डेविड मिलर
डेविड मिलर ने टी20 अंतरराष्ट्रीय करियर का दूसरा शतक लगाया। उन्होंने 47 गेंदों में 106 रन की नाबाद पारी खेली। अपनी पारी में मिलर ने आठ चौके और सात छक्के लगाए। टी20 अंतरराष्ट्रीय में ऐसा सिर्फ दूसरी बार हुआ है जब रन चेज करते हुए कोई बल्लेबाज शतक जड़कर नाबाद रहा और उसकी टीम हार गई हो। मिलर से पहले ऐसा केएल राहुल के साथ 2016 में हुआ था। तब भारत का मुकाबला वेस्टइंडीज से लॉडरहिल में था। राहुल ने चेज करते हुए 110 रन की नाबाद पारी खेली थी, लेकिन टीम इंडिया हार गई थी।
डिकॉक-मिलर और रिजवान-बाबर
- फोटो : सोशल मीडिया
मिलर ने क्विंटन डिकॉक के साथ मिलकर चौथे विकेट के लिए 174 रन की नाबाद साझेदारी की। यह भारत के खिलाफ टी20 में किसी भी विकेट के लिए सबसे बड़ी साझेदारी है। इन दोनों ने पाकिस्तानी जोड़ी बाबर आजम और मोहम्मद रिजवान का रिकॉर्ड तोड़ा। बाबर-रिजवान ने पिछले साल टी20 वर्ल्ड कप में पहले विकेट के लिए 152 रन की नाबाद साझेदारी निभाई थी।
भारत के खिलाफ टी20 में किसी भी विकेट के लिए सबसे बड़ी साझेदारी
साझेदारी
(रन) |
बैटर |
देश |
साल |
| 154* |
डिकॉक-मिलर |
द.अफ्रीका |
2022 |
| 152* |
बाबर-रिजवान |
पाकिस्तान |
2021 |
| 133 |
वॉर्नर-वॉटसन |
ऑस्ट्रेलिया |
2012 |
| 131* |
डुसेन-मिलर |
द.अफ्रीका |
2022 |
मिलर और डिकॉक के बीच नाबाद 174 रन की साझेदारी टी20 अंतरराष्ट्रीय में चौथे और उससे बाद के विकेट के लिए सबसे बड़ी साझेदारी है। वहीं, मिलर पांचवें या इससे नीच बल्लेबाजी करते हुए दो या इससे ज्यादा शतक लगाने वाले विश्व के पहले बल्लेबाज बन गए। उन्होंने इससे पहले बांग्लादेश के खिलाफ 2017 में पोचेफ्स्ट्रूम में 36 गेंदों में 101 रन की नाबाद पारी खेली थी।
भारत और दक्षिण अफ्रीका ने मिलकर डेथ ओवर्स यानी 16 से 20 ओवर में कुल 160 रन लुटाए। गुवाहाटी में दक्षिण अफ्रीका ने जहां आखिरी पांच ओवर में 78 रन लुटाए, वहीं भारत ने 16 से 20वें ओवर में 82 रन खर्च किए। यह दोनों टीमों को मिलाकर टी20 अंतरराष्ट्रीय में डेथ ओवर्स में लुटाए गए सबसे ज्यादा रन हैं। इससे पहले यह रिकॉर्ड पाकिस्तान बनाम ऑस्ट्रेलिया मैच के नाम था। 2010 में ग्रोस आइलेट में हुए मैच में पाकिस्तान और ऑस्ट्रेलिया ने मिलकर डेथ ओवर्स में 148 रन लुटाए थे।
भारत की ओर से बाएं हाथ के युवा तेज गेंदबाज अर्शदीप सिंह ने चार ओवर में 62 रन लुटाए। उन्होंने 15.50 की इकोनॉमी से रन दिए। यह टी20 अंतरराष्ट्रीय में भारत की ओर से दूसरा सबसे महंगा बॉलिंग स्पेल है। उनसे आगे सिर्फ युजवेंद्र चहल हैं। चहल ने 2018 में सेंचुरियन में 64 रन लुटाए थे। अर्शदीप ने गुवाहाटी टी20 में 19वें ओवर में 26 रन खर्च किए। हालांकि, अर्शदीप को दो विकेट भी मिले।
दक्षिण अफ्रीका की टीम ने 16 रन से मैच गंवाने के साथ सीरीज भी गंवा दी है। यह ऑस्ट्रेलिया में इस महीने शुरू हो रहे टी20 वर्ल्ड कप से पहले दोनों टीमों के लिए आखिरी टी20 सीरीज है। दक्षिण अफ्रीका की टीम के लिए यह तीनों फॉर्मेट मिलाकर पिछली सात द्विपक्षीय सीरीज में सिर्फ दूसरी सीरीज हार है। वहीं, नियमित कप्तान बनने के बाद रोहित शर्मा के नेतृत्व में तीनों फॉर्मेट को मिलाकर यह 10वीं द्विपक्षीय सीरीज जीत है। अब भारत और दक्षिण अफ्रीका के बीच टी20 सीरीज का आखिरी मैच मंगलवार को इंदौर के होल्कर स्टेडियम में खेला जाएगा।