फॉर्म में चल रहे बल्लेबाज डेरिल मिचेल को भारत के खिलाफ उसकी सरजमीं पर होने वाली दो टेस्ट की आगामी सीरीज के लिए चोटिल बल्लेबाज डेवोन कॉन्वे की जगह टीम में शामिल किया गया है।
बुधवार को इंग्लैंड के खिलाफ सेमीफाइनल में न्यूजीलैंड की जीत के दौरान कॉन्वे के हाथ में फ्रेक्चर हो गया था, जिसके कारण वह भारत दौरे और रविवार को ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ हुए आईसीसी टी-20 विश्व कप फाइनल से बाहर हो गए थे। न्यूजीलैंड के कोच गैरी स्टीड ने कहा कि कॉन्वे अगले हफ्ते भारत के खिलाफ तीन मैचों की शृंखला के बाद टी-20 टीम के साथ स्वदेश लौटेंगे।
वहीं, मिचेल टेस्ट सीरीज के लिए वहीं रुकेंगे। न्यूजीलैंड क्रिकेट (एनजेडसी) की ओर से जारी बयान में स्टीड ने कहा,- यह निराशाजनक है कि डेवोन नए विश्व टेस्ट चैंपियनशिप चक्र की पहली सीरीज से बाहर हो गया है लेकिन यह किसी अन्य खिलाड़ी के लिए मौका है।
स्टीड ने कहा- डेरिल की विविधता कई बल्लेबाजी क्रम पर काम आ सकती है और इस समय निश्चित तौर पर वह आत्मविश्वास से भरा है। स्टीड ने कहा कि उन्होंने साबित किया है कि वह टेस्ट क्रिकेट में शानदार प्रदर्शन कर सकते हैं और मुझे पता है कि वह दोबारा टेस्ट टीम से जुड़ने को लेकर रोमांचित है।
जयपुर में 17 नवंबर से शुरू हो रही तीन टी20 अंतरराष्ट्रीय मैचों की सीरीज के लिए न्यूजीलैंड की टीम सोमवार को भारत पहुंचेगी। दूसरा टी-20 रांची में 19 नवंबर जबकि तीसरा कोलकाता में 21 नवंबर को खेला जाएगा। दो टेस्ट की सीरीज का पहला टेस्ट कानपुर में 25 नवंबर से जबकि दूसरा टेस्ट मुंबई में तीन दिसंबर से खेला जाएगा।