महान क्रिकेटर सुनील गावस्कर को लगता है कि चेतेश्वर पुजारा और अजिंक्य रहाणे उस भरोसे पर खरे उतरे जो उन पर दिखाया गया था और साथ ही उन्होंने कहा कि युवा प्रतिभाओं से उत्साहित हो जाना आसान होता है लेकिन टीम को अपने सीनियर खिलाड़ियों पर तब तक भरोसा दिखाना जारी रखना चाहिए जब तक वे ‘खराब तरीके से आउट नहीं होने लगें।’
लगातार खराब प्रदर्शन के बाद आलोचनाओं से घिरे पुजारा और रहाणे ने बल्ले से अच्छा खेल दिखाया और दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ दूसरे टेस्ट में भारत की दूसरी पारी में अर्द्धशतक बनाए। गावस्कर ने कहा, ‘वे अनुभवी हैं और उन्होंने टीम के लिए बीते समय में जो कुछ किया है, उससे टीम ने उनका समर्थन किया। उन्हें खुद पर भरोसा था कि वे अच्छा करेंगे और उन्होंने ऐसा किया भी।’
दक्षिण अफ्रीका ने जोहानिसबर्ग के वांडरर्स में खेले गए दूसरे टेस्ट में भारत को सात विकेट से हरा दिया। भारतीय टीम ने 240 रन का लक्ष्य रखा था, जिसे दक्षिण अफ्रीकी टीम ने तीन विकेट के नुकसान पर हासिल कर लिया। इस जीत के साथ दक्षिण अफ्रीकी टीम ने वांडरर्स में इतिहास रच दिया है। उन्होंने इस मैदान पर अपना सबसे बड़ा लक्ष्य हासिल किया। इसस पहले दक्षिण अफ्रीकी टीम ने 2005/06 में न्यूजीलैंड के खिलाफ 217 रन चेज किए थे।
भारत ने पहली पारी में 202 रन बनाए थे। वहीं, दक्षिण अफ्रीका ने पहली पारी में 229 रन बनाए। भारत ने दूसरी पारी में 266 रन बनाए और इस तरह दक्षिण अफ्रीका के सामने 240 रन का लक्ष्य रखा। इसका पीछा करते हुए अफ्रीकी कप्तान डीन एल्गर ने नाबाद 96 रन की जबरदस्त पारी खेली और टीम को जीत दिलाई। उन्हीं के बल्ले से विनिंग रन निकला। इसके अलावा डुसेन ने 40 रन बनाए। दक्षिण अफ्रीका ने 2022 की शुरुआत जीत के साथ की। वहीं, भारतीय टीम के लिए 2022 की शुरुआत खराब रही। उन्हें पहले ही मैच में हार का सामना करना पड़ा।