स्पिनर वरुण चक्रवर्ती के दमदार प्रदर्शन से भारत ने ग्रुप ए के अंतिम मुकाबले में न्यूजीलैंड को 44 रनों से हराया। भारत का ग्रुप चरण में अजेय अभियान जारी रहा और टीम ने तीनों मैच जीतकर ग्रुप ए में शीर्ष पर रहते हुए इस चरण का अंत किया। भारत का सामना अब सेमीफाइनल में ऑस्ट्रेलिया से चार मार्च को दुबई में होगा। ऑस्ट्रेलिया की टीम ग्रुप बी में दूसरे स्थान पर रही थी। वहीं, एक अन्य सेमीफाइनल में पांच मार्च को न्यूजीलैंड की भिड़ंत दक्षिण अफ्रीका से लाहौर में होगी।
भारत ने पहले बल्लेबाजी करते हुए श्रेयस अय्यर की अर्धशतकीय पारी के दम पर 50 ओवर में नौ विकेट पर 249 रन बनाए थे। लक्ष्य का पीछा करते हुए केन विलियमसन ने 81 रन बनाए, लेकिन न्यूजीलैंड की टीम 45.3 ओवर में 205 रन पर ऑलआउट हो गई। भारत के लिए वरुण ने शानदार प्रदर्शन किया और 10 ओवर में 42 रन देकर पांच विकेट झटके। वरुण का चैंपियंस ट्रॉफी में यह पहला ही मैच था और वह चमक बिखेरने में सफल रहे। न्यूजीलैंड एक समय अच्छी स्थिति में था, लेकिन वरुण ने दमदार प्रदर्शन कर भारत के पक्ष में रुख पलट दिया। भारत की ओर से वरुण के अलावा कुलदीप यादव ने दो विकेट लिए, जबकि हार्दिक पांड्या, अक्षर पटेल और रवींद्र जडेजा को एक-एक विकेट मिला।
दिलचस्प बात यह है कि भारत इस मुकाबले में चार स्पिनर और दो तेज गेंदबाजों के साथ उतरा था। भारतीय टीम को चार स्पिनर उतारने का फायदा मिला क्योंकि न्यूजीलैंड के नौ विकेट स्पिनरों ने ही झटके। भारत की ओर से मोहम्मद शमी एकमात्र गेंदबाज रहे जो खाली हाथ रहे। उन्होंने हालांकि, इस मैच में सिर्फ चार ओवर गेंदबाजी की।
न्यूजीलैंड की ओर से विलियमसन के अलावा कोई बल्लेबाज अच्छा प्रदर्शन नहीं कर सका। कीवी टीम के लिए कप्तान मिचेल सैंटनर ने 28 रन, टॉम लाथम ने 14, डेरिल मिचेल ने 17, विल यंग ने 22, रचिन रवींद्र ने 6, ग्लेन फिलिप्स ने 12 और मैट हेनरी ने दो रन बनाए। काइल जैमिसन नौ रन बनाकर नाबाद लौटे।
वरुण चक्रवर्ती ने शानदार प्रदर्शन जारी रखते हुए न्यूजीलैंड को नौवां झटका दिया। वरुण की गेंद पर बड़ा शॉट लगाने के चक्कर में मैट हेनरी अपना विकेट गंवा बैठे। हेनरी चार गेंदों पर दो रन बनाकर आउट हुए। वरुण को चैंपियंस ट्रॉफी में पहली बार खेलने का मौका मिला था और उन्होंने पहले ही मैच में जलवा बिखेरा। वरुण अब तक मैच में पांच विकेट ले चुके हैं। न्यूजीलैंड ने 45 ओवर की समाप्ति तक नौ विकेट पर 198 रन बना लिए हैं।
वरुण चक्रवर्ती ने मिचेल सैंटनर को आउट कर न्यूजीलैंड को आठवां झटका दिया। सैंटनर अच्छी बल्लेबाजी कर रहे थे, लेकिन वरुण ने उन्हें बोल्ड कर पवेलियन की राह दिखाई। सैंटनर 31 गेंदों पर एक चौका और दो छक्कों की मदद से 28 रन बनाकर आउट हुए।
