न्यूजीलैंड के कप्तान मिचेल सैंटनर ने शनिवार को कहा कि भारत के खिलाफ टी20 विश्व कप के फाइनल से पहले जसप्रीत बुमराह जैसी काबिलियत वाले गेंदबाज का नाम उनकी टीम की रणनीतिक चर्चाओं में आना स्वाभाविक है। बुमराह इस टी20 विश्व कप में शानदार फॉर्म में हैं और सेमीफाइनल में इंग्लैंड के खिलाफ उनके डेथ ओवर के प्रदर्शन को अब तक की यादगार गेंदबाजी में गिना जा रहा है।
सैंटनर ने किया आगाह
सैंटनर ने साथ ही चेतावनी भी दी कि केवल बुमराह पर ध्यान देना मूर्खतापूर्ण होगा क्योंकि कई भारतीय खिलाड़ी अलग-अलग मैचों में अहम भूमिका निभा चुके हैं। सैंटनर ने कहा, बुमराह मुझे लगता है कि वह जिस तरह से खेल रहे हैं, उनका नाम हर चर्चा में होना चाहिए। इंग्लैंड के खिलाफ उनकी गेंदों को हिट करना काफी मुश्किल लग रहा था और निश्चित रूप से वह भारत के लिए गेम चेंजर हैं। हमें पता था कि बुमराह हमेशा अच्छा प्रदर्शन करेंगे। वह स्पष्ट रूप से एक विश्व-स्तरीय गेंदबाज हैं। लेकिन सिर्फ वह ही नहीं, टीम के हर सदस्य ने अलग समय पर योगदान दिया है और बतौर टीम, आप इसी तरह होना चाहते हैं।
कीवी कप्तान ने वरुण से सावधान रहने कहा
जहां तक वरुण चक्रवर्ती का सवाल है तो उनके लिए यह टूर्नामेंट उनके मानकों के अनुसार खराब रहा है लेकिन फिर भी सैंटनर मानते हैं कि फाइनल में तमिलनाडु का यह गेंदबाज अपनी मिस्ट्री गेंदबाजी से फिर कमाल कर सकते हैं। क्या वरुण के खराब फॉर्म होने से न्यूजीलैंड को मानसिक बढ़त मिलेगी? सैंटनर ने स्पष्ट रूप से कहा, नहीं मुझे ऐसा नहीं लगता। हम सभी जानते हैं कि वह कितने अच्छे गेंदबाज हैं। किसी भी गेंदबाज के लिए चुनौती तब होती है जब पिच सपाट हो। लेकिन सपाट पिच पर हर कोई 60 रन बना सकता है। उन्हें पता होना चाहिए कि वे अब भी बहुत अच्छे गेंदबाज हैं। आपको पता होना चाहिए कि आप हवा का रूख बदलने के लिए सिर्फ एक मैच दूर हैं।