टी20 विश्व कप 2026 का फाइनल मुकाबला रविवार को अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में भारत और न्यूजीलैंड के बीच खेला जाएगा। एक ओर गत विजेता भारत तीसरी बार खिताब जीतने के लक्ष्य के साथ उतरेगा। वहीं, न्यूजीलैंड पहली बार टी20 विश्व कप जीतकर इतिहास रचना चाहेगा। दोनों टीमों के पास मैच विनर खिलाड़ियों की कमी नहीं है। ऐसे में फाइनल में कुछ खास खिलाड़ियों की भूमिका बेहद अहम रहने वाली है, जिनके प्रदर्शन से मैच का रुख तय हो सकता है।
आइए जानते हैं कि दोनों टीमों से किन खिलाड़ियों पर सबसे ज्यादा नजरें रहेंगी और कौन किस पर भारी पड़ सकता है।
संजू सैमसन
- फोटो : IANS
भारत के ये खिलाड़ी बन सकते हैं मैच विनर
भारतीय टीम के ओपनर संजू सैमसन इस विश्व कप में शानदार फॉर्म में हैं। उन्होंने लगातार दो मैचों में 97* और 89 रन की मैच जिताऊ पारियां खेली हैं। अब तक चार पारियों में सैमसन 232 रन बना चुके हैं और उनका स्ट्राइक रेट 200 से ऊपर है। अगर फाइनल में भी सैमसन का बल्ला चला तो भारत को पावरप्ले में बड़ी बढ़त मिल सकती है, जो न्यूजीलैंड के लिए मुश्किलें खड़ी कर सकती है।
जसप्रीत बुमराह
- फोटो : PTI
भारत के सबसे बड़े हथियार तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह रहे हैं। उन्होंने पूरे टूर्नामेंट में अपनी घातक गेंदबाजी से बल्लेबाजों को परेशान किया है और अब तक 10 विकेट ले चुके हैं। बुमराह की खासियत उनकी सटीक यॉर्कर और खतरनाक बाउंसर है। खासकर डेथ ओवर्स में उनका सामना करना किसी भी बल्लेबाज के लिए आसान नहीं होता। फाइनल में उनका मुकाबला न्यूजीलैंड के विस्फोटक ओपनर फिन एलन से बेहद दिलचस्प हो सकता है।
ये भी पढ़ें: T20 World Cup: फाइनल से पहले वरुण को मिला कप्तान का साथ, प्लेइंग-11 में बदलाव पर क्या बोले सूर्यकुमार?
वरुण चक्रवर्ती
- फोटो : ANI
भारत के मिस्ट्री स्पिनर वरुण चक्रवर्ती इस विश्व कप के सबसे सफल गेंदबाजों में शामिल हैं। उन्होंने अब तक 13 विकेट लेकर विपक्षी टीमों को लगातार परेशान किया है। हालांकि, सेमीफाइनल में वह महंगे साबित हुए थे। अहमदाबाद की पिच स्पिन गेंदबाजों के लिए मददगार मानी जाती है। ऐसे में चक्रवर्ती की रहस्यमयी गेंदबाजी न्यूजीलैंड के बल्लेबाजों के लिए बड़ी चुनौती बन सकती है।
हार्दिक पांड्या
- फोटो : ANI
भारतीय ऑलराउंडर हार्दिक पांड्या इस टूर्नामेंट में टीम के सबसे अहम खिलाड़ियों में से एक रहे हैं। उन्होंने 8 मैचों में 199 रन बनाने के साथ 8 विकेट भी लिए हैं। हार्दिक की सबसे बड़ी ताकत यह है कि वह बड़े मैचों के खिलाड़ी हैं। अहम मौकों पर तेज रन बनाने और विकेट निकालने की क्षमता उन्हें भारत के लिए सबसे खतरनाक खिलाड़ी बनाती है।
अभिषेक शर्मा
