भारतीय विकेटकीपर ऋषभ पंत के लिए वनडे और टी20 के पिछले कुछ मैच अच्छे नहीं रहे हैं। वह दोनों फॉर्मेट को मिलाकर पिछली नौ पारियों में एक भी अर्धशतक नहीं लगा पाए हैं। पंत ने 10, 15, 11, 6, 6, 3, 9, 9 और 27 रन की पारी खेली है। इसके बावजूद उन्हें लगातार मौके दिए जा रहे हैं। पंत के कारण संजू सैमसन को प्लेइंग-11 में नहीं रखा जा रहा है। खराब फॉर्म के बावजूद उन्हें न्यूजीलैंड के खिलाफ वनडे सीरीज में कप्तानी करने वाले शिखर धवन का साथ मिला है।
शिखर धवन ने पंत को मैच विनर बताया है। उन्होंने कहा कि मुश्किल समय में पंत को भरपूर साथ मिलना चाहिए। धवन ने कहा, "कुल मिलाकर आपको बड़ी तस्वीर देखनी होगी और आपका मैच विजेता कौन है। आप विश्लेषण करते हैं और आपके फैसले उसी पर आधारित होते हैं।" पंत ने हाल के दिनों में टेस्ट क्रिकेट में कई शानदार पारियां खेली हैं, लेकिन सीमित ओवरों में वह खराब फॉर्म से जूझ रहे हैं।
न्यूजीलैंड के खिलाफ बारिश के कारण रद्द हुए तीसरे वनडे में पंत ने 16 गेंद पर 10 रन बनाए। भारतीय टीम 47.3 ओवर में 219 रन बनाकर ऑलआउट हो गई। जवाब में न्यूजीलैंड ने 18 ओवर में एक विकेट पर 104 रन बना लिए थे। इसके बाद बारिश के कारण खेल नहीं हो सका और मैच को रद्द घोषित किया गया। न्यूजीलैंड ने सीरीज को 1-0 से अपने नाम किया। दूसरा वनडे भी बारिश के कारण नहीं हो पाया था। न्यूजीलैंड पहला वनडे जीता था।
सैमसन की बात करें तो उन्हें बहुत ही कम मौके मिले हैं। उन्होंने दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ घरेलू वनडे सीरीज में बेहतरीन प्रदर्शन किया है। सैमसन को ऑकलैंड में पहला वनडे खेलने का मौका मिला था और उन्होंने 36 रन बनाए थे। उसके बाद लगातार दो वनडे में उन्हें बाहर रखा गया। धवन से जब उनके बारे में सवाल पूछा गया तो उन्होंने कहा कि सैमसन को अभी इंतजार करना होगा।
धवन ने कहा, ''कप्तान के तौर पर मेरे लिए कोई मुश्किल बात नहीं है। बेशक, संजू सैमसन को जो भी मौका मिले हैं उनमें उन्होंने अच्छा प्रदर्शन किया है। लेकिन कभी-कभी आपको अपने मौकों के लिए इंतजार करना पड़ता है, क्योंकि दूसरे खिलाड़ी ने अच्छा प्रदर्शन किया है। हम पंत की क्षमता को जानते हैं। वह एक मैच विजेता खिलाड़ी है। अगर वह अच्छा प्रदर्शन नहीं कर रहा है तो उसे समर्थन करना चाहिए।''