भारत और पाकिस्तान के बीच टी20 वर्ल्ड कप का महामुकाबला 23 अक्तूबर को होगा। सुपर-12 का यह मैच रविवार को मेलबर्न क्रिकेट ग्राउंड पर खेला जाएगा। उससे पहले दोनों टीमों ने अपनी तैयारियों को पुख्ता करने के लिए वॉर्म-अप मैच में हिस्सा लिया। भारत ने ऑस्ट्रेलिया को हराया, लेकिन पाकिस्तान को इंग्लैंड के खिलाफ हार का सामना करना पड़ा। भारतीय टीम के मैच को देखने के लिए पाकिस्तानी टीम भी पहुंची थी।
पाकिस्तान की टीम भारत की गेंदबाजी को ध्यान से देख रही थी। इसका फोटो सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हो रहा है। कई फैंस के मन में यह सवाल उठा कि आखिर पाकिस्तानी टीम वहां क्यों गई थी? दरअसल, ब्रिस्बेन के गाबा में भारत और पाकिस्तान दोनों के वॉर्म-अप होने थे। पहले टीम इंडिया ने ऑस्ट्रेलिया का सामना किया और फिर पाकिस्तान ने इंग्लैंड से मैच खेला। पाकिस्तानी टीम मैच शुरू होने से कुछ देर पहले जब ग्राउंड पर पहुंची थी तो वहां भारत का मैच चल रहा था।
भारत-ऑस्ट्रेलिया वॉर्म-अप मैच में क्या हुआ?
भारत ने ऑस्ट्रेलिया को वॉर्म-अप मैच में छह रन से हरा दिया। पहले बल्लेबाजी करते हुए भारत ने 20 ओवर में सात विकेट गंवाकर 186 रन बनाए। केएल राहुल ने 33 गेंदों में 57 रन और सूर्यकुमार यादव ने 33 गेंदों में 50 रन की पारी खेली। जवाब में डेथ ओवर्स में भारत की शानदार गेंदबाजी और फील्डिंग की बदलौत ऑस्ट्रेलियाई टीम 20 ओवर में 180 रन पर ऑलआउट हो गई।
आखिरी पांच ओवर में ऑस्ट्रेलिया को 43 रन की जरूरत थी। तब उसके आठ विकेट बचे थे। फिंच और मैक्सवेल बल्लेबाजी कर रहे थे। इसके बाद भुवनेश्वर कुमार ने 16वें ओवर में सिर्फ चार रन दिए और एक विकेट लिया। 17वें ओवर में अश्विन ने 10 रन दिए। 18वें ओवर में अर्शदीप गेंदबाजी के लिए आए और 13 रन दिए। पिछले कुछ समय से टीम इंडिया के लिए 19वां परेशानी का सबब रही है।
ये भी पढ़ें: IND vs PAK: क्या रद्द होगा भारत और पाकिस्तान के बीच टी20 वर्ल्ड कप का मैच? मेलबर्न में बारिश बन सकती है विलेन
हालांकि, इस मैच में हर्षल पटेल 19वां ओवर लेकर आए और सिर्फ पांच रन खर्च किए। इस ओवर में दो विकेट भी गिरे। हर्षल ने पहले फिंच को क्लीन बोल्ड किया। फिर इस ओवर में विराट कोहली के डायरेक्ट हिट पर टिम डेविड रन आउट हुए। 20वें ओवर में मोहम्मद शमी पहली बार गेंदबाजी के लिए आए। उन्हें 11 रन बचाने थे। सामने पैट कमिंस और जोश इंगलिस थे।
इस तरह शमी की आखिरी चार गेंदों पर चार विकेट गिरे। इनमें से तीन विकेट शमी ने लिए और एक रन आउट रहा। शमी ने आखिरी ओवर में सिर्फ चार रन लुटाए और भारत यह मैच छह रन से जीत लिया। ऑस्ट्रेलिया की ओर से कप्तान एरॉन फिंच ने सबसे ज्यादा 76 रन बनाए। इसके अलावा मिचेल मार्श ने 35 रन की पारी खेली। भारत की ओर से मोहम्मद शमी नेे एक ओवर फेंककर सबसे ज्यादा तीन विकेट लिए।
ये भी पढ़ें: T20 World Cup: कौन हैं टीम इंडिया के साथ ऑस्ट्रेलिया जाने वालीं राजलक्ष्मी अरोड़ा, क्या है इनका रोल, जानें
वहीं, भुवनेश्वर कुमार ने तीन ओवर में 20 रन देकर दो विकेट लिए। अर्शदीप सिंह ने तीन ओवर में 34 रन लुटाए और उन्हें एक विकेट मिला। हर्षल पटेल ने तीन ओवर में 30 रन दिए और एक विकेट झटका। चहल ने तीन ओवर में 28 रन देकर एक विकेट लिया। अब भारतीय टीम 19 अक्तूबर को दूसरे प्रैक्टिस मैच में न्यूजीलैंड की टीम से भिड़ेगी।