- फोटो : PTI
टी20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट के नंबर-1 बल्लेबाज अभिषेक शर्मा इस विश्व कप में अभी तक बड़ी पारी नहीं खेल पाए हैं। लेकिन उनकी विस्फोटक बल्लेबाजी किसी भी समय मैच का रुख बदल सकती है। अगर अभिषेक शर्मा फाइनल में पावरप्ले में आक्रामक शुरुआत दे देते हैं तो न्यूजीलैंड की गेंदबाजी पर भारी दबाव बन सकता है।
फिन एलेन
- फोटो : IANS
न्यूजीलैंड के ये खिलाड़ी बन सकते हैं भारत के लिए खतरा
न्यूजीलैंड के ओपनर फिन एलेन इस विश्व कप के सबसे विस्फोटक बल्लेबाज साबित हुए हैं। उन्होंने सात पारियों में 289 रन बनाए हैं और उनका स्ट्राइक रेट 200 से ज्यादा है। सेमीफाइनल में उन्होंने दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ सिर्फ 33 गेंदों में शतक लगाकर इतिहास रच दिया था। एलेन की खासियत यह है कि वह पहले ही ओवर से गेंदबाजों पर हमला बोलते हैं। अगर भारत उन्हें जल्दी आउट नहीं कर पाया तो मैच का रुख शुरुआत में ही न्यूजीलैंड की तरफ जा सकता है।
ग्लेन फिलिप्स
- फोटो : PTI
ग्लेन फिलिप्स न्यूजीलैंड के सबसे खतरनाक ऑलराउंडरों में से एक हैं। इस टूर्नामेंट में उन्होंने मध्यक्रम में तेज रन बनाए हैं और जरूरत पड़ने पर ऑफ स्पिन से विकेट भी लिए हैं। इसके अलावा फिलिप्स को दुनिया के बेहतरीन फील्डरों में गिना जाता है। उनकी शानदार फील्डिंग मैच में 10-15 रन बचाकर भी गेम बदल सकती है।
ये भी पढ़ें: अहमदाबाद में अग्निपरीक्षा: फाइनल से पहले ऑस्ट्रेलियाई कप्तान के अंदाज में सैंटनर! क्या भारत के साथ माइंड गेम?
मैट हेनरी
- फोटो : ANI
तेज गेंदबाज मैट हेनरी न्यूजीलैंड के प्रमुख विकेट टेकर हैं। इस विश्व कप में उन्होंने सात मैचों में 9 विकेट लिए हैं और नई गेंद से बल्लेबाजों को परेशान किया है। उनकी स्विंग गेंदबाजी भारत के टॉप ऑर्डर के लिए खतरा बन सकती है, खासकर पावरप्ले में।
रचिन रवींद्र
- फोटो : ANI
न्यूजीलैंड के युवा ऑलराउंडर रचिन रवींद्र ने इस विश्व कप में गेंद से शानदार प्रदर्शन किया है। उन्होंने 8 मैचों में 11 विकेट लिए हैं और कई मौकों पर टीम को ब्रेकथ्रू दिलाए हैं। रवींद्र बल्लेबाजी भी कर सकते हैं और भारतीय परिस्थितियों में उनकी स्पिन गेंदबाजी काफी असरदार हो सकती है।
मिचेल सैंटनर
- फोटो : PTI
न्यूजीलैंड के कप्तान मिचेल सैंटनर भी फाइनल में बड़ा रोल निभा सकते हैं। वह अपनी सटीक स्पिन गेंदबाजी के साथ-साथ निचले क्रम में तेज रन बनाने की क्षमता रखते हैं। हाल ही में श्रीलंका के खिलाफ उन्होंने 26 गेंदों में 47 रन बनाकर टीम को मुश्किल स्थिति से बाहर निकाला था। अहमदाबाद की पिच स्पिनरों के लिए मददगार हो सकती है, इसलिए सैंटनर भारत के बल्लेबाजों को रोकने में अहम भूमिका निभा सकते हैं।