विक्रम राठौड़ (दाएं) ने रहाणे-पुजारा का समर्थन किया
- फोटो : सोशल मीडिया
कानपुर में टेस्ट डेब्यू के मौके पर श्रेयस अय्यर की पारी ने भारतीय टीम मैनेजमेंट के सामने मुश्किलें खड़ी कर दी हैं। मुंबई में होने वाले दूसरे टेस्ट में रेगुलर टेस्ट कप्तान विराट कोहली वापसी करेंगे। ऐसे में किसी एक खिलाड़ी को बाहर बैठाना पड़ सकता है। राठौड़ ने यह बातें चौथे दिन के खेल के बाद कहीं।
पुजारा या रहाणे कौन होगा बाहर?
टीम मैनेजमेंट के सामने परेशानी यह है कि मयंक अग्रवाल और शुभमन गिल टीम में मौजूद दो ओपनर्स हैं। ऐसे में खराब फॉर्म में चल रहे चेतेश्वर पुजारा या अजिंक्य रहाणे में से किसी एक को बाहर किया जा सकता है। हालांकि बल्लेबाजी कोच विक्रम राठौड़ ने पुजारा और रहाणे का समर्थन किया है।
अभी कोई फैसला नहीं लिया गया
विक्रम ने कहा कि अभी किसी को भी टीम से बाहर करने के फैसले पर बात नहीं हुई है। आप अपने टॉप खिलाड़ियों को टीम में रखना चाहते हैं। पुजारा और रहाणे ने 90 और 80 टेस्ट खेले हैं। उन्होंने टेस्ट में कुछ स्पेशल किया होगा तभी टीम में हैं। वह फिलहाल खराब फॉर्म से जूझ रहे हैं।
विक्रम को उम्मीद है कि वापसी करेंगे
विक्रम ने कहा कि हमें उम्मीद है कि वह वापसी करेंगे। मैं यह नहीं बता सकता कि कब तक उन्हें मौका दिया जाएगा, कोई नंबर नहीं बता सकता। यह स्थिति पर निर्भर करेगा। हम फिलहाल उन्हें टीम से बाहर करने के बारे में कुछ नहीं सोच रहे। श्रेयस को टीम में रखने और पुजारा-रहाणे पर फैसला मुंबई पहुंचने के बाद लिया जाएगा।
रहाणे का मौजूदा फॉर्म
अगर मौजूदा फॉर्म को देखा जाए तो रहाणे को टीम से बाहर किया जा सकता है। पिछले 12 महीने में रहाणे ने 12 टेस्ट में 24.66 की औसत से रन बनाए हैं। अश्विन ने उनसे ज्यादा की औसत (26.14) से रन बनाए हैं। हालांकि, रहाणे टीम के उपकप्तान हैं और अगर टीम इंडिया उनकी कप्तानी में कानपुर टेस्ट जीतती है, तो टीम इंडिया उन्हें ड्रॉप करने के बारे में जरूर सोचेगी।
पुजारा का मौजूदा फॉर्म
वहीं, पुजारा ने खराब फॉर्म के बावजूद पिछले 12 महीने में कुछ रन बनाए हैं और अहम मौकों पर टीम को मुश्किल से निकाला है। इसमें इस साल की शुरुआत में सिडनी टेस्ट शामिल है। पुजारा ने पिछले 12 महीने में 28.08 की औसत से रन बनाए हैं और किसी-किसी मैच में 30-40 रन बनाकर टीम को मुश्किल परिस्थिति से निकाला है। अब यह टीम मैनेजमेंट और कप्तान विराट को सोचना होगा कि किसे रखा जाए और किसे बाहर किया जाए।