भारत के खिलाफ तीसरे वनडे में दक्षिण अफ्रीकी ओपनर क्विंटन डिकॉक ने बेहतरीन शतक जड़ा। उन्होंने 130 गेंदों पर 124 रनों की पारी खेली। इस पारी में डिकॉक ने 12 चौके और दो छक्के लगाए। यह उनके वनडे करियर का 17वां शतक रहा। 2015 के बाद वनडे में यह भारत के खिलाफ डिकॉक का पहला शतक था।
डिकॉक ने गिलक्रिस्ट का रिकॉर्ड तोड़ा
इस पारी के साथ ही डिकॉक ने कई रिकॉर्ड बना डाले। डिकॉक ने वनडे में बतौर विकेटकीपर बल्लेबाज ओपनिंग करते हुए सबसे ज्यादा शतक (17) बनाने का रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया। इससे पहले यह रिकॉर्ड ऑस्ट्रेलिया के विकेटकीपर बल्लेबाज एडम गिलक्रिस्ट के नाम था। उन्होंने 16 शतक लगाए थे।
बतौर विकेटकीपर बल्लेबाज वनडे में सबसे ज्यादा शतक
- 23: कुमार संगाकारा
- 17: क्विंटन डिकॉक
- 16: एडम गिलक्रिस्ट
- 10: एबी डीविलियर्स
- 10: शाई होप
- 10: एमएस धोनी
डिकॉक के शतक लगाने पर उनकी पत्नी साशा ने सोशल मीडिया पर पोस्ट किया। डिकॉक हाल ही में पिता बने हैं। साशा ने शतक लगाने पर बधाई दी।
भारत के खिलाफ हजार रन पूरे
इसी के साथ डिकॉक ने भारत के खिलाफ वनडे में हजार रन भी पूरे कर लिए। उन्होंने टीम इंडिया के खिलाफ 16 मैच की 16 पारियों में 1013 रन बनाए हैं। इसमें छह शतक और दो अर्धशतक शामिल है। डिकॉक ने भारत के खिलाफ सबसे तेज हजार पूरे करने का रिकॉर्ड भी संयुक्त रूप से अपने नाम कर लिया है। उन्होंने और ऑस्ट्रेलिया के स्टीव स्मिथ ने संयुक्त रूप से 16-16 पारियों में ऐसा किया है। वहीं, दूसरे नंबर पर दक्षिण अफ्रीका के गैरी कर्स्टन (19 पारी) और तीसरे नंबर पर ऑस्ट्रेलिया के मैथ्यू हेडन (20 पारी) हैं।
भारत के खिलाफ वनडे में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले दक्षिण अफ्रीकी बल्लेबाज
- जैक कैलिस: 1535
- गैरी कर्स्टन: 1377
- एबी डीविलियर्स: 1357
- हर्शल गिब्स: 1064
- क्विंटन डिकॉक: 1013
डिकॉक ने तेंदुलकर-सहवाग को पीछे छोड़ा
डिकॉक ने साथ ही भारत के पूर्व महान बल्लेबाज सचिन तेंदुलकर को भी पीछे छोड़ दिया। भारत और दक्षिण अफ्रीका के बीच वनडे सीरीज में सचिन ने कुल पांच शतक लगाए। वहीं, डिकॉक के नाम अब छह शतक हैं। इसके अलावा दक्षिण अफ्रीकी विकेटकीपर बल्लेबाज ने वीरेंद्र सहवाग को भी पीछे छोड़ दिया। सहवाग के नाम किसी भी देश के खिलाफ सबसे तेज छह शतक लगाने का रिकॉर्ड था। सहवाग ने न्यूजीलैंड के खिलाफ 23 पारियों में छह शतक लगाए थे, जबकि डिकॉक ने भारत के खिलाफ 16 पारियों में ऐसा किया।
भारतीय कप्तान राहुल डिकॉक को उनकी शानदार पारी के लिए बधाई देते हुए।
बतौर विकेटकीपर दूसर सबसे ज्यादा शतक
डिकॉक बतौर विकेटकीपर वनडे में सबसे ज्यादा शतक लगाने के मामले में दूसरे नंबर पर पहुंच गए हैं। उनसे ऊपर सिर्फ श्रीलंका के कुमार संगाकारा हैं। संगाकारा ने वनडे में जिन मैचों में विकेटकीपिंग की, उनमें 23 शतक लगाए हैं। वहीं, दूसरे नंबर पर 17 शतक के साथ डिकॉक और तीसरे नंबर पर 16 शतक के साथ गिलक्रिस्ट हैं।
भारत के खिलाफ पांचवां सबसे ज्यादा रन
बतौर दक्षिण अफ्रीकी बल्लेबाज भारत के खिलाफ सबसे ज्यादा रन बनाने के मामले में वह पांचवें स्थान पर हैं। इस लिस्ट में सबसे ऊपर जैक कैलिस हैं। उन्होंने भारत के खिलाफ 37 मैचों में 61.40 की औसत से 1535 रन बनाए थे। इसमें दो शतक और 11 अर्धशतक शामिल है। दूसरे नंबर पर 1377 रन के साथ गैरी कर्स्टन हैं। ओवरऑल भारत के खिलाफ वनडे में सबसे ज्यादा रन बनाने का रिकॉर्ड श्रीलंका के सनथ जयसूर्या के नाम है। उन्होंने 85 मैच में 36.23 की औसत से 2899 रन बनाए थे।
भारत के खिलाफ सबसे ज्यादा शतक लगाने वाले बल्लेबाज
- सनथ जयसूर्या: 7
- रिकी पोंटिंग/एबी डीविलियर्स/क्विंटन डिकॉक: 6
- नाथन एस्टल/सलमान बट/स्टीव स्मिथ: 5
भारत के खिलाफ दूसरा सबसे ज्यादा शतक
भारत के खिलाफ वनडे में सबसे ज्यादा शतक बनाने के मामले में डिकॉक संयुक्त रूप से दूसरे नंबर पर हैं। लिस्ट में सबसे ऊपर सात शतक के साथ जयसूर्या हैं। वहीं, दूसरे नंबर पर छह शतक के साथ डिकॉक के अलावा ऑस्ट्रेलिया के रिकी पोंटिंग, दक्षिण अफ्रीका के एबी डीविलियर्स और संगाकारा हैं। तीसरे नंबर पर पांच शतक के साथ संयुक्त रूप से तीन खिलाड़ी हैं। इसमें न्यूजीलैंड के नाथ एस्टल, पाकिस्तान के सलमान बट और ऑस्ट्रेलिया के स्टीव स्मिथ हैं।