भारत बनाम दक्षिण अफ्रीका पहला टेस्ट
- फोटो : अमर उजाला
भारत और दक्षिण अफ्रीका के बीच सेंचुरियन में खेले जा रहे पहले टेस्ट में भारतीय ओपनर्स ने कमाल कर दिया है। मयंक अग्रवाल और केएल राहुल की ओपनिंग जोड़ी ने पहले विकेट के लिए 117 रन की साझेदारी की। दक्षिण अफ्रीका में यह भारतीय ओपनर्स द्वारा की गई तीसरी शतकीय साझेदारी है। खबर लिखे जाने तक भारत ने दो विकेट गंवाकर 120 से ज्यादा रन बना लिए हैं। मयंक अग्रवाल 123 गेंदों पर 60 रन बनाकर आउट हुए। वहीं, चेतेश्वर पुजारा शून्य पर पवेलियन लौटे।
पिछले 11 साल में दक्षिण अफ्रीका में पहली शतकीय साझेदारी
2010 के बाद यह भारतीय ओपनर्स द्वारा दक्षिण अफ्रीका में की गई पहली शतकीय साझेदारी है। पिछली बार 2010 में गौतम गंभीर और वीरेंद्र सहवाग ने सेंचुरियन में ही 137 रन की ओपनिंग पार्टनरशिप की थी। हालांकि, उन्होंने यह कारानाम भारत की दूसरी पारी में किया था।
इसके बावजूद टीम इंडिया मैच पारी और 25 रन से हार गई थी। इसके अलावा वसीम जाफर और दिनेश कार्तिक 2007 में केप टाउन में 153 रन की ओपनिंग साझेदारी की थी। इस मैच में जाफर ने शानदार 116 रन बनाए थे। यह मैच भी टीम इंडिया 5 विकेट से हार गई थी।
दक्षिण अफ्रीका में 100+ रन की ओपनिंग साझेदारी करने वाली भारतीय जोड़ी
| साझेदारी (रन) |
ओपनिंग जोड़ी |
जगह, साल |
| 153 |
वसीम जाफर और दिनेश कार्तिक |
केपटाउन 2006/07 |
| 137 |
गौतम गंभीर और वीरेंद्र सहवाग |
सेंचुरियन 2010/11 |
| 117 |
केएल राहुल और मयंक अग्रवाल |
सेंचुरियन 2021/22 |
मयंक-राहुल की जोड़ी ने कई दिग्गजों को पीछे छोड़ा
2010 के बाद मयंक और राहुल के बीच हुई साझेदारी दक्षिण अफ्रीका में सबसे बड़ी ओपनिंग साझेदारी है। पिछले 11 साल में सहवाग, मुरली विजय, शिखर धवन और गौतम गंभीर समेत कई दिग्गज यह रिकॉर्ड नहीं बना सके। इन दोनों से पहले पिछले 11 साल में अफ्रीकी देश में पहले विकेट के लिए भारत की सबसे बड़ी साझेदारी 43 रनों की सहवाग और विजय के बीच रही थी।
भारत के लिए सबसे बड़ी साझेदारी 222 रन की रही है
ओवरऑल भारत के लिए किसी भी विकेट के लिए अफ्रीका में सबसे बड़ी साझेदारी 222 रनों की रही है। मोहम्मद अजहरुद्दीन और सचिन तेंदुलकर ने 1997 में केप टाउन में छठे विकेट के लिए यह साझेदारी निभाई थी। विराट कोहली और चेतेश्वर पुजारा ने भी 2013 में जोहानिसबर्ग में तीसरे विकेट के लिए 222 रनों की साझेदारी निभाई थी।
दक्षिण अफ्रीका में भारत के लिए टॉप-10 सबसे बड़ी साझेदारी
| साझेदारी (रन) |
ओपनिंग जोड़ी |
कौन से विकेट के लिए |
जगह, साल |
| 222 |
मोहम्मद अजहरुद्दीन और सचिन तेंदुलकर |
6 |
केपटाउन 1997 |
| 222 |
विराट कोहली और चेतेश्वर पुजारा |
3 |
जोहानिसबर्ग 2013 |
| 220 |
वीेरेंद्र सहवाग और सचिन तेंदुलकर |
5 |
ब्लोमफोंटेन 2001 |
| 176 |
गौतम गंभीर और सचिन तेंदुलकर |
3 |
केपटाउन 2011 |
| 172 |
एमएस धोनी और सचिन तेंदुलकर |
7 |
सेंचुरियन 2010 |
| 171 |
दीप दास गुप्ता और राहुल द्रविड़ |
2 |
पोर्ट एलिजाबेथ 2001 |
| 157 |
चेतेश्वर पुजारा और मुरली विजय |
2 |
डरबन 2013 |
| 153 |
वसीम जाफर और दिनेश कार्तिक |
1 |
केपटाउन 2007 |
| 145 |
राहुल द्रविड़ और सौरव गांगुली |
4 |
जोहानिसबर्ग 1997 |
| 137 |
गौतम गंभीर और वीरेंद्र सहवाग |
1 |
सेंचुरियन 2010 |
| 117 |
मयंक अग्रवाल और केएल राहुल |
1 |
सेंचुरियन 2021 |
मयंक-राहुल ने किया यह बड़ा कारनामा
दक्षिण अफ्रीकी टीम बनने के बाद से यह दूसरी बार है जब मेहमान टीम के बल्लेबाज ने मेजबान देश में किसी सीरीज के ओपनिंग मैच में 50 प्लस रन की ओपनिंग साझेदारी निभाई है। इससे पहले 2007/08 में पोर्ट एलिजाबेथ में क्रिस गेल और डैरेन गंगा ने 98 रन की साझेदारी निभाई थी। 2021 में यह सातवीं बार है जब भारतीय ओपनर्स ने टेस्ट में एशिया से बाहर 20 से ज्यादा ओवरों तक बल्लेबाजी की है। 2011 से 2020 तक एक बार भी ऐसा नहीं हो सका था।