फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

IND vs PAK: कुलदीप का चला जादू, एशिया कप के दो मैचों में लिए सात विकेट; पाकिस्तान के खिलाफ बरकरार रखा रिकॉर्ड

Sun, 14 Sep 2025 10:55 PM IST
शोभित चतुर्वेदी स्पोर्ट्स डेस्क, अमर उजाला, दुबई

सार

कुलदीप ने पहले यूएई के खिलाफ मैच में चार विकेट लिए और अब पाकिस्तान के खिलाफ तीन विकेट झटके। इस तरह यह चाइनामैन गेंदबाज एशिया कप में अब तक सात विकेट ले चुका है।
विज्ञापन
सूर्यकुमार और कुलदीप - फोटो : BCCI
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

कलाई के स्पिनर कुलदीप यादव का दम एशिया कप में भी दिख रहा है और वह शुरुआती दो मैचों में सात विकेट लेकर अपनी उपयोगिता साबित कर रहे हैं। कुलदीप ने पहले यूएई के खिलाफ मैच में चार विकेट लिए और अब पाकिस्तान के खिलाफ तीन विकेट झटके। इस तरह यह चाइनामैन गेंदबाज एशिया कप में अब तक सात विकेट ले चुका है। कुलदीप के दम पर ही भारतीय टीम पाकिस्तान को सस्ते में रोकने में सफल रही। 
विज्ञापन
Trending Videos

बेदम दिखी पाकिस्तान की बल्लेबाजी
पाकिस्तान के कप्तान सलमान आगा ने इस मैच में टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया, लेकिन भारत ने गेंदबाजों के दम पर उसे बड़ा स्कोर खड़ा करने से रोका। पाकिस्तान ने 20 ओवर में नौ विकेट पर 127 रन बनाए। भारत के लिए कुलदीप ने सबसे ज्यादा तीन विकेट लिए, जबकि जसप्रीत बुमराह और अक्षर पटेल को दो-दो सफलता मिली और हार्दिक पांड्या तथा वरुण चक्रवर्ती को एक-एक विकेट मिले। 

पाकिस्तान को लगे शुरुआती झटके
मैच में पाकिस्तान की शुरुआत बेहद खराब रही और उसने पहली ही गेंद पर सैम अयूब का विकेट गंवाया। भारत की ओर से हार्दिक ने गेंदबाजी की शुरुआत की और पहली गेंद वाइड फेंकी, लेकिन अगली ही गेंद पर सैम अयूब बुमराह को आसान सा कैच थमा बैठे। सैम खाता भी नहीं खोल पाए। इसके बाद जसप्रीत बुमराह ने मोहम्मद हारिस को पवेलियन की राह दिखाई। हारिस पांच गेंदों पर तीन रन बनाकर आउट हुए। पाकिस्तान ने इस तरह छह रन के स्कोर पर दो विकेट गंवा दिए। शुरुआती झटके लगने के बाद फखर जमां और साहिबजादा फरहान ने पाकिस्तान की पारी को संभाला और तीसरे विकेट के लिए 39 रन जोड़े। फखर जब खाता भी नहीं खोल सके तो बुमराह की गेंद पर एलबीडब्ल्यू हुए थे, लेकिन उन्होंने रिव्यू लिया जिससे उन्हें जीवनदान मिला। हालांकि, फखर भारत के लिए परेशानी खड़ी करते उससे पहले ही अक्षर की गेंद पर आउट हो गए। फखर ने 15 गेंदों पर तीन चौकों की मदद से 17 रन बनाए।

फरहान-शाहीन ने खोले हाथ 
अक्षर पटेल ने एक बार फिर भारत को सफलता दिलाई और पाकिस्तान के कप्तान सलमान अली आगा को पवेलियन की राह दिखाई। आगा खाता खोले बिना एलबीडब्ल्यू हुए थे, लेकिन स्टंप मिस होने के कारण उन्हें रिव्यू लेने पर जीवनदान मिल गया था। हालांकि, वह इसका फायदा नहीं उठा सके और तीन रन ही बना पाए। पाकिस्तान की बल्लेबाजी इतनी खराब रही कि उसकी आधी टीम 64 रन के स्कोर पर पवेलियन लौट गई। पाकिस्तान ने इसके बाद नियमित अंतराल पर विकेट गंवाए और उसके आठ विकेट 97 रन पर ही गिर गए थे। अंत में शाहीन अफरीदी ने ताबड़तोड़ बल्लेबाजी की जिससे पाकिस्तान 125 रनों का आंकड़ा पार कर सका। पाकिस्तान के लिए साहिबजादा फरहान और शाहीन ही कुछ अच्छी बल्लेबाजी कर सके। साहिबजादा ने 44 गेंदों पर एक चौका और तीन छक्कों की मदद से 40 रन बनाए, जबकि शाहीन 16 गेंदों पर चार छक्कों की मदद से 33 रन बनाकर नाबाद लौटे। 
विज्ञापन

कुलदीप की अगुआई में चमके स्पिनर
बीच के ओवरों में भारतीय स्पिनरों ने पाकिस्तान की कमर तोड़ दी। कुलदीप यादव ने लगातार दो गेंदों पर हसन नवाज और मोहम्मद नवाज को आउट करके पाकिस्तान को बैकफुट पर धकेल दिया। कुलदीप को तीसरी सफलता साहिबजादा फरहान के रूप में मिली। इसी के साथ चाइनामैन गेंदबाज इस मुकाबले में भारत के लिए सर्वाधिक विकेट हासिल करने वाले गेंदबाज बन गए। पाकिस्तान के खिलाफ कुलदीप का रिकॉर्ड शानदार रहा है। उन्होंने इस टीम के खिलाफ सभी प्रारूपों में पिछले सात मैचों में 18 विकेट लिए हैं। सभी प्रारूप मिलाकर पाकिस्तान के खिलाफ पिछले सात मैचों में कुलदीप का प्रदर्शन 1/37, 2/41, 2/32, 5/25, 2/35, 3/40 और 3/18 रहा है।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें