भारत ने न्यूजीलैंड को तीसरे और आखिरी टी-20 में 73 रन से हरा दिया है। इस जीत के साथ टीम इंडिया ने न्यूजीलैंड को तीन मैचों की सीरीज में 3-0 से हरा दिया। भारतीय टीम ने पहली बार न्यूजीलैंड को अपनी जमीन पर टी-20 सीरीज में क्लीन स्वीप किया है।
यह मुकाम टीम ने नए टी-20 कप्तान रोहित शर्मा और नए कोच राहुल द्रविड़ के कार्यकाल में हासिल किया। इससे पहले टीम ने 2020 में न्यूजीलैंड दौरे पर 5-0 से जीत हासिल की थी। आखिरी टी-20 में टीम इंडिया ने 20 ओवर में सात विकेट गंवाकर 184 रन बनाए। जवाब में न्यूजीलैंड की टीम 111 रन बनाकर ऑलआउट हो गई। टीम इंडिया की टी-20 अंतरराष्ट्रीय में यह लगातार छठी जीत रही।
रोहित और ईशान ने बेहतरीन शुरुआत दी
टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए भारत को अच्छी शुरुआत मिली। कप्तान रोहित शर्मा और ईशान किशन ने पहले विकेट के लिए 69 रन जोड़े। ईशान 21 गेंदों पर 29 रन बनाकर आउट हुए। इके बाद सूर्यकुमार यादव लगातार दूसरे मैच में फेल रहे और शून्य पर आउट हुए। ऋषभ पंत भी कुछ खास नहीं कर सके और 4 रन बनाकर पवेलियन लौटे। भारत को शुरुआती तीनों झटके आज के मैच में न्यूजीलैंड की कप्तानी कर रहे मिचेल सैंटनर ने दिए।
रोहित ने टी-20 करियर की 26वीं फिफ्टी लगाई
भारत को आज मध्यक्रम में विराट कोहली की कमी खली। 83 रन पर तीन विकेट गंवाने के बाद रोहित और श्रेयस ने 20 रन जोड़े। इस दौरान रोहित ने टी-20 करियर की 26वीं फिफ्टी लगाई। वे अंतरराष्ट्रीय टी-20 में सबसे फिफ्टी लगाने के मामले में टॉप पर पहुंच गए हैं। इस मामले में उन्होंने विराट कोहली (29) को पीछे छोड़ दिया।
रोहित ने टी-20 अंतरराष्ट्रीय में 150 छक्के पूरे किए
रोहित ने इस मैच में तीन छक्के भी लगाए। इसके साथ ही रोहित ने टी-20 अंतरराष्ट्रीय में अपने 150 छक्के पूरे किए। यह रिकॉर्ड बनाने वाले हिटमैन दुनिया के दूसरे और भारत के पहले बल्लेबाज बने। रोहित से पहले मार्टिन गुप्टिल (161) का नाम आता है। रोहित 31 गेंदों पर पांच चौके और तीन छक्के की मदद से 56 रन बनाकर आउट हुए।
हर्षल पटेल हुए हिट-विकेट
न्यूजीलैंड को पांचवीं सफलता ट्रेंट बोल्ट ने दिलाई। उन्होंने वेंकटेश अय्यर (20) को चैपमैन के हाथों कैच कराया। वेंकटेश के आउट होने के दो गेंदों के बाद ही एडम मिल्ने ने श्रेयस अय्यर (25) को आउट कर मैदान से बाहर भेजा। हर्षल पटेल (18) के स्कोर पर हिट-विकेट आउट हुए।
आखिर में दीपक चाहर की ताबड़तोड़ पारी
आखिरी के ओवरों में दीपक चाहर ने शानदार पारी खेली और नाबाद 21 रन बनाए। उनके साथ अक्षर पटेल 2 रन बनाकर नाबाद रहे। न्यूजीलैंड की ओर से सैंटनर ने 3 विकेट लिए। वहीं, बोल्ट, मिल्ने, फर्ग्यूसन और सोढ़ी को एक-एक विकेट मिला। अंतिम 5 ओवर में भारत ने तीन विकेट खोकर 50 रन बनाए।
न्यूजीलैंड की शुरुआत एकबार फिर खराब रही
जवाब में न्यूजीलैंड की टीम की शुरुआत खराब रही। 21 रन के कुल स्कोर पर टीम को डेरिल मिचेल के रूप में पहला झटका लगा। रोहित ने कीवी टीम की पारी के तीसरे ही ओवर में अक्षर पटेल को गेंद थमाई और इस बाएं हाथ के स्पिनर ने कप्तान के फैसले को सही साबित किया। उन्होंने अपनी पहली ही गेंद पर डेरिल मिचेल को हर्षल पटेल के हाथों कैच कराया।
चैपमैन और फिलिप्स शून्य पर पवेलियन लौटे
मिचेल 5 रन बना सके। इसके बाद इसी ओवर की आखिरी गेंद पर अक्षर ने मार्क चैपमैन को स्टंप आउट कराया। चैपमैन शून्य पर पवेलियन लौटे। चैपमैन 31 टी-20 अंतरराष्ट्रीय पारियों के बाद पहली बार शून्य पर आउट हुए।
अक्षर ने ही न्यूजीलैंड को तीसरा झटका दिया। उन्होंने ग्लेन फिलिप्स को क्लीन बोल्ड किया। फिलिप्स शून्य पर पवेलियन लौटे। फिलिप्स दूसरी बार टी-20 अंतरराष्ट्रीय में बिना खाता खोले आउट हुए। 30 रन पर न्यूजीलैंड ने तीन विकेट गंवा दिए थे। गुप्टिल को दूसरे ओवर में ही दीपक चाहर ने कैच छोड़कर जीवनदान दिया था।
गुप्टिल ने जीवनदान का उठाया फायदा
इसका फायदा उठाते हुए उन्होंने टी-20 अंतरराष्ट्रीय में 20वीं फिफ्टी लगाई। गुप्टिल को युजवेंद्र चहल ने सूर्यकुमार के हाथों कैच कराया। यह चहल का 50वां टी-20 मैच रहा। चौथे विकेट के लिए गुप्टिल ने टिम सीफर्ट के साथ 35 गेंदों पर 39 रन जोड़े।
वेंकटेश ने पहला अंतरराष्ट्रीय विकेट लिया
सीफर्ट (17) रन बनाकर रन आउट हुए। हर्षल पटेल ने जेम्स नीशम (3) को आउट कर भारत को छठी सफलता दिलाई। कप्तान मिचेल सेंटनर भी कुछ खास नहीं कर सके और दो रन बनाकर ईशान किशन की डायरेक्ट हिट पर रन आउट हुए। न्यूजीलैंड को आठवां झटका वेंकटेश अय्यर ने दिया। उन्होंने एडम मिल्ने (7) को रोहित के हाथों कैच कराया। वेंकटेश का यह पहला अंतरराष्ट्रीय विकेट रहा।
अक्षर ने सबसे ज्यादा तीन विकेट लिए
इसके बाद हर्षल पटेल ने ईश सोढ़ी और दीपक चाहर ने लॉकी फर्ग्यूसन को आउट कर न्यूजीलैंड की पारी को 111 रन पर समेट दिया। भारत की ओर से अक्षर ने सबसे ज्यादा तीन विकेट लिए। वहीं, हर्षल पटेल को दो विकेट मिले। दीपक, चहल और वेंकटेश ने एक-एक विकेट लिया।