कोहली, गिल और अय्यर का जलवा
भारतीय स्पिनरों ने जहां पाकिस्तान को बड़ा स्कोर खड़ा करने से रोका। वहीं, कोहली, श्रेयस अय्यर और शुभमन गिल ने लक्ष्य का पीछा करते हुए शानदार पारियां खेली जिससे पाकिस्तान को एकतरफा हार का सामना करना पड़ा। भारत के लिए पिछले कुछ समय से कोहली का फॉर्म चिंता का विषय बना हुआ था, लेकिन कोहली चिर प्रतिद्वंद्वी टीम के खिलाफ ही फॉर्म में लौटे। उन्होंने इस टीम के खिलाफ चौथा वनडे शतक लगाया, जबकि ओवरऑल उनका यह 51वां वनडे शतक है।
रोहित-गिल की आक्रामक शुरुआत
लक्ष्य का पीछा करते हुए कप्तान रोहित शर्मा ने एक बार फिर आक्रामक शुरुआत दिलाने की कोशिश की थी, लेकिन वह शाहीन अफरीदी की गेंद पर 20 रन बनाकर आउट हुए। शाहीन ने रोहित को 2021 टी20 विश्व कप की तरह ही बोल्ड किया। इसके बाद गिल और कोहली ने मोर्चा संभाला। कोहली को वनडे में 14000 रन पूरा करने के लिए 15 रनों की जरूरत थी और इस स्टार बल्लेबाज ने यह उपलब्धि भी हासिल की। भारत ने बांग्लादेश के खिलाफ लक्ष्य का पीछा करते हुए धीमी बल्लेबाजी की थी, लेकिन इस मैच में टीम ने पिछली गलती से सबक लिया। गिल पिछले चार मैचों में शानदार फॉर्म में चल रहे थे और उन्होंने पाकिस्तान के खिलाफ भी यह लय बरकरार रखी। हालांकि, वह अर्धशतक लगाने से चूक गए, लेकिन उन्होंने अपना काम बखूबी निभाया।
श्रेयस भी फॉर्म में आए
गिल जब आउट हुए उस वक्त भारत का स्कोर 100 रन था। टीम को जीत के लिए और 142 रनों की जरूरत थी, लेकिन कोहली और श्रेयस ने टिककर खेलना शुरू किया। श्रेयस जब तक क्रीज पर जमते तब तक कोहली ने अर्धशतक पूरा किया। श्रेयस ने भी पाकिस्तान के खिलाफ दम दिखाया और पचासा लगाया। श्रेयस हालांकि, 56 रन पर अपना विकेट गंवा बैठे। इसके बाद हार्दिक पांड्या भी आठ रन बनाकर पवेलियन लौटे।
चौके के साथ दिलाई जीत
भारत जीत के करीब पहुंच गया और कोहली भी शतक के मुहाने पर आ गए। पाकिस्तान नहीं चाहता था कि किसी कीमत पर कोहली शतक पूरा करें। तेज गेंदबाज शाहीन अफरीदी ने कुछ गेंद वाइड फेंकी। भारत को जब दो रन बनाने की जरूरत थी उस वक्त कोहली 96 रन पर खेल रहे थे। ड्रेसिंग रूम में बैठे रोहित ने कोहली से बड़ा शॉट खेलने का इशारा किया। कोहली ने शानदार शॉट लगाकर चौका लगाया और अपना शतक पूरा करने के साथ ही भारत को जीत दिलाई। अब यह तय है कि भारत सेमीफाइनल में पहुंच गया है और उसके लिए राहत की बात है कि कोहली फॉर्म में लौट आए हैं। पाकिस्तान के लिए शाहीन ने दो विकेट लिए, जबकि अबरार अहमद और खुशदिल शाह को एक-एक विकेट मिले।
पाकिस्तान की खराब शुरुआत
इससे पहले, चैंपियंस ट्रॉफी के इस मैच में पाकिस्तान के कप्तान मोहम्मद रिजवान ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला लिया, लेकिन हार्दिक पांड्या ने बाबर आजम को आउट कर पाकिस्तान को पहला झटका दिया। पाकिस्तान की बल्लेबाजी धीमी रही और उसके बल्लेबाज रन बनाने के लिए संघर्ष करते रहे। पाकिस्तान ने पावरप्ले तक दो विकेट गंवा दिए थे। नौवें ओवर में हार्दिक ने बाबर को विकेटकीपर केएल राहुल के हाथों कैच कराया, फिर अक्षर पटेल के डायरेक्ट हिट पर इमाम उल हक रन आउट हुए। इमाम 26 गेंद में 10 रन बना सके। इमाम फखर जमां की जगह टीम में आए हैं। शुरुआत में दो झटके लगने के बाद पाकिस्तान की बल्लेबाजी धीमी पड़ गई और रिजवान ने सऊद शकील के साथ मिलकर टिककर खेलने की कोशिश की।
