भारतीय टीम ने इंग्लैंड के खिलाफ टेस्ट सीरीज में शानदार वापसी करते हुए चेन्नई में खेले गए दूसरे टेस्ट को अपने नाम कर लिया। विराट कोहली की कप्तानी में टीम इंडिया ने लगातार चार टेस्ट मैच हारने के बाद यह जीत हासिल की। इंग्लैंड के खिलाफ 317 रनों की विशाल जीत के साथ ही विराट कोहली ने बतौर कप्तान एक खास उपलब्धि भी अपने नाम कर ली है।
विराट कोहली ने अब घरेलू जमीन पर टेस्ट में सबसे अधिक टेस्ट मैच जीतने के धोनी के रिकॉर्ड की बराबरी कर ली है। विराट की कप्तानी में भारत की घर में यह 21वीं जीत है, जबकि पूर्व कप्तान धोनी की कप्तानी में भी भारतीय टीम ने इतने ही मुकाबले जीते थे।
आंकड़ों में बात करें तो विराट कोहली की कप्तानी में भारतीय टीम ने 28 मुकाबले खेले हैं। इसमें उसे 21 में जीत, दो में हार और पांच मैच ड्रॉ रहे हैं। वहीं धोनी की कप्तानी में टीम इंडिया ने 30 मुकाबलों में 21 जीत, तीन हार और छह ड्रॉ खेले।
बता दें कि विराट की अगुवाई में टीम इंडिया को पिछले चार मुकाबलों में हार का सामना करना पड़ा था। लेकिन चेपॉक में खेले गए दूसरे टेस्ट में उन्होंने टीम को एकजुट किया और कुछ अच्छे फैसले और खिलाड़ियों के शानदार प्रदर्शनों की बदौलत जीत हासिल करने में सफल रहे।
फिलहाल भारतीय टीम ने इंग्लैंड के खिलाफ दूसरे टेस्ट मैच को जीतकर चार मैचों की टेस्ट सीरीज में 1-1 की बराबरी कर ली है। अब दोनों टीमों के बीच तीसरा टेस्ट मैच अहमदाबाद के नए मोटेरा स्टेडियम में खेला जाएगा जो डे-नाईट होगा। दोनों टीमों के बीच पहली बार गुलाबी गेंद से टेस्ट मैच होगा।