अक्षर पटेल ने केएल राहुल के हाथों स्टंप कराकर केन विलियमसन को आउट किया और सातवीं सफलता हासिल की। विलियमसन अच्छी बल्लेबाजी कर रहे थे और अर्धशतक लगा चुके थे, लेकिन अक्षर की गेंद पर उन्होंने आगे बढ़कर खेलने का प्रयास किया और चूक गए। राहुल ने कोई गलती नहीं की और आराम से उन्हें स्टंप किया। विलियमसन 120 गेंदों पर सात चौकों की मदद से 81 रन बनाकर आउट हुए। न्यूजीलैंड ने 169 रन पर सात विकेट गंवा दिए हैं।
स्पिनर वरुण चक्रवर्ती ने न्यूजीलैंड के बल्लेबाजों को परेशान करना जारी रखा और माइकल ब्रेसवेल को आउट कर न्यूजीलैंड को छठा झटका दिया। वरुण ने न्यूजीलैंड की पारी लड़खड़ा दी है और मैच का अपना तीसरा विकेट हासिल कर लिया है। न्यूजीलैंड ने 159 के स्कोर पर छह विकेट गंवा दिए हैं और उसे अभी और 91 रन बनाने हैं। विलियसमन दूसरे छोर पर क्रीज पर टिके हुए हैं।
स्पिनर वरुण चक्रवर्ती ने ग्लेन फिलिप्स को आउट कर न्यूजीलैंड को पांचवां झटका दिया। फिलिप्स आठ गेंदों पर एक छक्के की मदद से 12 रन बनाकर आउट हुए। वरुण का इस मैच का यह दूसरा विकेट है। न्यूजीलैंड ने 36 ओवर की समाप्ति तक पांच विकेट पर 152 रन बना लिए हैं। उसे अभी जीत के लिए 84 गेंदों पर 98 रन बनाने हैं। केन विलियमयन हालांकि, 70 रन बनाकर क्रीज पर मौजूद हैं।
रवींद्र जडेजा ने कप्तान टॉम लाथम को आउट कर न्यूजीलैंड को चौथा झटका दिया। लाथम 20 गेंदों पर 14 रन बनाकर आउट हुए। केन विलियमसन हालांकि क्रीज पर टिके हुए और अर्धशतक बनाकर खेल रहे हैं।
न्यूजीलैंड को तीसरा झटका कुलदीप यादव ने दिया। उन्होंने डेरिल मिचेल को अपना शिकार बनाया। वह 17 रन बनाकर पवेलियन लौटे। पांचवें नंबर पर बल्लेबाजी के लिए टॉम लाथम उतरे हैं। उनका साथ देने के लिए केन विलियमसन क्रीज पर मौजूद हैं।
दो झटके लगने के बाद केन विलियमसन और डेरिल मिचेल ने साझेदारी कर न्यूजीलैंड को संभाला जिससे कीवी टीम ने 22 ओवर की समाप्ति के बाद दो विकेट पर 85 रन बना लिए हैं। विलियमसन अच्छी बल्लेबाजी कर रहे हैं और अर्धशतक लगाने के करीब पहुंच गए हैं।
न्यूजीलैंड ने लक्ष्य का पीछा करते हुए 15 ओवर की समाप्ति के बाद दो विकेट पर 55 रन बना लिए हैं। फिलहाल क्रीज पर केन विलियमसन के साथ डेरिल मिचेल मौजूद हैं। भारत को रचिन रवींद्र और विल यंग के रूप में दो सफलताएं मिली है।
वरुण चक्रवर्ती ने विल यंग को बोल्ड कर न्यूजीलैंड को दूसरा झटका दिया। लक्ष्य का पीछा करते हुए न्यूजीलैंड ने 49 रन के स्कोर पर दो विकेट गंवा दिए हैं। यंग 35 गेंदों पर तीन चौकों की मदद से 22 रन बनाकर आउट हुए।
पहला झटका लगने के बाद विल यंग ने केन विलियमसन ने न्यूजीलैंड की पारी को संभाले रखा है। न्यूजीलैंड ने आठ ओवर की समाप्ति तक एक विकेट पर 35 रन बना लिए हैं। न्यूजीलैंड ने लक्ष्य का पीछा करते हुए रचिन रवींद्र का विकेट जल्द गंवा दिया था।
