भारत बनाम न्यूजीलैंड चैंपियंस ट्रॉफी 2025 फाइनल
- फोटो : ANI
भारत और न्यूजीलैंड के बीच नौ मार्च को चैंपियंस ट्रॉफी का खिताबी मुकाबला खेला जाएगा। दोनों टीमें 25 साल बाद एक बार फिर आईसीसी के सीमित ओवर प्रारूप के खिताबी मुकाबले में आमने-सामने होंगी। इस मैच से पहले न्यूजीलैंड के स्टार बल्लेबाज विल यंग ने भारत को चुनौती दी है। उन्होंने पिछली हार का जिक्र करते हुए भारतीय टीम के पुराने घाव कुरेदने की कोशिश की।
विल यंग ने दी भारत को चुनौती
यंग ने आईसीसी से कहा- जब न्यूजीलैंड ने चैंपियंस ट्रॉफी के फाइनल में पहली बार हराया तो वे 8 साल के थे। बच्चे थे और टीवी पर ऐतिहासिक जीत देखी थी। अब खुद की बारी है और उम्मीद है कि फाइनल में जीत का सिलसिला कायम रहेगा। हमने ग्रुप दौर की हार से काफी कुछ सीखा है। खासकर मैंने एक बल्लेबाज के तौर पर काफी कुछ सीखाा। गेंदबाजों ने भी भारतीय बल्लेबाजों को और उनके खेलने के तरीके को देखा। हमने उनके खेलने की शैली देखी और इन हालात में वे किस तरह खेलेंगे, इसे भी समझा।
25 साल पहले कीवियों ने तोड़ा था भारत का सपना
दिलचस्प बात यह है कि आईसीसी के सीमित ओवर के प्रारूप में आखिरी बार दोनों टीमें फाइनल में 2000 में आईसीसी नॉकआउट ट्रॉफी (अब चैंपियंस ट्रॉफी) में खेली थीं। उस समय न्यूजीलैंड ने भारत को चार विकेट से हराकर खिताब पर कब्जा जमाया था। उस मैच में सौरव गांगुली की अगुआई वाली भारतीय टीम ने गांगुली के 117 रन और सचिन तेंदुलकर के 69 रनों की बदौलत 50 ओवर में छह विकेट पर 264 रन बनाए थे। जवाब में स्टीफन फ्लेमिंग की कप्तानी वाली न्यूजीलैंड टीम ने लक्ष्य को सफलतापूर्वक हासिल कर लिया था। कीवी टीम के लिए क्रिस कार्न्स ने 113 गेंदों पर नाबाद 102 रन बनाए थे और भारत के मुंह से जीत छीन ली थी।
आठ दिन के भीतर दूसरी बार होगा सामना
भारत और न्यूजीलैंड चैंपियंस ट्रॉफी में ग्रुप ए में शामिल थीं। भारत ने ग्रुप चरण के आखिरी मैच में न्यूजीलैंड को हराया था और अब आठ दिन के अंतर दोनों टीमें एक बार फिर आमने-सामने होंगी। भारत और न्यूजीलैंड की टीमें दो बार आईसीसी टूर्नामेंट के फाइनल में भिड़ी हैं। आखिरी बार दोनों टीमों के बीच 2021 में विश्व टेस्ट चैंपियनशिप (डब्ल्यूटीसी) का फाइनल मुकाबला खेला गया था। बारिश के कारण छह दिनों तक चले इस खिताबी मुकाबले में न्यूजीलैंड की टीम भारत पर भारी पड़ी थी और कीवियों ने भारतीय टीम को आठ विकेट से हराया था।
कौन जीतेगा फाइनल?
32 वर्षीय बल्लेबाज ने कहा कि जो भी टीम अच्छा खेलेगी वह जीतेगी। यंग ने कहा- हाल ही में भारत और न्यूजीलैंड ने बहुत अच्छे मुकाबले खेले हैं जिसमें विश्व टेस्ट चैंपियनशिप और 2023 विश्व कप सेमीफाइनल शामिल हैं। ईमानदारी से कहूं तो मैच के दिन अतीत की बातें मायने नहीं रखतीं। हम रविवार को चुनौतियों का सामना करने की कोशिश करेंगे और उम्मीद है कि दबाव का सफलता से सामना कर पाएंगे।