भारतीय टीम मंगलवार (चार सितंबर) को तीन टी20 मैचों की सीरीज में दक्षिण अफ्रीका का सफाया करने उतरेगी। यह सीरीज का तीसरा और आखिरी मुकाबला होगा। भारतीय टीम ने पिछले दो मैचों में जीत हासिल की थी। वह सीरीज में फिलहाल 2-0 से आगे है। इंदौर के होल्कर क्रिकेट स्टेडियम में दोनों टीमें पहली बार आमने-सामने होंगी।
इंदौर में मैच से पहले भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) ने इंस्टाग्राम पर एक छोटा वीडियो शेयर किया है। इसमें टीम इंडिया के गुवाहाटी से इंदौर तक के यात्रा को दिखाया गया है। वीडियो में सबसे पहले दीपक चाहर दिखते हैं। उनके अलावा रोहित शर्मा, हर्षल पटेल, दिनेश कार्तिक, सूर्यकुमार यादव सहित कई खिलाड़ी दिखाई दे रहे हैं।
होल्कर में जीत की हैट्रिक पर टीम इंडिया की नजर
रोहित शर्मा की कप्तानी में टीम इंडिया होल्कर स्टेडियम में जीत की हैट्रिक लगाने उतरेगी। इस मैदान पर टीम इंडिया के रिकॉर्ड को देखें तो अब तक यहां दो टी20 मैच खेले गए हैं। इस दौरान भारत ने दोनों अपने नाम किए। उसने 22 दिसंबर 2017 को श्रीलंका के खिलाफ 88 रनों से बड़ी जीत हासिल की थी। उसके बाद सात जनवरी 2020 को यहां श्रीलंका के खिलाफ ही सात विकेट से मैच को अपने नाम किया था। भारत और दक्षिण अफ्रीका की टीमें पहली बार इस मैदान पर आमने-सामने होंगी।
संभावित प्लेइंग-11
भारत: रोहित शर्मा (कप्तान), ऋषभ पंत (विकेटकीपर), श्रेयस अय्यर, सूर्यकुमार यादव, अक्षर पटेल, दिनेश कार्तिक, शाहबाज अहमद, हर्षल पटेल, दीपक चाहर, आर अश्विन, अर्शदीप सिंह।
दक्षिण अफ्रीका: तेम्बा बावुमा (कप्तान), क्विंटन डिकॉक (विकेटकीपर), राइली रूसो/रीजा हेंड्रिक्स, एडेन मार्कराम, डेविड मिलर, ट्रिस्टन स्टब्स, वेन पार्नेल, केशव महाराज, कगिसो रबाडा, एनरिक नॉर्त्जे, लुंगी एनगिडी।