आयरलैंड के खिलाफ पहले टी20 अंतरराष्ट्रीय मुकाबले में मिली 34 रन की हार के बाद भारतीय कप्तान श्रेयस अय्यर ने स्वीकार किया कि टीम ने अच्छी शुरुआत के बावजूद बीच के ओवरों में अपनी योजनाओं को सही ढंग से लागू नहीं किया। उन्होंने कहा कि गेंदबाजों ने शुरुआत में शानदार प्रदर्शन किया, लेकिन बाद में मैच पर पकड़ बनाए रखने में टीम से चूक हो गई।
भारत बनाम आयरलैंड
- फोटो : BCCI
कहां हुई चूक?
अय्यर ने मैच के बाद कहा कि शुरुआती ओवरों में भारतीय गेंदबाजों ने नई गेंद से बेहतरीन गेंदबाजी की और परिस्थितियों का पूरा फायदा उठाते हुए शुरुआती विकेट भी हासिल किए। हालांकि बीच के ओवरों में गेंदबाज अपनी रणनीति के अनुरूप गेंदबाजी नहीं कर सके। उन्होंने कहा कि भारतीय गेंदबाजों ने बल्लेबाजों को सीधे मैदान की ओर शॉट खेलने का मौका दिया, जबकि वहां की बाउंड्री अपेक्षाकृत छोटी थी। कप्तान का मानना है कि जिस तरह की शुरुआत भारत को मिली थी, उसके हिसाब से आयरलैंड को 140 रन के आसपास रोकना आदर्श रहता।
हालांकि उन्होंने गेंदबाजों के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि डेथ ओवरों में गेंदबाजों ने अच्छी वापसी की। अय्यर ने कहा कि इस मुकाबले से टीम को स्थानीय परिस्थितियों और विकेट को समझने का अच्छा अनुभव मिला, जो आगे के मैचों में काम आएगा।
भारत बनाम आयरलैंड
- फोटो : BCCI
हार से सीख लेकर आगे बढ़ेगी टीम
लंबे अंतराल के बाद मैदान पर उतरने के सवाल पर अय्यर ने माना कि इसका असर जरूर पड़ा, लेकिन अब टीम इस हार को पीछे छोड़कर अगले मुकाबले पर पूरा ध्यान लगाएगी। उन्होंने कहा कि इस मैच से काफी कुछ सीखने को मिला है और भारतीय टीम अगले मुकाबले में पूरे जोश के साथ उतरेगी।
भारत बनाम आयरलैंड
- फोटो : BCCI
हर्षित राणा और शिवम दुबे की तारीफ
भारतीय कप्तान ने तेज गेंदबाज हर्षित राणा के प्रदर्शन की जमकर तारीफ की। उन्होंने कहा कि चोट से वापसी करने के बाद इस स्तर पर शानदार प्रदर्शन करना आसान नहीं होता और हर्षित ने अपनी प्रतिभा का बेहतरीन परिचय दिया। राणा ने मुकाबले में 24 रन देकर तीन विकेट झटके और भारत के सबसे सफल गेंदबाज रहे।
अय्यर ने शिवम दुबे का भी बचाव करते हुए कहा कि वह पहले भी टीम के लिए महत्वपूर्ण ओवर डाल चुके हैं। उन्होंने बताया कि घरेलू क्रिकेट में लंबे समय तक साथ खेलने की वजह से वह शिवम की ताकत और कमजोरियों को अच्छी तरह जानते हैं और उन्हें उन पर पूरा भरोसा है।
भारतीय टीम
- फोटो : BCCI
टीम को दिया बड़ा संदेश
हार के बाद ड्रेसिंग रूम में खिलाड़ियों को दिए अपने संदेश का खुलासा करते हुए अय्यर ने कहा कि अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में कोई भी मुकाबला आसान नहीं होता। उन्होंने कहा कि सिर्फ मैदान पर उतरने भर से मैच नहीं जीते जाते, बल्कि हर पल मेहनत करनी पड़ती है। कप्तान ने खिलाड़ियों से कहा कि जब भी विपक्षी टीम पर दबाव बनाने का मौका मिले, उसे दोनों हाथों से भुनाना चाहिए और किसी भी स्थिति को हल्के में नहीं लेना चाहिए। भारत अब सीरीज के दूसरे और अंतिम टी20 मुकाबले में जीत दर्ज कर वापसी करने के इरादे से मैदान पर उतरेगा। अय्यर ने भी भरोसा जताया कि टीम इस हार से सबक लेकर अगले मैच में बेहतर प्रदर्शन करेगी।
अभिषेक-श्रेयस
- फोटो : BCCI
मैच में क्या हुआ?
श्रेयस अय्यर की कप्तानी का आगाज उम्मीदों के अनुरूप नहीं रहा। दो मैचों की टी20 अंतरराष्ट्रीय सीरीज के पहले मुकाबले में आयरलैंड ने शानदार प्रदर्शन करते हुए भारत को 34 रन से हराकर इतिहास रच दिया। टी20 विश्व चैंपियन भारत के खिलाफ किसी भी प्रारूप में यह आयरलैंड की पहली जीत है। इस जीत के साथ मेजबान टीम ने सीरीज में 1-0 की बढ़त भी हासिल कर ली। टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने उतरी भारतीय टीम ने शुरुआती ओवरों में मुकाबले पर मजबूत पकड़ बनाई, लेकिन कप्तान लॉर्कन टकर और गैरेथ डेलानी की शानदार पारियों ने आयरलैंड को वापसी कराई। मेजबान टीम ने 20 ओवर में नौ विकेट पर 182 रन का चुनौतीपूर्ण स्कोर खड़ा किया। जवाब में भारतीय टीम 18.5 ओवर में 148 रन पर सिमट गई।