दक्षिण अफ्रीका ने भारत को केपटाउन में खेले गए आखिरी वनडे में चार रन से हरा दिया। दक्षिण अफ्रीका ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 49.5 ओवर में 287 रन बनाए थे। जवाब में टीम इंडिया 49.2 ओवर में 283 रन बनाकर ऑलआउट हो गई। दक्षिण अफ्रीका ने इसी के साथ भारत को तीन मैचों की वनडे सीरीज में 3-0 से क्लीन स्वीप कर दिया।
एक वक्त टीम इंडिया ने 223 रन पर सात विकेट गंवा दिए थे। उसके बाद दीपक चाहर ने 34 गेंदों पर 54 रन की पारी खेली और भारतीय टीम को मैच में वापस लाए। उन्होंने जसप्रीत बुमराह के साथ 55 रन की साझेदारी निभाई। 278 रन पर उनका विकेट गिरा और टीम इंडिया की उम्मीद भी खत्म हो गई। भारत की ओर से दीपक के अलावा शिखर धवन ने 61 रन और विराट कोहली ने 65 रन की पारी खेली।
केएल राहुल की कप्तानी में लगातार चौथी हार
केएल राहुल की कप्तानी टीम इंडिया की यह लगातार चौथी हार है। इन तीन वनडे से पहले राहुल ने जोहानिसबर्ग में हुए दूसरे टेस्ट में भी कप्तानी की थी और उसमें भी हार का सामना करना पड़ा था। दक्षिण अफ्रीकी दौरे पर यह भारतीय टीम की यह छह मैचों में लगातार पांचवीं हार है। पहले टेस्ट में जीतने के बाद टीम इंडिया को अगले पांचों मुकाबले में हार ही मिली है।
राहुल का बतौर कप्तान डेब्यू सीरीज में खराब रिकॉर्ड
इसी के साथ केएल राहुल पहले ऐसे कप्तान बन गए हैं, जिन्होंने अपनी कप्तानी में पहले तीन वनडे मैच गंवाए हैं। यह बतौर कप्तान उनकी डेब्यू सीरीज थी और उन्होंने सभी तीनों मैच गंवा दिए। यह कुल पांचवीं बार है जब तीन या इससे ज्यादा मैचों की वनडे सीरीज में भारत टीम क्लीन स्वीप हुई है।
भारत और दक्षिण अफ्रीका के बीच आंकड़े
दोनों टीमों के बीच अब तक कुल 87 वनडे खेले गए हैं। इसमें से दक्षिण अफ्रीका ने 49 मुकाबले जीते हैं। वहीं, भारत को सिर्फ 35 मैच में जीत मिली है। तीन मुकाबलों को कोई नतीजा नहीं निकला। इस सीरीज को मिलाकर दोनों टीमों के बीच कुल 14 वनडे सीरीज खेली गई हैं। इसमें से दक्षिण अफ्रीका ने छह सीरीज जीती हैं। वहीं, आठ सीरीज पर भारत का कब्जा रहा है।
भारत ने दक्षिण अफ्रीका के मैदान पर इस सीरीज को मिलाकर छह वनडे सीरीज खेली हैं। इसमें से चार सीरीज दक्षिण अफ्रीका ने जीते हैं, जबकि भारत का एक सीरीज पर कब्जा रहा। टीम इंडिया ने 2018 में दक्षिण अफ्रीका को 5-1 से हराया था।
वनडे में चार रन से जीत दक्षिण अफ्रीका की भारत के खिलाफ सबसे कम रन से जीत है। इससे पहले अफ्रीकी टीम ने 2015 में भारत को कानपुर में पांच रन से हराया था।
सीरीज में पहली बार ऑलआउट हुई दक्षिण अफ्रीकी टीम
टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करते हुए दक्षिण अफ्रीका ने भारत के सामने 288 रन का लक्ष्य रखा था। अफ्रीकी टीम की पहली पारी एक गेंद रहते 287 रनों पर सिमट गई। इस सीरीज में पहली बार दक्षिण अफ्रीकी ऑल आउट हुई। दक्षिण अफ्रीका के लिए इस मैच में क्विंटन डिकॉक ने सबसे ज्यादा 124 रन बनाए। इस पारी में डिकॉक ने 12 चौके और दो छक्के लगाए। यह उनके वनडे करियर का 17वां शतक रहा। 2015 के बाद वनडे में यह भारत के खिलाफ डिकॉक का पहला शतक था।
डिकॉक ने शतकीय पारी में कई रिकॉर्ड बनाए
