भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व सलामी बल्लेबाज गौतम गंभीर ने तेज गेंदबाज हर्षल पटेल की तारीफों के पुल बांधे। शुक्रवार को न्यूजीलैंड के खिलाफ रांची में खेला गया दूसरा टी-20 अंतरराष्ट्रीय मुकाबला हर्षल पटेल का डेब्यू मैच था। इस मुकाबले में उन्होंने कातिलाना गेंदबाजी करते हुए कीवी टीम के दो विकेट झटके। उन्होंने अपनी शानदार गेंदबाजी से सभी को प्रभावित किया।
गंभीर ने हर्षल की तारीफ में पढ़े कसीदे
स्टार स्पोर्ट्स से बात करते हुए गौतम गंभीर ने कहा, मैच में हर्षल पटेल का प्रदर्शन अविश्वसनीय था, उन्हें देखकर ऐसा कभी नहीं लगा कि वह अपना पहला अंतरराष्ट्रीय मैच खेल रहे हैं, उन्होंने अपने प्रयास से काफी प्रभावित किया। उन्होंने आगे कहा कि 8-10 साल प्रथम श्रेणी क्रिकेट का अऩुभव और शानदार आईपीएल सीजन आपके लिए यही कर सकता है। गंभीर के मुताबिक, आपने भारत के लिए पहला मैच खेला आप अच्छी अपने खेल के बारे में बेहतर जानते हो, आप धोखा देने वाले गेंदबाज नहीं हैं क्योंकि आपने आईपीएल में अच्छा किया है जो उच्च गुणवत्ता वाली क्रिकेट है, यदि आपको वहां सफलता मिल सकती है तो आप यहां भी वही लगातार कर सकते हैं। गंभीर ने कहा, आज की रात हर्षल पटेल ने जो किया उससे वह खुश होंगे क्योंकि उन्होंने बड़े मंच पर यह प्रदर्शन किया है।
अजित अगरकर ने दी हर्षल को डेब्यू कैप
रांची में दूसरे टी-20 मैच के खेले जाने से पहले टीम इंडिया के पूर्व तेज गेंदबाज अजित अगरकर ने हर्षल पटेल को डेब्यू कैप दी। अपने पहले ही टी-20 मुकाबले में उन्होंने खतरनाक गेंदबाजी करते हुए ग्लेन फिलिप्स और डेरिल मिचेल को आउट किया। उन्होंने चार ओवर के स्पेल में 25 रन देकर दो विकेट झटके।
देश के लिए खेलना गौरव की बात
न्यूजीलैंड के खिलाफ जब टी-20 सीरीज के लिए टीम इंडिया का एलान हुआ तो बीसीसीआई चयनकर्ताओं ने हर्षल पटेल को भी जगह दी। साल 2021 आईपीएल में उन्होंने 15 मैचों में सबसे ज्यादा 32 विकेट लिेए थे। हर्षल ने आईपीएल के एक सीजन में सबसे अधिक विकेट लेने वाले ड्वेन ब्रावो के रिकॉर्ड की बराबरी की थी। उनके इस प्रदर्शन को देखते हुए चयनकर्ताओं ने उन्हें न्यूजीलैंड के खिलाफ खेली जाने वाली टी-20 सीरीज में मौका दिया। स्टार स्पोर्ट से बात करते हुए हर्षल पटेल ने कहा, देश के लिए खेलना गौरव की बात है, मैं क्रिकेट से बेइम्तहां प्यार करता हूं, प्रत्येक खिलाड़ी का सपना अपने देश के लिए खेलने का होता है। इस दौरान उन्होंने मुख्य कोच राहुल द्रविड़ की भी तारीफ की।
यह करिश्मा करने वाले सिर्फ तीसरे भारतीय
न्यूजीलैंड के खिलाफ खेले गए मैच में बेहतर गेंदबाजी करने के लिए उन्हें प्लेयर ऑफ द मैच के खिताब से नवाजा गया। वह डेब्यू टी-20 अंतरराष्ट्रीय मैच में प्लेयर ऑफ द मैच का अवॉर्ड पाने वाले देश के सिर्फ तीसरे क्रिकेटर हैं। इससे पहले बरिंदर सरन और नवदीप सैनी अपने डेब्यू टी-20 मैच में प्लेयर ऑफ द मैच रहे थे।