दक्षिण अफ्रीका के अनुभवी बल्लेबाज डेविड मिलर का बल्ला भारत के खिलाफ एक बार फिर चला। मिलर ने अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में टी20 विश्व कप के सुपर आठ मुकाबले के दौरान अर्धशतक लगाया। मिलर ने 35 गेंदों पर सात चौकों और तीन छक्कों की मदद से 63 रन बनाकर आउट हुए। यह टी20 विश्व कप में भारत के विरुद्ध मिलर का दूसरा पचासा रहा।
भारत के खिलाफ मिलर का रिकॉर्ड
डेविड मिलर ने भारत के खिलाफ टी20 विश्व कप 2012 में 12 गेंदों का सामना करते हुए नाबाद 23 रन बनाए थे। इसके बाद साल 2022 में उन्होंने 46 गेंदों में 59* रन बनाए। डेविड मिलर ने टी20 विश्व कप 2024 के फाइनल मुकाबले में टीम इंडिया के खिलाफ 17 गेंदों में 21 रन की पारी खेली थी। यानी मिलर टी20 विश्व कप में टीम इंडिया के खिलाफ चार पारियों में 166 रन बना चुके हैं।
दक्षिण अफ्रीका ने दिया 188 रनों का लक्ष्य
इस मुकाबले में टॉस जीतकर बल्लेबाजी चुनते हुए दक्षिण अफ्रीका ने 20 ओवर में सात विकेट खोकर 187 रन बनाए। इस टीम ने 20 के स्कोर तक अपने तीन विकेट गंवा दिए थे। यहां से डेवाल्ड ब्रेविस ने डेविड मिलर के साथ चौथे विकेट के लिए 50 गेंदों में 97 रन की साझेदारी करते हुए टीम को 117 के स्कोर तक पहुंचाया। ब्रेविस 29 गेंदों में तीन छक्के और इतने ही चौकों की मदद से 45 रन बनाकर आउट हुए, जिसके बाद ट्रिस्टन स्टब्स ने डेविड मिलर के साथ 20 गेंदों में 35 रन जुटाकर टीम को चुनौतीपूर्ण स्कोर तक पहुंचाया।
मिलर के आउट होने के बाद स्टब्स ने 24 गेंदों में तीन छक्कों और एक चौके के साथ 44 रन की नाबाद पारी खेलते हुए टीम को चुनौतीपूर्ण स्कोर तक पहुंचा दिया। भारत की तरफ से जसप्रीत बुमराह ने सर्वाधिक तीन विकेट निकाले, जबकि अर्शदीप सिंह के हाथ दो विकेट लगे। वरुण चक्रवर्ती और शिवम दुबे ने एक-एक विकेट अपने नाम किए।