दक्षिण अफ्रीका के युवा तेज गेंदबाज मार्को जेनसेन ने पिछले दिनों भारतीय पेसर जसप्रीत बुमराह से हुई नोकझोंक पर पहली बार प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने कहा कि जब आप मैदान में होते हैं तो गर्मागर्मी हो जाती है।
दक्षिण अफ्रीका के युवा तेज गेंदबाज मार्को जेनसेन ने पिछले दिनों भारतीय पेसर जसप्रीत बुमराह से हुई नोकझोंक पर पहली बार प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने कहा कि जब आप मैदान में होते हैं तो गर्मागर्मी हो जाती है। सेंचुरियन में पहले टेस्ट में डेब्यू करने वाले जेनसेन और बुमराह के बीच जोहान्सबर्ग के वांडरर्स में बीच मैदान जुबानी जंग देखने को मिली थी। इस दौरान अंपायर को भी इसमें दखल देना पड़ा था।
विज्ञापन
दरअसल दूसरे टेस्ट में भारत की दूसरी पारी के 55वें ओवर में बुमराह बल्लेबाजी कर रहे थे और जेनसेन गेंदबाजी छोर पर थे। इस दौरान जेनसेन लगातार शॉट गेंदों और बाउंसर से बुमराह के हाथों और शरीर को निशाना बनाने की कोशिश करते दिखे। इसी बीच बुमराह ने अफ्रीकी गेंदबाज को कुछ जिसके बाद दोनों के बीच तीखी बहस देखने को मिली। इसे देखते हुए अंपायर को भी बीच बचाव करने के लिए आना पड़ा था।
जेनसेन ने क्रिकेट साउथ अफ्रीका के ट्विटर हैंडल पर शेयर हुए एक वीडियो में इस पूरे मामले पर कहा, "मैंने आईपीएल में बुमराह के साथ खेला है और हम अच्छे दोस्त हैं। आप जब अपने देश के लिए खेलते हैं तो झुकना नहीं चाहते हैं और ऐसे में कभी-कभी मैदान पर माहौल गर्म हो जाता है। उन्होंने स्पष्ट रूप से ऐसा ही किया और कोई कठोर भावना नहीं है क्योंकि यह उस समय की जोश में हुआ था, क्योंकि वहां दो ऐसे खिलाड़ी थे जो अपने देश के लिए अपना सब कुछ दे रहे थे।"
विज्ञापन
अपनी पहली टेस्ट सीरीज में 19 विकेट चटकाने वाले जेनसेन अब भारत के खिलाफ बुधवार से पार्ल में शुरू होने वाली तीन मैचों की वनडे सीरीज में नजर आएंगे। उन्होंने सीरीज को लेकर कहा कि वह कोई भी ढिलाई नहं बरतेंगे और अपना श्रेष्ठ देने की कोशिश करेंगे।