डिकॉक ने भारत के खिलाफ वनडे में हजार रन भी पूरे कर लिए। उन्होंने टीम इंडिया के खिलाफ 16 मैच की 16 पारियों में 1013 रन बनाए हैं। इसमें छह शतक और दो अर्धशतक शामिल है। डिकॉक ने भारत के खिलाफ सबसे तेज हजार पूरे करने का रिकॉर्ड भी संयुक्त रूप से अपने नाम कर लिया है। उन्होंने और ऑस्ट्रेलिया के स्टीव स्मिथ ने संयुक्त रूप से 16-16 पारियों में ऐसा किया है। वहीं, दूसरे नंबर पर दक्षिण अफ्रीका के गैरी कर्स्टन (19 पारी) और तीसरे नंबर पर ऑस्ट्रेलिया के मैथ्यू हेडन (20 पारी) हैं।
डुसेन ने 52 रन और मिलर ने 39 रन की पारी खेली
डिकॉक के अलावा रसी वान डर डुसेन ने 52 और मिलर ने 39 रन की पारी खेली। इसके अलावा यानेमन मलान (1), कप्तान तेम्बा बावुमा (8), एडेन मार्करम (15), आंदिले फेहलुकवायो (4), ड्वेन प्रिटोरियस (20), केशव महाराज (6) और मगाला (0) कुछ खास नहीं कर सके। भारत के लिए प्रसिद्ध कृष्णा ने तीन, दीपक चाहर और जसप्रीत बुमराह ने दो-दो और युजवेन्द्र चहल ने एक विकेट लिया।
केएल राहुल बड़ी पारी खेलने में नाकाम रहे
288 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी भारतीय टीम की शुरुआत अच्छी नहीं रही। केएल राहुल नौ रन बनाकर पवेलियन लौटे। इसके बाद शिखर धवन और विराट कोहली ने मिलकर पारी संभाली। दोनों ने दूसरे विकेट के लिए 110 गेंदों पर 98 रन की साझेदारी निभाई। भारतीय पारी के 23वें ओवर में धवन 73 गेंदों पर 61 रन बनाकर आउट हुए। यह उनकी वनडे करियर की 35वीं फिफ्टी रही। इसी ओवर की आखिरी गेंद पर ऋषभ पंत भी अपना विकेट फेंक बैठे।
पंत खराब शॉट खेलकर शून्य पर आउट हुए
पंत गैरजिम्मेदाराना शॉट खेलकर आउट हुए। वे शून्य पर पवेलियन लौटे। उन्हें फेहलुकवायो ने मगाला के हाथों कैच कराया। इसके बाद विराट कोहली ने वनडे करियर की 64वीं फिफ्टी लगाई। उन्होंने 63 गेंद पर अर्धशतक पूरा किया। फिफ्टी लगाते ही कोहली ने स्टेडियम की ओर देखा और अर्धशतक बेटी वामिका को समर्पित किया। उनकी पत्नी और अभिनेत्री अनुष्का शर्मा भी यह मैच देखने पहुंची थीं। कोहली 84 गेंदों पर 65 रन बनाकर आउट हुए। उन्हें केशव महाराज ने बावुमा के हाथों कैच कराया।
श्रेयस और सूर्यकुमार भी खास नहीं कर सके
195 के स्कोर पर भारत को पांचवां झटका लगा। श्रेयस अय्यर 34 गेंदों पर 26 रन बनाकर आउट हुए। उन्हें मगाला ने फेहलुकवायो के हाथों कैच कराया। श्रेयस ने सूर्यकुमार के साथ पांचवें विकेट के लिए 33 गेंदों पर 39 रन जोड़े। इसके बाद सूर्यकुमार भी 32 गेंदों पर 39 रन बनाकर आउट हुए। उन्हें ड्वेन प्रिटोरियस ने बावुमा के हाथों कैच कराया।
दीपक चाहर ने बेहतरीन पारी खेली
इसके बाद दीपक चाहर मैदान पर आए और उन्होंने ने 31 गेंदों पर अर्धशतक लगाया। यह उनके वनडे करियर का दूसरा अर्धशतक रहा। उन्होंने लगातार दूसरे वनडे में फिफ्टी लगाई। इससे पहले उन्होंने अपने पिछले वनडे में श्रीलंका के खिलाफ 20 जुलाई 2021 को 69 रनों की पारी खेली थी। तब उन्होंने टीम इंडिया को हारे हुए मैच में जीत दिलाई थी।
ऐसा लगा कि दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ भी वह यही कमाल दिखाएंगे, लेकिन ऐसा नहीं हो सका। चाहर 34 गेंदों पर 54 रन बनाकर आउट हुए। इसके बाद दक्षिण अफ्रीका ने जसप्रीत बुमराह और युजवेंद्र चहल को पवेलियन भेज भारत की पारी को 283 रन पर समेट दिया।