हार्दिक पांड्या ने रचिन रवींद्र को आउट कर न्यूजीलैंड को पहला झटका दिया। रचिन ने शॉट खेलने की कोशिश और बाउंड्री पर खड़े अक्षर पटेल ने शानदार कैच लपक कर रचिन की पारी का अंत किया। रचिन 12 गेंदों पर छह रन बनाकर आउट हुए। न्यूजीलैड ने चार ओवर की समाप्ति तक एक विकेट पर 17 रन बना लिए हैं।
लक्ष्य का पीछा करते हुए न्यूजीलैंड की बल्लेबाजी शुरू हो गई है और विल यंग के साथ रचिन रवींद्र पारी का आगाज करने उतरे हैं। भारत ने न्यूजीलैंड के सामने जीत के लिए 250 रनों का लक्ष्य रखा है।
श्रेयस अय्यर की अर्धशतकीय पारी से भारत न्यूजीलैंड के सामने 250 रनों का लक्ष्य रखने में सफल रहा। न्यूजीलैंड ने टॉस जीतकर भारत को पहले बल्लेबाजी करने का न्योता दिया था, लेकिन भारत की शुरुआत अच्छी नहीं रही और उसने जल्द ही तीन विकेट गंवा दिए। इसके बाद श्रेयस और अक्षर पटेल ने मिलकर चौथे विकेट के लिए 98 रनों की साझेदारी की। अक्षर और श्रेयस के आउट होने के बाद भारतीय पारी लड़खड़ा गई। भारत ने 50 ओवर में नौ विकेट पर 249 रन बनाए।
भारत के लिए श्रेयस ने 98 गेंदों पर चार चौकों और दो छक्कों की मदद से 79 रन बनाए। उनके अलावा हार्दिक पांड्या ने 45 गेंदों पर चार चौकों और दो छक्कों के सहारे 45 रन बनाए। वहीं, अक्षर पटेल ने 61 गेंदों पर तीन चौकों और एक छक्के के सहारे 42 रन, केएल राहुल ने 23 रन, रवींद्र जडेजा ने 16, कप्तान रोहित शर्मा ने 15, अपना 300वां वनडे मैच खेल रहे विराट कोहली ने 11, मोहम्मद शमी ने 5 और शुभमन गिल ने दो रन बनाए। न्यूजीलैंड की ओर से मैट हेनरी सबसे सफल गेंदबाज रहे जिन्गोंने आठ ओवर में 42 रन देकर पांच विकेट झटके। वहीं, काइल जैमिसन, विलियम ओ रुर्के, मिचेल सैंटनर और रचिन रवींद्र को एक-एक विकेट मिला।
मैट हेनरी की गेंद पर केन विलियमसन ने शानदार कैच पकड़कर रवींद्र जडेजा की पारी का अंत किया। जडेजा 20 गेंदों पर एक चौके की मदद से 16 रन बनाकर आउट हुए। भारत ने 46 ओवर की समाप्ति के बाद सात विकेट पर 223 रन बना लिए हैं।
भारत का स्कोर न्यूजीलैंड के खिलाफ 200 के पार पहुंच गया है। क्रीज पर फिलहाल हार्दिक पांड्या के साथ रवींद्र जडेजा मौजूद हैं। न्यूजीलैंड ने भारत अब तक छह विकेट गिरा दिए हैं। 43 ओवर की समाप्ति के बाद भारत का स्कोर छह विकेट पर 202 रन पहुंच गया है।
श्रेयस अय्यर के बाद केएल राहुल का विकेट भी गिर गया है। मिचेल सैंटनरने राहुल को आउट कर भारत को छठा झटका दिया। राहुल 29 गेंदों पर एक चौकों की मदद से 23 रन बनाकर पवेलियन लौटे। भारत ने 40 ओवर की समाप्ति तक छह विकेट पर 185 रन बनाए हैं।
श्रेयस अय्यर 79 रन बनाकर आउट हो गए। उन्हें विलियम उरुरकी ने यंग के हाथों कैच कराया। उनके आउट होने के बाद हार्दिक पांड्या बल्लेबाजी करने उतरे। पांड्या के साथ केएल राहुल क्रीज पर मौजूद हैं।
