भारतीय कप्तान शुभमन गिल ने लीड्स के बाद एजबेस्टन टेस्ट में भी शतक जड़ दिया है। वह इंग्लैंड के खिलाफ लगातार तीन टेस्ट मैचों में शतक लगाने वाले पांचवें भारतीय बन गए। इस मामले में उन्होंने मोहम्मद अजहरुद्दीन और राहुल द्रविड़ जैसे दिग्गजों की बराबरी कर ली। बता दें कि, भारत और इंग्लैंड के बीच पांच मैचों की टेस्ट सीरीज का दूसरा मुकाबला बुधवार से शुरू हुआ है। इस मैच में इंग्लैंड ने टॉस जीतकर भारत को पहले बल्लेबाजी का न्योता दिया है।
इंग्लैंड के खिलाफ लगातार तीन मैचों में शतक लगाने वाले पांचवें भारतीय
भारतीय कप्तान ने 199 गेंदों में अपने टेस्ट करियर का सातवां सैकड़ा पूरा किया। वह शानदार फॉर्म में नजर आ रहे हैं। गिल ने इंग्लैंड के खिलाफ पिछले मैच में भी शतक लगाया था। उससे पहले 2024 में जब इंग्लैंड की टीम पांच मैचों की टेस्ट सीरीज के लिए भारत आई थी, तब गिल ने धर्मशाला में खेले गए मुकाबले में 110 रनों की पारी खेली थी। इस तरह गिल इंग्लैंड के खिलाफ लगातार तीन शतक जड़ने वाले पांचवें भारतीय बन गए।
इंग्लैंड के खिलाफ लगातार तीन शतक लगाने वाले भारतीय बल्लेबाज
- मोहम्मद अजहरुद्दीन (1984-1985)
- दिलीप वेंगसरकर (1985-1986)
- राहुल द्रविड़ (2002)
- राहुल द्रविड़ (2008-2011)
- शुभमन गिल (2024-2025)
गिल ने हासिल की बड़ी उपलब्धि
बतौर कप्तान भी गिल ने बड़ी उपलब्धि हासिल की है। वह इंग्लैंड के खिलाफ लगातार दूसरा शतक लगाने वाले तीसरे भारतीय कप्तान बन गए। उनसे पहले यह कारनामा विजय हजारे और मोहम्मद अजहरुद्दीन ने किया था। दोनों ने क्रमश: दिल्ली और ब्रेबोर्न (1951-52) व लॉर्ड्स और ओल्ड ट्रैफर्ड (1990) में यह कारनामा किया था।