हैं। दोनों के बीच तीसरे विकेट के लिए 22 गेंदों पर 45 रन की नाबाद साझेदारी हो चुकी है। 10वें ओवर में स्पिनर तबरेज शम्सी की गेंद पर श्रेयस ने दो छक्के लगाए। उन्होंने ओवर की पहली और तीसरी गेंद पर छक्का लगाया।
भारत को सातवें ओवर में 57 के स्कोर पर पहला झटका लगा। ईशान किशन और ऋतुराज गायकवाड़ ने टीम इंडिया को अच्छी शुरुआत दिलाई। तेज गेंदबाज वेन पार्नेल ने 57 रन की साझेदारी को तोड़ा और उन्होंने ऋतुराज को पवेलियन भेजा। ऋतुराज 15 गेंदों पर तीन छक्के की मदद से 23 रन बना सके। फिलहाल ईशान किशन 26 गेंदों पर 31 रन और श्रेयस अय्यर एक रन बनाकर क्रीज पर हैं। सात ओवर के बाद भारत का स्कोर एक विकेट पर 63 रन है।
पांच ओवर के बाद भारत ने बिना कोई विकेट गंवाए 36 रन बना लिए हैं। फिलहाल ईशान किशन 18 रन और ऋतुराज गायकवाड़ 11 रन बनाकर क्रीज पर हैं।
तीन ओवर के बाद टीम इंडिया ने बिना कोई विकेट गंवाए 24 रन बना लिए हैं। फिलहाल ऋतुराज गायकवाड़ नौ गेंदों पर नौ रन और ईशान किशन भी नौ गेंदों पर नौ रन बनाकर क्रीज पर हैं। ऋतुराज ने तीसरे ओवर में एनरिक नॉर्त्जे की गेंद पर फाइन लेग के ऊपर से शानदार छक्का लगाया। यह मैच का पहला छक्का रहा।
भारत की ओर से ईशान किशन और ऋतुराज गायकवाड़ ओपनिंग के लिए उतरे हैं। वहीं, दक्षिण अफ्रीका की ओर से स्पिनर केशव महाराज ने पहले ओवर में गेंदबाजी की। दूसरी ही गेंद पर जबरदस्त टर्न देखने को मिला। हालांकि, इसके बाद ईशान ने दो चौके लगाए। एक ओवर के बाद भारत का स्कोर बिना कोई विकेट गंवाए 13 रन है। ऋतुराज शून्य और ईशान आठ रन बनाकर क्रीज पर हैं।
भारत: ईशान किशन, ऋतुराज गायकवाड़, श्रेयस अय्यर, ऋषभ पंत (विकेटकीपर/कप्तान), हार्दिक पांड्या, दिनेश कार्तिक, अक्षर पटेल, हर्षल पटेल, भुवनेश्वर कुमार, युजवेंद्र चहल, आवेश खान।
दक्षिण अफ्रीका: क्विंटन डिकॉक (विकेटकीपर), तेम्बा बावुमा (कप्तान), रसी वान डर डुसेन, डेविड मिलर, ट्रिस्टियन स्टब्स, वेन पार्नेल, ड्वेन प्रीटोरियस, केशव महाराज, तबरेज शम्सी, कगिसो रबाडा, एनरिक नॉर्त्जे
दक्षिण अफ्रीका ने भारत के खिलाफ पहले टी-20 में टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला लिया है। ऋषभ पंत का बतौर भारतीय कप्तान यह पहला अंतरराष्ट्रीय मैच है और वह अपने पहले ही मैच में टॉस हार गए। पंत टी-20 में भारत के आठवें कप्तान हैं। उनसे पहले वीरेंद्र सहवाग, एमएस धोनी, सुरेश रैना, अजिंक्य रहाणे, विराट कोहली, रोहित शर्मा और शिखर धवन टी-20 अंतरराष्ट्रीय में भारत की कप्तानी कर चुके हैं।