श्रेयस अय्यर की शानदार बल्लेबाजी जारी है जिससे भारत का स्कोर 35 ओवर की समाप्ति के बा चार विकेट पर 164 रन हो गया है। श्रेयस का साथ देने केएल राहुल भी क्रीज पर मौजूद हैं जो अक्षर पटेल के आउट होने के बाद बल्लेबाजी के लिए आए थे।
रचिन रवींद्र ने अक्षर पटेल को आउट कर भारत को चौथा झटका दिया। अक्षर अच्छी बल्लेबाजी कर रहे थे और श्रेयस अय्यर के साथ साझेदारी निभा रहे थे, लेकिन रचिन की गेंद पर केन विलियमसन को कैच थमा बैठे। अक्षर अर्धशतक लगाने के करीब थे, लेकिन इससे चूक गए। अक्षर 61 गेंदों पर तीन चौकों और एक छक्के की मदद से 42 रन बनाकर आउट हुए। अक्षर और श्रेयस के बीच चौथे विकेट के लिए 98 रनों की साझेदारी हुई।
श्रेयस अय्यर ने न्यूजीलैंड के खिलाफ अर्धशतक जड़ दिया है। श्रेयस का चैंपियंय ट्रॉफी में यह लगातार दूसरा पचासा है। इससे पहले उन्होंने पाकिस्तान के खिलाफ भी अर्धशतक लगाया था। श्रेयस ने अक्षर पटेल के साथ मिलकर भारत को संभाले रखा है और दोनों बल्लेबाजों के बीच चौथे विकेट के लिए 50+ रनों की साझेदारी पूरी हो चुकी है। 28 ओवर की समाप्ति के बाद भारत का स्कोर तीन विकेट पर 118 रन है।
श्रेयस अय्यर और अक्षर पटेल के बीच शानदार साझेदारी हो रही जिससे भारत का स्कोर 25 ओवर बाद तीन विकेट पर 104 रन हो गया है। भारत ने शुरुआती में ही तीन विकेट गंवा दिए थे, लेकिन श्रेयस और अक्षर ने चौथे विकेट के लिए 50+ रनों की साझेदारी कर भारत को संभाला। श्रेयस अब अर्धशतक की ओर बढ़ रहे हैं।
शुरुआती झटके लगने के बाद श्रेयस अय्यर और अक्षर पटेल ने भारतीय पारी को संभाला और स्कोर 70 के पार पहुंचा दिया। 18 ओवर की समाप्ति तक भारत ने तीन विकेट पर 72 रन बना लिए हैं।
श्रेयस अय्यर और अक्षर पटेल अच्छी फॉर्म में नजर आ रहे हैं। दोनों के बीच 56 गेंदों में 27 रनों की साझेदारी हो चुकी है। 16 ओवर के बाद भारत का स्कोर 57/3 है।
30 रन पर तीन विकेट खो चुकी भारतीय टीम को अब एक अच्छी साझेदारी की जरूरत है। फिलहाल क्रीज पर श्रेयस अय्यर और अक्षर पटेल मौजूद हैं। 12 ओवर का खेल पूरा हो चुका है और भारतीय टीम का स्कोर 41/3 है।
भारत को सातवें ओवर में 30 के स्कोर पर तीसरा झटका लगा। मैट हेनरी ने पॉइंट पर विराट कोहली को कैच कराया। फिलिप्स ने हवा में उड़ते हुए एक हाथ से एक और बेहतरीन कैच लपका। कोहली 11 रन बना सके। फिलहाल श्रेयस अय्यर और अक्षर पटेल क्रीज पर हैं। सात ओवर के बाद भारत का स्कोर तीन विकेट पर 30 रन है।
भारत को छठे ओवर में 22 के स्कोर पर दूसरा झटका लगा। शुभमन गिल के बाद कप्तान रोहित शर्मा भी आउट हो गए। गिल को हेनरी ने और रोहित को जेमीसन ने पवेलियन भेजा। रोहित कैच आउट हुए। वह 17 गेंद में एक चौका और एक छक्के की मदद से 15 रन बना सके। फिलहाल विराट कोहली और श्रेयस अय्यर क्रीज पर हैं। छह ओवर के बाद भारत का स्कोर दो विकेट पर 24 रन है।
