डुआने ओलिवर को राष्ट्रीय टीम में वापसी की कोई उम्मीद नहीं थी, लेकिन दक्षिण अफ्रीका की टेस्ट टीम में शामिल किए जाने के बाद यह तेज गेंदबाज विराट कोहली जैसे विश्व स्तरीय खिलाड़ी से मिलने वाली चुनौती के लिए पूरी तरह तैयार है।
29 साल के घातक गेंदबाज हैं ओलिवर
29 साल के ओलिवर ने 2017 में डेब्यू किया था और 10 टेस्ट मैचों में 48 विकेट झटक लिए थे। हालांकि, इसके बाद उन्होंने ‘कोलपैक’ रास्ता (जिसके अंतर्गत खिलाड़ियों को ब्रिटेन में काउंटी क्रिकेट खेलने की अनुमति दी जाती है क्योंकि वह तब यूरोपीय संघ का हिस्सा था) अपनाकर यार्कशायर का प्रतिनिधित्व किया।
इंग्लैंड के लिए खेलना चाहते थे ओलिवर
ओलिवर को उम्मीद थी कि वह एक दिन इंग्लैंड के लिए खेल सकेंगे, लेकिन ब्रिटेन के यूरोपीय संघ छोड़ने के साथ ही ओलिवर की उम्मीद भी टूट गई और वह अपने जन्मस्थल वापस लौट आए। वह घरेलू क्रिकेट खेल रहे थे और उन्हें रविवार से भारत के खिलाफ शुरू हो रहे तीन टेस्ट के लिए दक्षिण अफ्रीका की टीम में शामिल कर लिया गया।
विराट को गेंदबाजी करना चुनौतीपूर्ण होगा
ओलिवर ने क्रिकेट दक्षिण अफ्रीका की मीडिया विंग से कहा- यह विश्व स्तरीय खिलाड़ियों के खिलाफ मेरे करियर की सबसे बड़ी सीरीज होगी और यह रोमांचक चुनौती है। मुझे विराट कोहली को गेंदबाजी करनी होगी। यह मुश्किल होगा लेकिन यह रोमांचक भी होगा। शायद मैं विश्व क्रिकेट के शीर्ष चार बल्लेबाजों में से एक को गेंदबाजी करूंगा।
घरेलू परिस्थितियों का अफ्रीकी टीम को होगा फायदा
उन्होंने कहा- मेरे लिए यह मौका होगा कि हम उन्हें बता सकें कि हम यहां प्रतिस्पर्धा करने के लिए। मेरे लिए पहला झटका देकर शुरुआत करना बहुत महत्वपूर्ण है। ओलिवर का मानना है कि दक्षिण अफ्रीका अपनी परिस्थितियों का फायदा उठा सकता है, हालांकि बाक्सिंग डे के दिन सुपरस्पोर्ट पार्क पर इस समय दिख रही घास नहीं होगी।
उन्होंने कहा- हमें परिस्थितियों का फायदा उठाना होगा। यह सीम ले सकती है और उछाल भी ले सकती है। मैं मानता हूं कि कुछ घास काट दी जायेगी। बारिश की भी भविष्यवाणी है, यह तैयारियों के लिए आदर्श नहीं है।