चैंपियंस ट्रॉफी 2025 में मेजबान पाकिस्तान टीम का बोरा-बिस्तर भले ही बंध चुका है लेकिन पाकिस्तान क्रिकेट में बवाल खत्म होने का नाम नहीं ले रहा है। कभी मौजूदा टीम में गुटबाजी की खबरें सामने आती हैं तो कभी पूर्व क्रिकेटर्स के बीच तनातनी देखने को मिलती है। इस बीच पाकिस्तान के पूर्व कप्तान मोहम्मद हफीज ने अपने ही क्रिकेट बोर्ड को लताड़ लगाई है। उन्होंने कहा कि पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (पीसीबी) का लक्ष्य इस टूर्नामेंट से पैसे कमाना था, न कि जीतना। इस दौरान उन्होंने भारतीय टीम की प्रशंसा की।
एक भी मैच नहीं जीत सकी पाकिस्तान की टीम
चैंपियंस ट्रॉफी में मोहम्मद रिजवान के नेतृत्व वाली टीम का प्रदर्शन बेहद खराब रहा। वह पहले ही दौर से बाहर हो गई थी। उन्हें पहले ही मुकाबले में न्यूजीलैंड ने 60 रन से हराया। इसके बाद भारत ने पाकिस्तान को छह विकेट से शिकस्त दी। वहीं, बांग्लादेश के खिलाफ खेला गया ग्रुप स्टेज का आखिरी मुकाबला बारिश के कारण एक भी गेंद फेंके बिना रद्द हो गया। टीम के इस खराब प्रदर्शन से पाकिस्तान क्रिकेट में बवाल मचा हुआ है। इस पर पूर्व क्रिकेटर्स अलग-अलग तरह की राय रख रहे हैं।
भारत का न्यूजीलैंड से होगा फाइनल में सामना
वहीं, भारत के प्रदर्शन पर नजर डालें तो रोहित शर्मा की अगुआई में टीम ने अपने चारों मुकाबलों में जीत के साथ फाइनल में प्रवेश किया है। अब उनका सामना नौ मार्च (रविवार) को न्यूजीलैंड से होगा। दोनों टीमें 25 साल बाद आईसीसी के सीमित ओवर प्रारूप के खिताबी मुकाबले में आमने-सामने होंगी। क्रिकेट जगत के कुछ दिग्गजों का मानना है कि भारत को दुबई की पिच पर खेलने का फायदा मिल रहा है। वहीं, कुछ ने अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (आईसीसी) पर भारत को अधिक समर्थन देने का आरोप लगाया है। इस पर अब पाकिस्तान के पूर्व कप्तान मोहम्मद हफीज ने खुलकर बात की है।
दक्षिण अफ्रीका की सेमीफाइनल में शिकस्त पर क्या बोले हफीज?
हफीज ने 'गेम ऑन है' कार्यक्रम में कहा कि सभी टीमों के क्रिकेट बोर्ड की प्राथमिकताएं अलग हैं। इस दौरान उन्होंने दक्षिण अफ्रीका पर भी बात की। उन्होंने कहा- जब हम 2021 में दक्षिण अफ्रीका के दौरे पर गए थे। उस दौरान उन्होंने अपने खिलाड़ियों को आईपीएल खेलने के लिए भारत भेज दिया था। उनका मानना है कि उनका बोर्ड आर्थिक रूप से ज्यादा मजबूत नहीं है। वे पैसे चाहते हैं। यही नहीं उन्होंने उस दौरान अपनी टेस्ट टीम भी न्यूजीलैंड भेज दी थी। जिसके बाद काफी सवाल उठाए गए। पाकिस्तान के साथ उन्होंने अपनी सी टीम मैदान में उतार दी थी। बता दें कि, टेम्बा बावुमा की अगुआई में दक्षिण अफ्रीका की टीम ने ग्रुप स्टेज पर शानदार प्रदर्शन किया था और सेमीफाइनल में पहुंची थी। हालांकि, न्यूजीलैंड के खिलाफ पांच मार्च को खेले गए मुकाबले में उन्हें 50 रन से हार का सामना करना पड़ा और टीम फाइनल में प्रवेश करने से चूक गई।
'भारत जीतने के लिए खेल रहा'
इसके बाद हफीज ने भारत और पाकिस्तान पर भी बात की। उन्होंने कहा- ये एसए टी20 जो लीग है, उन्हें लगता है कि उनकी ये पैसे बनाने वाली मशीन है। हमारी भी पॉलिसी में देखे ना हम दूसरी बार हाइब्रिड मॉडल के साथ समझौता कर पैसा कमाके, जो कुछ भी हमें मिला उसमें खुश हो गए। लेकिन कुछ नहीं मिला हमें, पैसों के अलावा हमने वो लिया, कुछ तख्तियां लगा दीं बात खत्म। हमें जो चाहिए था, हमने वो ले लिया। दक्षिण अफ्रीका को जो चाहिए था, उन्होंने वो ले लिया। लेकिन जो जीतने के लिए खेल रही है। वो इंडिया की टीम है। हम अक्सर बात करते हैं कि उन्हें बहुत समर्थन मिल रहा है। कोई समर्थन नहीं मिल रहा है भाई। जो समर्थन मिल रहा है, वह अपनी अच्छी क्रिकेट से हासिल कर रहे हैं। उनकी जो भी प्लानिंग है, वह आईसीसी की ट्रॉफी जीतने के लिए है।