हार्दिक पांड्या और विराट कोहली
- फोटो : सोशल मीडिया
विराट कोहली ने मेलबर्न में पाकिस्तान के खिलाफ अपनी तूफानी पारी से यह बता दिया कि क्यों उन्हें विश्व क्रिकेट में चेज मास्टर कहा जाता है। उन्होंने एक बार फिर से रनचेज में अपना लोहा मनवाया है। कोहली ने रविवार (23 अक्तूबर) को पाकिस्तान के जबड़े से जीत छीन ली। कोहली की इस पारी के मुरीद उनके साथ बल्लेबाजी करने वाले हार्दिक पांड्या भी हैं। पांड्या ने तो मैच के बाद यहां तक कह दिया कि वह उनके लिए गोली खाने तक को तैयार थे।
बीसीसीआई ने सोमवार (24 अक्तूबर) को एक वीडियो शेयर किया है, इसमें हार्दिक पांड्या ने कोहली का इंटरव्यू लिया है। इस दौरान उन्होंने कहा कि मैच के दौरान वह गोली खा लेते, लेकिन विराट को आउट नहीं होने देते। अर्शदीप सिंह और हार्दिक पांड्या की शानदार गेंदबाजी की बदौलत टीम इंडिया ने पाकिस्तान को 159 रन पर रोक दिया। जवाब में भारत ने 20 ओवर में छह विकेट पर 160 रन बनाकर मैच को अपने नाम कर लिया। कोहली ने सर्वाधिक 82 रन बनाए। हार्दिक पांड्या ने 37 गेंद पर 40 रन बनाए। अश्विन ने अपने करियर का सबसे यादगार एक रन बनाया।
ये भी पढ़ें: IND vs PAK: अर्शदीप ने लिया बदला, खराब प्रदर्शन पर लोगों ने कहा था 'खालिस्तानी', अब पाकिस्तान पर बरपाया कहर
हार्दिक ने इस दौरान यह बताया कि उन्हें कोहली के साथ बल्लेबाजी करके कैसा लगा। उन्होंने हारिस रउफ की गेंदों पर विराट के लगातार दो छक्कों की भी तारीफ की। हार्दिक ने विराट से कहा, ''आपके द्वारा खेले गए वे दो शॉट काफी महत्वपूर्ण थे। अगर आप यह शॉट चूक गए थे, तब वो खेल में आगे होते। मैंने बहुत सारे छक्के लगाए हैं, लेकिन वे दो छक्के वास्तव में विशेष थे। मैंने इतना क्रिकेट खेला है लेकिन मुझे नहीं लगता कि मिस्टर कोहली को छोड़कर कोई भी उन दो शॉट्स को खेल सकता था।"
ये भी पढ़ें: IND vs PAK: मेलबर्न में राष्ट्रगान के दौरान भावुक हुए रोहित शर्मा, आंखों से छलके आंसू, देखें वीडियो
हार्दिक ने आगे कहा, ''सबसे अच्छी बात यह थी कि हम साथ में संघर्ष कर रहे थे, लेकिन साथ में हमने कर दिखाया। यह उतना स्पेशल नहीं होता अगर हम क्रीज पर जाकर तेजी से बल्लेबाजी करने लगे। यह काफी सुखद अनुभव देता है, क्योंकि हम संघर्ष कर रहे थे। हम एक-दूसरे से बात कर रहे थे कि यह कितना मुश्किल था। पाकिस्तान को भी श्रेय जाता है। उन्होंने अच्छी गेंदबाजी की।''