भारत ने इंग्लैंड के खिलाफ पांच टेस्ट मैचों की सीरीज के तीसरे मुकाबले में विशाल जीत हासिल की। टीम इंडिया ने राजकोट में इंग्लैंड को 434 रन से हराया। यह टेस्ट इतिहास में रनों के अंतर से भारत की सबसे बड़ी जीत है। इससे पहले उसने 2021 में मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में न्यूजीलैंड को 372 रन से हराया था। जीत के बाद कप्तान रोहित शर्मा ने कहा कि भारतीय टीम किसी भी पिच पर मैच जीत सकती है।
रोहित ने कहा, ''हमने इस तरह के विकेट पर पहले भी काफी मैच जीते हैं। टर्निंग पिच जहां गेंद टर्न लेती है, हमारी मजबूत बनी हुई हैं। इससे हमें संतुलन मिलता है। हमने कई वर्षों तक नतीजे दिए हैं और हम भविष्य में भी नतीजे हासिल करते रहेंगे। लेकिन हम कुछ निश्चित चीजों पर काबू नहीं रख सकते जैसे हम यह चर्चा नहीं करते कि हमें रैंक टर्नर पिच चाहिए या नहीं।''
'हम दो दिन में क्या कर सकते हैं?'
भारतीय कप्तान ने कहा, ''हम मैच से दो दिन पहले स्थल पर आते हैं और वैसे भी हम दो दिन में क्या ही कर सकते हैं? क्यूरेटर फैसला करते हैं और पिच तैयार करते हैं। हमारे पास किसी भी विकेट पर खेलने और मैच जीतने की ताकत है। हमने जब दक्षिण अफ्रीका में केपटाउट में मैच जीता था तो हर कोई जानता था कि वो कैसा विकेट था।''
मैच में क्या हुआ?
भारत ने राजकोट में टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए 445 रन बनाए थे। वहीं, इंग्लैंड की पहली पारी 319 रन पर समाप्त हुई थी। पहली पारी के आधार पर भारत को दूसरी पारी में 126 रन की बढ़त मिली थी। अपनी दूसरी पारी भारत ने चार विकेट पर 430 रन बनाकर घोषित कर दी थी। कुल बढ़त 556 रन की हुई। 557 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए इंग्लिश पारी 122 रन पर सिमट गई। सीरीज का चौथा मुकाबला 23 फरवरी से रांची में खेला जाएगा।