नई दिल्ली के अरुण जेटली स्टेडियम (फिरोजशाह कोटला) की पिच आमतौर पर धीमी होती है। हालांकि, यहां की बाउंड्रीज बड़ी नहीं हैं और आउटफील्ड अक्सर तेज रहती है। इसलिए पहले बल्लेबाजी करने वाली टीम के लिए 170 या इससे ज्यादा का टोटल ही लड़ने लायक साबित होता है। 170 या इससे ज्यादा का टोटल ही चेज करने वाली टीम को चुनौती दे सकती है। स्पिनर यहां की धीमी पिच का सही उपयोग कर सकते हैं। दिल्ली का तापमान उच्चतम 43 डिग्री और न्यूनतम 31 डिग्री के आसपास रह सकता है। बारिश होने की कोई संभावना नहीं है।
अरुण जेटली स्टेडियम में करीब ढाई साल बाद कोई अंतरराष्ट्रीय मैच खेला जाएगा। इस मैदान पर पिछला अंतरराष्ट्रीय मैच नवंबर 2019 में खेला गया था। उस मैच में भारत और बांग्लादेश की टीमें आमने-सामने थीं। इस मैच में टीम इंडिया को बांग्लादेश से सात विकेट से हार का सामना करना पड़ा था। भारत ने अरुण जेटली स्टेडियम में दो टी-20 खेले हैं। इसमें से एक में टीम को हार मिली और एक में जीत मिली है। न्यूजीलैंड के खिलाफ नवंबर 2017 में खेले गए टी-20 मैच में टीम इंडिया ने जीत हासिल की थी।
ऋषभ पंत पहली बार टीम की कप्तानी संभालेंगे। विराट कोहली के बाद उन्हें टीम का कप्तान बनाए जाने की वकालत की गई थी, लेकिन राहुल को तरजीह दी गई। अब राहुल के चोटिल होने से कमान उनके पास आ गई है। पंत को आईपीएल में कप्तानी का अनुभव है। उन्होंने दिल्ली कैपिटल्स के लिए दो सत्रों में कप्तानी की है। ऐसे में अब यह सीरीज उनकी कप्तानी और प्रदर्शन की भी परीक्षा लेगी।
टीम इंडिया की निगाह यह मैच जीतकर लगातार 13वां टी20 मुकाबला अपने नाम करने पर होगी जो कि विश्व कीर्तिमान होगा। भारत ने टी-20 क्रिकेट में अब तक लगातार 12 जीत हासिल की हैं। इस दौरान टीम इंडिया ने पिछले साल टी-20 विश्व कप में अफगानिस्तान, आयरलैंड और नामीबिया को हराया था। फिर न्यूजीलैंड, वेस्टइंडीज और श्रीलंका के खिलाफ घरेलू सीरीज में 3-0 से जीत हासिल की।
भारत और दक्षिण अफ्रीका की टीम अब तक कुल 15 बार टी-20 में आमने-सामने आ चुकी है। इसमें नौ मैच भारत ने और छह मैच दक्षिण अफ्रीका ने जीते हैं। भारतीय जमीन पर दोनों टीम चार मैचों में भिड़ चुकी हैं। इसमें टीम इंडिया ने सिर्फ एक मैच जीता है। वहीं, दक्षिण अफ्रीका की टीम ने तीन मैचों में जीत हासिल की।
भारतीय टीम करीब ढाई महीने बाद अंतरराष्ट्रीय मैच खेलेगी। टीम इंडिया ने अपना पिछला अंतरराष्ट्रीय मैच 16 मार्च को श्रीलंका के खिलाफ खेला था। इसके बाद भारत और दुनिया भर के खिलाड़ी आईपीएल में व्यस्त हो गए थे।
नमस्कार! अमर उजाला के लाइव ब्लॉग में आपका स्वागत है। भारत और दक्षिण अफ्रीका के बीच आज पांच मैचों की टी-20 सीरीज का पहला मुकाबला खेला जाएगा। यह मैच दिल्ली के अरुण जेटली स्टेडियम में खेला जाएगा। थोड़ी देर में टॉस होगा, वहीं पहली गेंद शाम सात बजे फेंकी जाएगी।