इंग्लैंड के खिलाफ हैदराबाद टेस्ट में शुभमन गिल एक बार फिर अच्छी शुरुआत को भुनाने में नाकाम रहे। पहले टेस्ट के दूसरे दिन शुभमन अपना विकेट गंवा बैठे। वह पहले दिन जमे हुए दिख रहे थे, लेकिन दूसरे दिन उन्होंने संयम खो दिया। डॉट गेंदों का दबाव उन पर बढ़ता गया और दाएं हाथ के बल्लेबाज बड़े शॉट के लिए गए, जिसके परिणामस्वरूप वह कैच आउट हो गए। शुभमन ने टॉम हार्टले की एक गेंद को मिड-ऑन और शॉर्ट-मिड-विकेट के बीच गैप में फ्लिक करने की कोशिश की, लेकिन गेंद को मिडिल नहीं कर सके और बेन डकेट द्वारा लपके गए।
सुनील गावस्कर ने भी शुभमन पर तंज कसा
उन्होंने 66 गेंदों का सामना किया और 23 रन बनाए। गिल पिछले कुछ समय से इस प्रारूप में जूझते हुए दिखे हैं और लंबे समय से 50 रन तक नहीं बना पाए हैं। फैंस ने सोशल मीडिया के जरिये उन पर निशाना साधा है। वहीं, सुनील गावस्कर ने भी कमेंट्री के दौरान गिल को निशाने पर लिया। उन्होंने कहा- वह किस तरह का शॉट खेलना चाह रहे थे? कोई समझ सकता है कि वह हवा में क्यों खेलना चाह रहे थे? यह ऑन-ड्राइव की बुरी कोशिश थी। उन्होंने पूरी मेहनत की और फिर इस तरह का शॉट खेलकर अपने विकेट इनाम के तौर पर दे दिया।
शुभमन गिल का फॉर्म गिरा
यशस्वी और शुभमन
- फोटो : सोशल मीडिया
इस युवा बल्लेबाज की दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ दो मैचों की टेस्ट सीरीज में भी ऐसी ही कहानी रही थी। टीम मैनेजमेंट द्वारा उन्हें नंबर तीन स्लॉट दिए जाने के बाद से उनका फॉर्म गिर गया है। शुभमन ने खुद नंबर तीन पर बल्लेबाजी की मांग की थी, लेकिन हाल फिलहाल में टेस्ट टीम में अपनी जगह के साथ न्याय नहीं कर पाए हैं। विराट कोहली की टीम में वापसी के बाद उन्हें प्लेइंग-11 से बाहर किया जा सकता है। विराट निजी कारणों से पहले दो टेस्ट में नहीं खेल पाएंगे। वह पारिवारिक मुद्दों से निपटने के लिए कुछ दिन पहले हैदराबाद में टीम बेस छोड़कर चले गए थे।
टेस्ट में शुभमन का साधारण औसत
दूसरी ओर, 21 टेस्ट मैच खेलने के बाद भी गिल का औसत 30 से थोड़ा ज्यादा है। उन्होंने अब तक दो शतक और चार अर्द्धशतक लगाए हैं। उनका आखिरी शतक मार्च 2023 में आया था। तब गिल ने ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ अपने पसंदीदा मैदान नरेंद्र मोदी स्टेडियम में चौथे टेस्ट की एकमात्र पारी में शतक बनाया। खेल ड्रॉ पर समाप्त हुआ था। इसके अलावा गिल ने अब तक अपने टी20 करियर में कुछ भी प्रभावशाली नहीं किया है। गिल ने 14 मैचों में सिर्फ 335 रन बनाए हैं। उन्होंने सबसे छोटे प्रारूप में सिर्फ एक शतक और एक अर्धशतक लगाया है। अफगानिस्तान के खिलाफ सबसे हालिया सीरीज में उन्हें संघर्ष करते देखा गया।
आईपीएल में खूब रन बनाना चाहेंगे शुभमन
राशिद और शुभमन
- फोटो : IPL
यह बल्लेबाज इंडियन प्रीमियर लीग में बड़ा स्कोर करना चाहेगा। उन्होंने पिछले सीजन में 800 से ज्यादा रन बनाए थे और ऑरेंज कैप जीती थी। अगर वह आईपीएल 2024 में गुजरात टाइटन्स के लिए प्रदर्शन नहीं करते हैं, तो जून में आईसीसी टी20 विश्व कप के लिए टीम में जगह बनाने से चूक सकते हैं।