पाकिस्तान की कमजोर बल्लेबाजी
पाकिस्तान की टीम पारी के दौरान बल्लेबाजी में फिर कमजोर दिखी। टीम नौवें ओवर की चौथी गेंद पर चौका लगाया था। इसके बाद अगली 32 गेंदों पर पाकिस्तान के बल्लेबाज कोई बाउंड्री नहीं लगा सके थे। इसके बाद अगला चौका 15वें ओवर की पहली गेंद पर लगा। पाकिस्तान ने शुरुआती 20 ओवर यानी 120 गेंद में 80 गेंद डॉट खेली हैं। पहले 10 ओवर में पाकिस्तान ने दो विकेट गंवाकर 55 रन बनाए थे, जबकि अगले 10 ओवर यानी 11वें से 20वें ओवर में टीम बिना विकेट गंवाए 24 रन ही बना सकी थी। इससे पता चलता है कि टीम की बल्लेबाजी जूझती रही। पाकिस्तान टीम की बल्लेबाजी पिछले मैच में भी जूझती दिखी थी। टीम न्यूजीलैंड के खिलाफ भी खराब खेली थी। न्यूजीलैंड द्वारा 321 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए पाकिस्तान की टीम 260 रन पर ऑलआउट हो गई थी।
रिजवान-शकील के बीच शतकीय साझेदारी
पाकिस्तान की पारी को हालांकि रिजवान और शकील ने संभाला। इन दोनों के बीच तीसरे विकेट के लिए 104 रनों की साझेदारी हुई। 31वें ओवर के दौरान शकील ने अर्धशतक लगाया जो उनके वनडे करियर का चौथा पचासा है। वहीं, 33वें ओवर में रिजवान को उस वक्त जीवनदान मिला जब हार्दिक पांड्या की गेंद पर हर्षित राणा ने रिजवान का कैच छोड़ा। हालांकि, रिजवान इसका फायदा नहीं उठा सके और अगले ही ओवर में अक्षर पटेल ने रिजवान को बोल्ड कर इस साझेदारी को तोड़ा। वह 77 गेंद में तीन चौके की मदद से 46 रन बना सके।
अक्षर के इस ओवर में भारत को एक और सफलता मिल सकती थी, लेकिन कुलदीप यादव से शकील का कैच छूट गया।
हर्षित की तरह कुलदीप भी भाग्यशाली रहे क्योंकि शकील के कैच छोड़ने का ज्यादा नुकसान नहीं झेलना पड़ा। शकील को 35वें ओवर में हार्दिक पांड्या ने अपना शिकार बनाया। हार्दिक ने शकील को अक्षर के हाथों कैच कराया। शकील ने 76 गेंद में पांच चौके की मदद से 62 रन की पारी खेली। इसके बाद 37वें ओवर में रवींद्र जडेजा ने पाकिस्तान को पांचवां झटका। उन्होंने तैयब ताहिर को क्लीन बोल्ड किया जो चार रन बनाकर पवेलियन लौटे। इस तरह पाकिस्तान की आधी टीम 165 के स्कोर पर पवेलियन लौट गई।
42वें ओवर में लगा पहला छक्का
पाकिस्तान की बल्लेबाजी इस मैच में इस कदर खराब रही कि टीम ने अपना पहला छक्का 42वें ओवर में जाकर लगाया। अक्षर पटेल की गेंद पर खुशदिल शाह ने डीप मिड विकेट पर शानदार शॉट लगाकर छक्का जड़ा। पाकिस्तान ने 43वें ओवर में 200 रन पूरे किए, लेकिन कुलदीप यादव ने पहले सलमान आगा को जडेजा के हाथों कैच कराया और फिर अगली ही गेंद पर शाहीन अफरीदी को खाता खोले बिना पवेलियन भेजा। कुलदीप के पास हैट्रिक लेने का मौका था, लेकिन नसीम शाह ने ऐसा नहीं होने दिया। शकील और रिजवान के आउट होने के बाद पाकिस्तान के लिए कोई बड़ी साझेदारी नहीं हो सकी। खुशदिल शाह ने 39 गेंदों पर दो छक्कों की मदद से 38 रन बनाए, जबकि नसीम 16 गेंदों पर एक चौके के सहारे 14 रन बनाकर पवेलियन लौटे। हारिस रऊफ आठ रन बनाकर रन आउट हुए।