फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

IND vs PAK: नो हैंड शेक से नकवी को आईना दिखाने तक, तीन रविवार, तीन मुकाबले, ऐसे बढ़ता गया टकराव

Mon, 29 Sep 2025 04:33 PM IST
स्वप्निल शशांक स्पोर्ट्स डेस्क, अमर उजाला, दुबई

सार

एशिया कप 2025 का यह अध्याय याद रखा जाएगा एक ऐसे टूर्नामेंट के रूप में, जहां भारत ने पाकिस्तान पर क्लीन स्वीप किया और साथ ही यह भी दिखाया कि मैदान के बाहर भी वे अपनी शर्तों पर खड़े रहने का साहस रखते हैं।
विज्ञापन
1 of 8
एशिया कप 2025 - फोटो : ANI
भारत और पाकिस्तान के बीच एशिया कप 2025 इस बार सिर्फ क्रिकेट नहीं बल्कि तनाव और विवादों के लिए भी याद रखा जाएगा। तीन रविवार, तीन मुकाबले और हर मैच के साथ बढ़ता टकराव, यही इस टूर्नामेंट की सबसे बड़ी कहानी बन गई। आइए पूरी कहानी जानते हैं...
Trending Videos
विज्ञापन

2 of 8
तिलमिलाया पाकिस्तान - फोटो : PTI/Twitter

14 सितंबर, पहला रविवार: ग्रुप स्टेज में हाथ न मिलाने का विवाद

एशिया कप 2025 में 14 सितंबर को दोनों टीमों के बीच दुबई में पहला मुकाबला खेला गया। भारत ने पाकिस्तान को ग्रुप स्टेज में सात विकेट से हराया। हालांकि असली सुर्खियां बनीं मैच के बाद भारतीय खिलाड़ियों का व्यवहार। टीम इंडिया ने मैच खत्म होने के बाद पाकिस्तानी खिलाड़ियों से हाथ मिलाने से साफ इनकार कर दिया। बीसीसीआई सूत्रों ने बताया कि यह फैसला टीम मैनेजमेंट और खिलाड़ियों का संयुक्त निर्णय था, जो पहलगाम आतंकी हमले में मारे गए लोगों को श्रद्धांजलि देना चाहते थे। पाकिस्तान मीडिया ने इसे खेल भावना के खिलाफ बताते हुए भारत पर राजनीति करने का आरोप लगाया, लेकिन भारतीय फैन्स और सोशल मीडिया ने टीम का समर्थन किया और कहा कि यह विरोध का सही तरीका है। 
विज्ञापन

3 of 8
मोहसिन नकवी और पायक्रॉफ्ट - फोटो : ANI/Twitter
15 सितंबर: मैच रेफरी एंडी पायक्रॉफ्ट पर पीसीबी के आरोप
पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड ने आईसीसी को लिखित शिकायत भेजी, जिसमें आरोप लगाया गया कि मैच रेफरी एंडी पायक्रॉफ्ट ने प्रोटोकॉल तोड़ा। रिपोर्ट्स के मुताबिक पायक्रॉफ्ट ने टॉस से पहले पाक कप्तान सलमान अली आगा को सूचित किया था कि भारतीय टीम मैच के बाद हैंडशेक नहीं करेगी। पीसीबी का आरोप था कि पायक्रॉफ्ट ने इस मामले को आईसीसी तक नहीं पहुंचाया और भारत को इस तरह का कदम उठाने की छूट दे दी। पाकिस्तान ने मांग की कि पायक्रॉफ्ट को यूएई के खिलाफ होने वाले उनके अगले मैच से हटाया जाए और वेस्टइंडीज के रिची रिचर्डसन को मैच रेफरी बनाया जाए।

4 of 8
नकवी का बयान - फोटो : ANI
16 सितंबर: आईसीसी ने खारिज की पाकिस्तान की मांग
आईसीसी ने पाकिस्तान की शिकायत को गंभीरता से जांचने के बाद यह कहते हुए खारिज कर दिया कि पायक्रॉफ्ट ने कोई आचार संहिता का उल्लंघन नहीं किया। इस फैसले से नाराज पीसीबी ने धमकी दी कि अगर पायक्रॉफ्ट को हटाया नहीं गया तो पाकिस्तान टीम यूएई के खिलाफ मैच नहीं खेलेगी। इस धमकी ने एशिया कप पर संकट के बादल खड़े कर दिए और स्थिति काफी तनावपूर्ण हो गई। सबसे अहम बात, पाकिस्तान को जो जवाब मिला, उस पर पाकिस्तान क्रिकेट के पूर्व सीईओ और आईसीस के मौजूदा जनरल मैनेजर वसीम खान के हस्ताक्षर थे।
विज्ञापन

