भारत और न्यूजीलैंड के बीच चैंपियंस ट्रॉफी का फाइनल मुकाबला आज खेला गया। 25 साल बाद एक बार फिर दोनों टीमें आईसीसी के सीमित ओवर प्रारूप के खिताबी मुकाबले में आमने-सामने उतरीं। इस मैच में खूबसूरती का भी तड़का लगा। फिल्म अभिनेत्री अनुष्का शर्मा से लेकर रितिका सजदेह तक दुबई पहुंचीं।
मैदान पर मौजूद रोहित और विराट की लेडी लक
भारतीय टीम के स्टार बल्लेबाज विराट कोहली की पत्नी अनुष्का शर्मा फाइनल का लुत्फ उठाने के लिए दुबई स्टेडियम पहुंचीं। वहीं, भारतीय कप्तान रोहित शर्मा की पत्नी रितिका सजदेह अपनी बेटी समायरा के साथ पहुंची हैं। बता दें कि, यह पहला मौका नहीं है जब अनुष्का और रितिका भारत के किसी मुकाबले में दिखी हैं। इससे पहले दो मार्च (रविवार) को न्यूजीलैंड के खिलाफ खेले गए मुकाबले में भी दोनों दिखीं थीं। इस दौरान अनुष्का रोहित के बेटे अहान को दुलार करती नजर आईं थीं। इसका वीडियो भी सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हुआ था।
आठ दिन के भीतर दूसरी बार हो रहा सामना
भारत और न्यूजीलैंड चैंपियंस ट्रॉफी में ग्रुप ए में शामिल थीं। भारत ने ग्रुप चरण के आखिरी मैच में न्यूजीलैंड को हराया था और अब आठ दिन के अंतर दोनों टीमें एक बार फिर आमने-सामने हैं। भारत और न्यूजीलैंड की टीमें दो बार आईसीसी टूर्नामेंट के फाइनल में भिड़ी हैं। आखिरी बार दोनों टीमों के बीच 2021 में विश्व टेस्ट चैंपियनशिप (डब्ल्यूटीसी) का फाइनल मुकाबला खेला गया था। बारिश के कारण छह दिनों तक चले इस खिताबी मुकाबले में न्यूजीलैंड की टीम भारत पर भारी पड़ी थी और कीवियों ने भारतीय टीम को आठ विकेट से हराया था।
25 साल पहले कीवियों ने तोड़ा था भारत का सपना
दिलचस्प बात यह है कि आईसीसी के सीमित ओवर के प्रारूप में आखिरी बार दोनों टीमें फाइनल में 2000 में आईसीसी नॉकआउट ट्रॉफी (अब चैंपियंस ट्रॉफी) में खेली थीं। उस समय न्यूजीलैंड ने भारत को चार विकेट से हराकर खिताब पर कब्जा जमाया था। उस मैच में सौरव गांगुली की अगुआई वाली भारतीय टीम ने गांगुली के 117 रन और सचिन तेंदुलकर के 69 रनों की बदौलत 50 ओवर में छह विकेट पर 264 रन बनाए थे। जवाब में स्टीफन फ्लेमिंग की कप्तानी वाली न्यूजीलैंड टीम ने लक्ष्य को सफलतापूर्वक हासिल कर लिया था। कीवी टीम के लिए क्रिस कार्न्स ने 113 गेंदों पर नाबाद 102 रन बनाए थे और भारत के मुंह से जीत छीन ली थी।
दोनों टीमों की प्लेइंग 11 इस प्रकार है
न्यूजीलैंड: विल यंग, रचिन रवींद्र, केन विलियम्सन, डेरिल मिचेल, टॉम लाथम (विकेटकीपर), ग्लेन फिलिप्स, माइकल ब्रेसवेल, मिशेल सैंटनर (कप्तान), काइल जैमीसन, विलियम ओरुर्के, नाथन स्मिथ।
भारत: रोहित शर्मा (कप्तान), शुभमन गिल, विराट कोहली, श्रेयस अय्यर, अक्षर पटेल, केएल राहुल (विकेटकीपर), हार्दिक पांड्या, रवींद्र जडेजा, मोहम्मद शमी, कुलदीप यादव, वरुण चक्रवर्ती।