भारत और न्यूजीलैंड के बीच बंगलुरू में खेले जा रहे पहले टेस्ट मैच के चौथे दिन के खेल में बारिश ने खलल डाल दी है। भारत ने शनिवार को अपनी दूसरी पारी तीन विकेट पर 231 रन से आगे बढ़ाई और सरफराज खान तथा विकेटकीपर बल्लेबाज ऋषभ पंत ने पहले सत्र में शानदार बल्लेबाजी की और न्यूजीलैंड के गेंदबाजों को कोई सफलता हासिल नहीं करने दी। दोनों टीमों के बीच बारिश के कारण अब तक दूसरे सत्र का खेल शुरू नहीं हो सका है। ताजा अपडेट के अनुसार, बंगलुरू में बारिश रूक गई है और मैच कुछ ही देर में शुरू होगा।
बारिश फिर ना बन जाए विलेन
भारत और न्यूजीलैंड के बीच बंगलुरू टेस्ट का पहला दिन भी बारिश की भेंट चढ़ा था और शुरुआती दिन मैच में टॉस भी नहीं हो सका था। इसके बाद दूसरे दिन मैच निर्धारित समय से 15 मिनट पहले शुरू हुआ था। ओवरकास्ट कंडीशंस में भारतीय बल्लेबाजी क्रम पहली पारी में पूरी तरह लड़खड़ा गया था और टीम महज 46 रन पर ऑलआट हो गई थी जो उसका घर में टेस्ट में न्यूनतम स्कोर था। वहीं, पहली पारी में न्यूजीलैंड ने अपना दम दिखाया था और 402 रन बनाकर 356 रनों की बड़ी बढ़त हासिल कर ली थी। भारत ने दूसरी पारी में अच्छी बल्लेबाजी की है, लेकिन एक बार फिर बारिश के मौसम ने इस बात की चिंता बढ़ा दी है कि कहीं यह भारतीय बल्लेबाजों के लिए मुश्किल खड़ी ना कर दे।
क्या ड्रॉ की ओर बढ़ रहा मैच?
भारत और न्यूजीलैंड के बीच मैच हर जाते दिन के साथ बदल रहा है। पहले ही शुरुआती दिन का खेल पूरी तरह धुल गया था और फिर दूसरे दिन न्यूजीलैंड ने पकड़ मजबूत की थी। हालांकि, तीसरे दिन रोहित शर्मा, विराट कोहली और सरफराज ने भारतीय पारी को संभाला था। वहीं, चौथे दिन का पहला सत्र पूरी तरह सरफराज खान और ऋषभ पंत के नाम रहा जिन्होंने अब तक चौथे विकेट के लिए 113 रनों की साझेदारी कर ली है। भारत अभी दूसरी पारी में न्यूजीलैंड से 12 रन पीछे चल रहा है और बढ़त हासिल करने के करीब पहुंच गया है। बारिश के कारण दूसरे सत्र का खेल बाधित होने के बाद भारतीय बल्लेबाजों की कोशिश चौथे दिन शेष मैच में टिककर खेलने और न्यूजीलैंड के खिलाफ बड़ी बढ़त हासिल करने की होगी।
भारतीय बल्लेबाजों को किसी भी तरह चौथे दिन पूरा खेलना होगा और पांचवें दिन भी कम से कम एक सत्र तक बल्लेबाजी करनी होगी जिससे न्यूजीलैंड के सामने बड़ा लक्ष्य रख सके। अगर भारत कीवी टीम को बड़ा लक्ष्य देने में सफल रहा तो गेंदबाजों पर अंतिम दिन टीम को जीत दिलाने की जिम्मेदारी रहेगी। अभी की स्थिति में भारत ने भले ही वापसी कर ली है, लेकिन बारिश के बाद जब मैच शुरू होगा तो टीम को इसी तरह बल्लेबाजी जारी रखनी होगी। अगर भारत बड़ा लक्ष्य देने में असफल रहा तो मैच में न्यूजीलैंड की स्थिति मजबूत हो सकती है।
क्या भारत इस टेस्ट को जीतने में रहेगा सफल?
भारत का जिस तरह का अप्रोच हाल के दिनों में रहा है वो अंतिम गेंद तक जीत के लिए खेलने उतरता है। हमने हाल ही में बांग्लादेश के खिलाफ कानपुर टेस्ट में भी देखा था कि भारत ने बारिश से बाधित मुकाबले में अविश्वनीय जीत दर्ज की थी। न्यूजीलैंड के खिलाफ पहले टेस्ट से पहले मुख्य कोच गौतम गंभीर ने कहा था कि भारत का पहला विकल्प जीत दर्ज करना होता है और अगर परिस्थितियां अनुकूल नहीं रहती हैं तो टीम ड्रॉ का विकल्प अपनाती है। ऐसे में यह देखना दिलचस्प होगा कि भारत इस टेस्ट को कहां लेकर समाप्त करता है।