भारतीय टीम को तीसरे ही ओवर में झटका लगा। फॉर्म में चल रहे शुभमन गिल दो रन बनाकर मेट हेनरी का शिकार बने। हेनरी ने उन्हें एल्बीडब्ल्यू आउट किया। फिलहाल कप्तान रोहित शर्मा और विराट कोहली क्रीज पर हैं। तीन ओवर के बाद भारत का स्कोर एक विकेट पर 15 रन है।
न्यूजीलैंड के खिलाफ ग्रुप ए के मुकाबले में भारत की पारी शुरू हो गई है। न्यूजीलैंड ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया है। भारत के लिए कप्तान रोहित शर्मा के साथ शुभमन गिल बल्लेबाजी के लिए उतरे हैं।
भारत: रोहित शर्मा (कप्तान), शुभमन गिल, विराट कोहली, श्रेयस अय्यर, केएल राहुल (विकेटकीपर), हार्दिक पांड्या, अक्षर पटेल, रवींद्र जडेजा, कुलदीप यादव, वरुण चक्रवर्ती, मोहम्मद शमी।
न्यूजीलैंड: मिचेल सैंटनर (कप्तान), माइकल ब्रेसवेल, डेरिल मिचेल, मैट हेनरी, टॉम लाथम (विकेटकीपर), विल ओ’रूर्के, ग्लेन फिलिप्स, रचिन रवींद्र, केन विलियमसन, विल यंग, काइल जेमीसन।
न्यूजीलैंड के कप्तान मिचेल सैंटनर ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला किया है। उन्होंने प्लेइंग-11 में एक बदलाव किया है। डेवोन कॉनवे की जगह डेरिल मिचेल को प्लेइंग-11 में शामिल किया गया है। वहीं, भारतीय कप्तान रोहित शर्मा ने कहा कि उन्हें टॉस का ज्यादा नुकसान नहीं हुआ क्योंकि वह पहले बल्लेबाजी का ही फैसला लेते। भारतीय प्लेइंग-11 में भी एक बदलाव है। तेज गेंदबाज हर्षित राणा को आराम दिया गया है और उनकी जगह वरुण चक्रवर्ती को शामिल किया गया है। भारत चार स्पिनर्स के साथ मैदान पर उतरी है, जबकि सिर्फ एक विशेषज्ञ तेज गेंदबाज है। हार्दिक दूसरे पेसर की भूमिका निभाएंगे। भारतीय टीम वनडे में लगातार 13वां टॉस हार गई।
अब भारत के सामने मिचेल सैंटनेर और माइकल ब्रेसवेल की चुनौती होगी जो इस टूर्नामेंट में स्पिन के सामने सबसे कठिन परीक्षा भी रहेगी। दोनों कीवी स्पिनर अच्छे फॉर्म में हैं और दुबई की पिच पर और प्रभावी साबित हो सकते हैं। भारतीय बल्लेबाज स्पिनरों को इक्के दुक्के रन लेकर बड़े शॉट तेज गेंदबाजों के खिलाफ खेलते आए हैं, लेकिन अब उन्हें 20 ओवर सेंटनेर और ब्रेसवेल का सामना करना है। ग्लेन फिलिप्स भी बाएं हाथ के बल्लेबाजों के खिलाफ किफायती साबित हो सकते हैं।
पिछले साल के आखिर में घरेलू टेस्ट सीरीज में सैंटनर और फिलिप्स के खिलाफ भारत का अनुभव अच्छा नहीं रहा है। भारत को उसमें 3-0 से हार झेलनी पड़ी थी और अब यहां इन दोनों के साथ ब्रेसवेल भी हैं जिन्होंने अब तक दो मैचों में बेहतरीन गेंदबाजी की है। ऐसे में फॉर्म में चल रहे शुभमन गिल, पाकिस्तान के खिलाफ नाबाद शतक जमाने वाले विराट कोहली, श्रेयस अय्यर और केएल राहुल को प्रभावी प्रदर्शन करना होगा।
