भारतीय टेस्ट टीम इन दिनों दक्षिण अफ्रीका में दूसरे टेस्ट मैच की तैयारियों में जुटी हुई है। विराट कोहली की अगुवाई में टीम इंडिया पहला टेस्ट मैच जीतकर तीन मैचों की सीरीज में 1-0 से आगे है। उधर भारतीय चयनकर्ता अपने फैसलों को लेकर लगातार चर्चा में बने हुए हैं।
भारतीय टेस्ट टीम इन दिनों दक्षिण अफ्रीका में दूसरे टेस्ट मैच की तैयारियों में जुटी हुई है। विराट कोहली की अगुवाई में टीम इंडिया पहला टेस्ट मैच जीतकर तीन मैचों की सीरीज में 1-0 से आगे है। उधर भारतीय चयनकर्ता अपने फैसलों को लेकर लगातार चर्चा में बने हुए हैं। मुख्य चयनकर्ता चेतन शर्मा दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ इसी महीने की 19 तारीख से शुरू होने वाली एकदिवसीय श्रृंखला के लिए भारतीय स्क्वॉड का एलान कर चुके हैं, जिसमें चोटिल रोहित शर्मा की जगह केएल राहुल को कप्तान बनाया गया है जबकि जसप्रीत बुमराह को उपकप्तानी मिली है।
विज्ञापन
चेतन शर्मा की अगुवाई वाली चयन समिति के इस फैसले पर कई पूर्व क्रिकेटर हैरान हैं और इसपर अपनी प्रतिक्रिया दे रहे हैं। पूर्व क्रिकेटर व चयनकर्ता सबा करीम ने बुमराह को इतनी बड़ी जिम्मेदारी दिए जाने पर हैरानी जताते हुए कहा कि ऋषभ पंत इसके लिए सबसे उपयुक्त विकल्प थे।
पूर्व राष्ट्रीय चयनकर्ता और विकेटकीपर बल्लेबाज सबा करीम ने कहा, 'मैं बेहद हैरान था कि जसप्रीत बुमराह को कैसे उपकप्तान बनाया गया है। मैं ऋषभ पंत को उपकप्तान बनाए जाने उम्मीद कर रहा था, क्योंकि वह भी तीनों प्रारूप में भारत का प्रतिनिधित्व करते हैं। दिल्ली कैपिटल्स के कप्तान के रूप में भी पंत का प्रदर्शन बहुत अच्छा रहा है। उनमें खेल के प्रति काफी जागरूकता है।'
विज्ञापन
सबा ने हालांकि बुमराह की तारीफ की लेकिन उनकी कप्तानी पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि जसप्रीत बुमराह एक शानदार खिलाड़ी हैं लेकिन कप्तानी में उनके पास अनुभव नहीं है।
भारतीय टीम के चयन को लेकर काफी चर्चा थी और ऐसा कहा जा रहा था कि रोहित की गैरमौजूदगी में राहुल को कप्तान और ऋषभ पंत या श्रेयस अय्यर को उपकप्तान बनाया जा सकता है, लेकिन चेतन शर्मा की अगुवाई वाली चयन समिति ने बुमराह को उपकप्तान की जिम्मेदारी सौंपी है।