भारत और न्यूजीलैंड के बीच खेली गई तीन मैचों की टेस्ट सीरीज रविवार को खत्म हो गई। लगातार तीसरे मुकाबले में हार के साथ रोहित शर्मा की टीम ने 0-3 से सीरीज भी गंवा दी। यह पहला मौका है जब भारत अपने घर में तीन या इससे ज्यादा मैचों की टेस्ट सीरीज में क्लीन स्वीप हुआ है। मुंबई टेस्ट के बाद दिग्गजों ने मुख्य कोच गौतम गंभीर और कप्तान रोहित से सवाल किए हैं।
टॉम लाथम की कप्तानी में कीवियों ने रचा इतिहास
न्यूजीलैंड ने वानखेड़े में 25 रनों से जीत के साथ भारत का सूपड़ा साफ कर दिया। यह सीरीज जीतकर न्यूजीलैंड की टीम ने इतिहास रच दिया। उन्होंने न सिर्फ पहली बार भारत में टेस्ट सीरीज जीती, बल्कि टीम को क्लीन स्वीप भी किया। टॉम लाथम पहली बार टीम की कमान संभाल रहे थे और केन विलियम्सन मौजूद नहीं थे। इस सबके बावजूद न्यूजीलैंड ने कोई कसर नहीं छोड़ी और मुकाबला जीत लिया।
बल्लेबाजों ने किया निराश
नए कोच गौतम गंभीर की कोचिंग में भारतीय टीम लगातार खराब प्रदर्शन कर रही है। बांग्लादेश के खिलाफ सीरीज जीतने के बाद उम्मीद थी कि टीम इंडिया मेहमानों के खिलाफ अच्छा प्रदर्शन करेगी, लेकिन भारत का बल्लेबाजी क्रम तीनों ही मुकाबलों में विफल रहा। न्यूजीलैंड भारत को तीन या इससे ज्यादा मैचों की टेस्ट सीरीज में क्लीन स्वीप करने वाली चौथी टीम है। इससे पहले इंग्लैंड ने भारत को चार बार, ऑस्ट्रेलिया ने तीन बार और वेस्टइंडीज ने एक बार क्लीन स्वीप किया है।
भारत की शर्मनाक हार पर अब दिग्गजों का गुस्सा फूटा है। हर किसी के लिए इस बात पर विश्वास करना मुश्किल हो रहा है कि मेजबान टीम 0-3 से सीरीज गंवा चुकी है। आइये देखते हैं सभी के रिएक्शंस...