5 of 8
एशिया कप 2025 - फोटो : ANI
17 सितंबर: मैच में देरी, पायक्रॉफ्ट ने जताया खेद
आईसीसी से पहली मांग खारिज होने के बाद यूएई से मैच वाले दिन पाकिस्तान ने आईसीसी को एक और पत्र लिखा और मांग को दोहराया। हालांकि, आईसीसी ने फिर से इस मांग को खारिज कर दिया और कहा कि पायक्रॉफ्ट ने कोई गलती नहीं की। यूएई के खिलाफ मैच वाले दिन पाकिस्तान टीम स्टेडियम पहुंची, लेकिन काफी देरी से। रिपोर्ट्स के मुताबिक, एसीसी/पीसीबी अध्यक्ष मोहसिन नकवी ने उनसे ऐसा करने कहा था।

पायक्रॉफ्ट रेफरी के तौर पर मौजूद थे, लेकिन कुछ देर बाद भारी सुरक्षा में वह आईसीसी दफ्तर पहुंचे। वहां, उनकी पीसीबी के शीर्ष अधिकारियों, कोच और कप्तान से बात हुई। पायक्रॉफ्ट ने गलतफहमी पर खेद जताया। इस दौरान बैक-टू-बैक मीटिंग्स हुईं। मैच का टॉस एक घंटे तक टाल दिया गया। बाद में पीसीबी ने बयान जारी कर पायक्रॉफ्ट के खेद जताने को बढ़ा चढ़ा कर पेश करते हुए कहा कि पायक्रॉफ्ट ने माफी मांगी है। इसके बाद पाकिस्तान ने मैदान में उतरने का फैसला लिया और मैच खेला गया। इतना ही नहीं, आईसीसी ने भी पीसीबी को लताड़ लगाई और कहा कि उनकी मांग थी कि जांच हो और जांच हुई भी, लेकिन जो रिपोर्ट पीसीबी ने भेजी थी, उसी के आधार पर। पीसीबी ने कोई सबूत पेश नहीं किया था। आईसीसी के सूत्रों के हवाले से खबर आई कि पाकिस्तान ने पायक्रॉफ्ट और खिलाड़ियों की बातचीत का वीडियो रिकॉर्ड किया, जो आईसीसी के नियमों का उल्लंघन है। 
विज्ञापन

6 of 8
हारिस रऊफ - फोटो : Twitter

21 सितंबर, दूसरा रविवार: सुपर 4 के दौरान प्री-टॉस फोटो से इंकार

21 सितंबर को दूसरा मुकाबला सुपर-4 स्टेज में खेला गया। इस मैच में भारत ने पाकिस्तान को छह विकेट से हराकर फाइनल में जगह बनाई। इस बार विवाद टॉस से पहले शुरू हो गया।परंपरा के मुताबिक दोनों टीमों के कप्तानों और मैच रेफरी की प्री-टॉस फोटो सेशन होता है, लेकिन सूर्यकुमार यादव ने इसमें हिस्सा लेने से इनकार कर दिया। इसका संदेश साफ था – टीम इंडिया पाकिस्तान के साथ किसी भी तरह की पब्लिसिटी फोटो में शामिल नहीं होगी। पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड ने एशियन क्रिकेट काउंसिल (ACC) में इसकी शिकायत भी की, लेकिन उन्हें साफ जवाब मिला कि यह अनिवार्य नहीं है। इस घटना के बाद दोनों देशों के खिलाड़ियों के बीच और भी दूरी बढ़ गई। 

विवाद यहीं तक नहीं रुका, मैच के दौरान पाकिस्तानी खिलाड़ियों ने आपत्तिजनक इशारे किए। रऊफ ने मैच के दौरान कई बार फैन्स की ओर देखकर अंगुलियों से 6-0 का इशारा किया था। साथ ही प्लेन उड़ाने जैसा जेस्चर बनाया था। यह जेस्चर यह दिखाने के लिए था कि ऑपरेशन सिंदूर के दौरान पाकिस्तान ने छह भारतीय विमानों को गिराया था, जो पहले ही झूठा साबित हो चुका है।  इस हरकत की सोशल मीडिया और क्रिकेट फैंस ने जमकर आलोचना की थी।

