भारत और पाकिस्तान के बीच एशिया कप 2025 का महामुकाबला खेला जा रहा है। पाकिस्तान के कप्तान सलमान अली आगा ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी का फैसला लिया, लेकिन उनका यह निर्णय गलत साबित हुआ। भारतीय टीम के स्टार ऑलराउंडर हार्दिक पांड्या ने मुकाबले की पहली ही गेंद पर सैम अयूब को बुमराह के हाथों कैच कराया। वह खाता भी नहीं खोल पाए।
टी20 में पहली गेंद पर विकेट चटकाने वाले दूसरे भारतीय
एशिया कप के अपने दूसरे मुकाबले में भारतीय टीम का सामना पाकिस्तान से हो रहा है। इस मैच में हार्दिक पांड्या ने टीम को अच्छी शुरुआत दिलाई है। उन्होंने पहले ओवर की पहली गेंद पर विकेट लेकर बड़ी उपलब्धि हासिल कर ली। वह टी20 अंतरराष्ट्रीय में पहली गेंद पर विकेट हासिल करने वाले दूसरे भारतीय गेंदबाज बन गए। इससे पहले यह कारनामा तेज गेंदबाज अर्शदीप सिंह ने किया था। उन्होंने पिछले साल यूएस के खिलाफ शायन जहांगीर का विकेट चटकाया था।
बुमराह ने दिया दूसरा झटका
हार्दिक के बाद पारी का दूसरा ओवर फेंकने आए तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह ने भी पाकिस्तान को तगड़ा झटका दिया। उन्होंने विकेटकीपर बल्लेबाज मोहम्मद हारिस को अपना शिकार बनाया। दिलचस्प बात यह है कि पांड्या की गेंद पर बुमराह ने कैच लपका था जबकि बुमराह की गेंद पर पांड्या ने कैच लपका। हारिस पांच गेंदों में सिर्फ तीन रन बना पाए। इस तरह पाकिस्तान ने महज छह के स्कोर पर दो विकेट खो दिए।
दोनों टीमों की प्लेइंग 11 इस प्रकार है...
भारत: अभिषेक शर्मा, शुभमन गिल, सूर्यकुमार यादव (कप्तान), तिलक वर्मा, संजू सैमसन (विकेटकीपर), शिवम दुबे, हार्दिक पांड्या, अक्षर पटेल, कुलदीप यादव, जसप्रीत बुमराह, वरुण चक्रवर्ती।
पाकिस्तान: साहिबजादा फरहान, सईम अयूब, मोहम्मद हारिस (विकेटकीपर), फखर जमां, सलमान आगा (कप्तान), हसन नवाज, मोहम्मद नवाज, फहीम अशरफ, शाहीन अफरीदी, सुफियान मुकीम, अबरार अहमद।