टूर्नामेंट से पहले टीम में पांच स्पिनरों (रवींद्र जडेजा, अक्षर पटेल, कुलदीप यादव, वरुण चक्रवर्ती और वॉशिंगटन सुंदर) के चयन को लेकर भारत की आलोचना हो रही थी, लेकिन यहां स्पिनरों के दबदबे ने भारत को मजबूती दी है। हाल ही में आईएलटी-20 की मेजबानी करने वाले दुबई के इस मैदान की पिचें अब ताजा नहीं है जिससे स्पिनरों को मदद मिल रही है।
भारत ने दो मैचों में जडेजा, अक्षर और कुलदीप को उतारा और तीनों प्रभावी रहे हैं। उन्होंने बीच के ओवरों में बल्लेबाजों को खुलकर रन नहीं बनाने दिए और इकोनॉमी रेट पांच से नीचे ही रहा है। पाकिस्तान के खिलाफ मोहम्मद रिजवान और सऊद शकील की शतकीय साझेदारी के बावजूद 11वें से 34वें ओवर में ये बल्लेबाज अधिक रन नहीं बना सके। पाकिस्तानी बल्लेबाज लगातार नौ ओवरों तक चौका नहीं लगा पाए थे। न्यूजीलैंड के पास हालांकि केन विलियमसन, विल यंग, टॉम लाथम, डेवोन कॉनवे जैसे स्पिन को बखूबी खेलने वाले बल्लेबाज हैं।
भारत जीत की लय को कायम रखना चाहेगा, लेकिन सेमीफाइनल से पहले कप्तान रोहित शर्मा और मोहम्मद शमी को आराम दिया जा सकता है। पाकिस्तान के खिलाफ रोहित को गर्मी से असहज महसूस हो रहा था और वह 20 मिनट तक मैदान से बाहर रहे। बल्लेबाजी में हालांकि उन्हें कोई परेशानी नहीं हुई। वैसे इस मैच में कुछ दाव पर नहीं लगा है लिहाजा रोहित को ब्रेक दिया जा सकता है। ऐसे में ऋषभ पंत को टूर्नामेंट में पहला मैच खेलने का मौका मिल सकता है।
शमी को भी पिंडली में परेशानी हो रही थी और उन्हें भी रिकवरी ब्रेक मिल सकता है। ऐसे में अर्शदीप उनकी जगह आ सकते हैं और चक्रवर्ती को कुलदीप की जगह उतारा जा सकता है। न्यूजीलैंड की टीम में पांच बाएं हाथ के बल्लेबाज हैं और अर्शदीप उनके खिलाफ घातक साबित हो सकते हैं। शुक्रवार को अभ्यास सत्र में उन्होंने गेंदबाजी कोच मोर्ने मोर्कल के साथ काफी अभ्यास किया और 13 ओवर डाले थे। शमी ने छोटे रनअप के साथ सिर्फ छह सात ओवर फेंके।
भारतीय बल्लेबाजों को मैच के दौरान न्यूजीलैंड के स्पिनरों से सावधान रहना होगा जो दुबई की पिच पर उन्हें परेशान कर सकते हैं। स्पिनरों ने भारतीयों को परेशान किया है और सेमीफाइनल के लिए क्वालिफाई कर चुकी न्यूजीलैंड टीम इसका फायदा उठा सकती है। भारत के स्टार बल्लेबाजों ने बांग्लादेश के स्पिनरों मेहदी हसन मिराज और रिशाद हुसैन के खिलाफ जोखिम लेने से बचने की रणनीति अपनाई। यही तरीका उन्होंने पाकिस्तान के स्पिनर अबरार अहमद के खिलाफ भी अपनाया और ये तीनों गेंदबाज काफी किफायती साबित हुए।
Live Cricket Score Today, IND vs NZ Champions Trophy 2025: नमस्कार! अमर उजाला के लाइव ब्लॉग में आपका स्वागत है। आज भारत का सामना ग्रुप ए के अंतिम मुकाबले में न्यूजीलैंड से है। दोनों ही टीमें अब तक टूर्नामेंट में अजेय चल रही हैं। भारत की नजरें सेमीफाइनल से पहले अपना विजयी अभियान जारी रखने पर होंगी।