इंग्लैंड ने भारत को एजबेस्टन टेस्ट में सात विकेट से हरा दिया है। इस हार के बाद भारतीय टीम की आलोचना भी हो रही है। दरअसल, भारतीय टीम ने पहली पारी में जबरदस्त बल्लेबाजी की थी और 416 रन का स्कोर बनाया था। इतना ही नहीं, टीम इंडिया ने इंग्लैंड को पहली पारी में 284 रन पर समेट कर 132 रन की बढ़त भी हासिल की थी।
टीम इंडिया अपनी दूसरी पारी में फिसड्डी रही थी और चौथे दिन बल्लेबाजी के लिए अनुकूल पिच पर 245 रन पर सिमट गई। इसके बाद इंग्लैंड ने 378 रन के लक्ष्य को सिर्फ तीन विकेट गंवाकर हासिल कर लिया। भारतीय टीम इससे पहले दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ इस साल इसी स्टाइल में हारी थी। तब भी दक्षिण अफ्रीका ने चौथी पारी में शानदार बल्लेबाजी कर जीत हासिल की थी।
कोच राहुल द्रविड़ और जसप्रीत बुमराह
- फोटो : सोशल मीडिया
अब कोच राहुल द्रविड़ ने एजबेस्टन टेस्ट के बाद इस मसले पर रिव्यू करने का फैसला लिया है। इंग्लैंड से हार के बाद कोच द्रविड़ ने कहा- हम पिछले कुछ समय से इतना क्रिकेट खेल रहे हैं कि हमारे पास किसी चीज पर विचार करने का समय नहीं है। दो दिन बाद हम आपसे किसी अन्य चीजों पर बात करते हुए दिखेंगे। द्रविड़ ने यह बात इंग्लैंड से होने वाले टी-20 सीरीज को लेकर कही।
उन्होंने कहा- हम निश्चित तौर पर भारतीय टीम के इस प्रदर्शन पर नजर डालेंगे। हमारे लिए हर मैच एक सीख की तरह है। हम इससे कुछ न कुछ सीखने की कोशिश करते हैं। हम रिव्यू करेंगे कि तीसरी पारी में हम क्यों अच्छी बल्लेबाजी करने में नाकाम रहे हैं। इसके साथ ही इसका भी रिव्यू करेंगे कि चौथी पारी में हम 10 विकेट लेने में कामयाब क्यों नहीं हो सके हैं।