फिर उनकी पत्नी मुजना मसूद मलिक का भी पोस्ट वायरल हुआ, जिसमें उन्होंने रऊफ की आपत्तिजनक तस्वीर साझा की। हालांकि, विवाद होने पर उन्होंने पोस्ट डिलीट कर लिया था। वहीं, साहिबजादा फरहान ने अर्धशतक लगाने के बाद गनफायर जश्न मनाया था। हारिस और फरहान की करतूतों पर बीसीसीआई ने आईसीसी में शिकायत की। हारिस पर जुर्माना लगा, जबकि फरहान को सख्त हिदायत दी गई। पाकिस्तान ने भी सूर्यकुमार पर राजनीतिक बयान देने का आरोप लगाया था। सूर्यकुमार को भी जुर्माना भरना पड़ा।
विज्ञापन

7 of 8
एशिया कप 2025 - फोटो : ANI

28 सितंबर, तीसरा रविवार: फाइनल...बुमराह का करारा जवाब और नकवी ट्रॉफी लेकर भागे

28 सितंबर को दुबई में खेले गए फाइनल में भारत ने पाकिस्तान को पांच विकेट से हराकर उन पर लगातार तीसरी जीत दर्ज की और खिताब जीता। मैच के दौरान बुमराह ने हारिस रऊफ को क्लीन बोल्ड करने के बाद हारिस और फरहान को करारा जवाब दिया। बुमराह ने रऊफ को औकात दिखाते हुए उनका बीच मैदान मजाक उड़ाया। इसके बाद इरफान पठान ने भी रऊफ का मजाक उड़ाते हुए ट्वीट किया, 'फ्लाइट लैंड करा दी बुमराह ने।' हालांकि, मैच के बाद असली ड्रामा मैच के बाद शुरू हुआ। एसीसी/पीसीबी अध्यक्ष और पाकिस्तानी मंत्री मोहसिन नकवी को ट्रॉफी प्रेजेंट करने का जिम्मा था। लेकिन बीसीसीआई और भारतीय खिलाड़ियों ने साफ कर दिया कि वे नकवी से ट्रॉफी नहीं लेंगे। एसीसी ने बीच का रास्ता निकालने की कोशिश की और प्रस्ताव रखा कि यूएई बोर्ड के उपाध्यक्ष खालिद अल जरूनी ट्रॉफी दें, लेकिन नकवी ने इससे इनकार कर दिया।

करीब एक घंटे तक चली खींचतान के बाद ट्रॉफी और मेडल्स को मैदान से हटा दिया गया। बाद में पता चला की नकवी ट्रॉफी और मेडल्स अपने साथ होटल ले गए। भारतीय खिलाड़ियों ने बिना ट्रॉफी के ही जश्न मनाया और तिलक वर्मा को मैन ऑफ द मैच अवॉर्ड मिला। स्टेडियम में फैन्स 'भारत माता की जय' के नारे लगाते रहे, जबकि पाकिस्तानी टीम ड्रेसिंग रूम में ही बैठी रही। इसके बाद नकवी ने सोशल मीडिया पर पीएम मोदी के ट्वीट का जवाब देते हुए विवादित बयान दिया और कहा कि 'जंग को खेल में लाना खेल भावना का अपमान है।' इस पर भारतीय क्रिकेट फैन्स ने उन्हें जमकर ट्रोल किया और कहा कि यह भारत का शांतिपूर्ण विरोध था।
विज्ञापन

8 of 8
भारतीय टीम ने बिना ट्रॉफी के जश्न मनाया - फोटो : BCCI

क्रिकेट से बड़ा बन गया यह टकराव

तीन रविवार, तीन विवाद और हर बार भारत ने सिर्फ मैदान पर नहीं बल्कि मैदान के बाहर भी अपना रुख साफ किया और पाकिस्तान पर करारा वार किया। चाहे वह हाथ न मिलाने का विरोध हो, प्री-टॉस फोटो सेशन का बहिष्कार हो या ट्रॉफी न लेने का फैसला, टीम इंडिया ने संदेश दिया कि खेल और राष्ट्रीय स्वाभिमान को लेकर कोई समझौता नहीं होगा। एशिया कप 2025 का यह अध्याय याद रखा जाएगा एक ऐसे टूर्नामेंट के रूप में, जहां भारत ने पाकिस्तान पर क्लीन स्वीप किया और साथ ही यह भी दिखाया कि मैदान के बाहर भी वे अपनी शर्तों पर खड़े रहने का साहस रखते हैं।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें