अभ्यास के दौरान विराट कोहली और हेड कोच राहुल द्रविड़
- फोटो : सोशल मीडिया
भारतीय क्रिकेट टीम ने दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ न्यूलैंड्स में होने वाले तीसरे टेस्ट के लिए तैयारियां शुरू कर दी हैं। कप्तान विराट कोहली ने भी नेट पर कड़ा अभ्यास किया। वांडरर्स में हुए दूसरे टेस्ट में वह पीठ में खिंचाव के चलते नहीं खेल पाए थे। उनके अभ्यास को देखते हुए तीसरे टेस्ट में उनकी वापसी तय है। विराट पूर्व महान बल्लेबाज और मौजूदा हेड कोच राहुल द्रविड़ के रिकॉर्ड के तोड़ने के करीब हैं।
कोहली ने अभी तक दक्षिण अफ्रीका में 6 मैच खेले हैं जिसमें उन्होंने 50.91 की औसत से 611 रन बनाए हैं। वह अफ्रीकी धरती पर सबसे ज्यादा रन बनाने वाले भारतीय बल्लेबाजों में सचिन तेंदुलकर (1161) और राहुल द्रविड़ (624) के बाद तीसरे स्थान पर हैं। अगर वह 14 रन और बनाते हैं तो द्रविड़ को पीछे छोड़ देंगे। कोहली नए वर्ष में फॉर्म हासिल करना चाहेंगे। पिछले दो वर्षों से उन्हें शतक का इंतजार है।
तीन मैचों की सीरीज 1-1 से बराबरी पर चल रही है। भारतीय टीम की निगाह तीस वर्ष में पहली बार दक्षिण अफ्रीका में सीरीज जीत पर हैं। भारतीय टीम शनिवार को केपटाउन पहुंची थी। बीसीसीआई ने भारतीय टीम की तैयारियों पर तस्वीर साझा करते हुए ट्वीट किया, हम यहां खूबसूरत केपटाउन में हैं, भारतीय टीम ने तीसरे टेस्ट की तैयारी शुरू कर दी है।
विराट की अंतिम एकादश में वापसी से हनुमा विहारी को बाहर बैठना पड़ सकता है। तेज गेंदबाजी में चोटिल मोहम्मद सिराज की जगह अनुभवी इशांत शर्मा को लिया जा सकता है।