मैच में एक वक्त सुंदर और सूर्यकुमार ही मिलकर भारत को जीत तक ले जा रहे थे। दोनों ने 20 रन की साझेदारी कर ली थी। हालांकि, 15वें ओवर की तीसरी गेंद पर दोनों के बीच रन लेने को लेकर कन्फ्यूजन हुई और सुंदर ने सूर्यकुमार को बचाने के लिए अपना विकेट कुर्बान कर दिया। रन आउट होने के बाद सुंदर काफी निराश नजर आए थे। हालांकि, सूर्या ने सुंदर से इसके लिए माफी भी मांग ली है।
दरअसल, 15वें ओवर में ग्लेन फिलिप्स की गेंद पर सूर्यकुमार ने रिवर्स स्वीप की कोशिश की। गेंद पैड पर जाकर लगी। ऐसे में गेंदबाज और फील्डर एल्बीडब्ल्यू की अपील करने लगे। तभी सूर्या रन लेने के लिए भागे। जब तक सुंदर सूर्यकुमार को मना कर पाते तब तक सूर्यकुमार उनके पास नॉन स्ट्राइकर एंड पर आकर खड़े हो गए थे। इसके बाद न्यूजीलैंड के फील्डर्स ने स्ट्राइक एंड की गिल्लियां बिखेर दीं। ऐसे में सुंदर ने सूर्यकुमार के लिए विकेट गंवा दिया।
32 साल के सूर्यकुमार ने मैच के बाद कहा- जब मैं बैटिंग करने गया था तो हालात मुश्किल थे। पिच बैटिंग के लिए मुश्किल थी। सुंदर के आउट होने के बाद पिच पर टिके रहना जरूरी था। हालांकि, सुंदर जैसे आउट हुए, वो मेरी गलती थी। सुंदर नौ गेंदों में एक चौके की मदद से 10 रन बनाकर आउट हुए। 100 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए भारतीय टीम ने 50 रन पर तीन विकेट गंवा दिए थे। हालांकि, ये 50 रन भारत ने 11 ओवर तक बनाए थे। 100 रन बनाते बनाते भारत 20वें ओवर में पहुंच गया था।