फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

IND vs ENG: माइकल वॉन का दावा, सेमीफाइनल में स्पिनर्स पलटेंगे कहानी; बड़बोलेपन में भारतीय टीम को कमजोर बताया

Wed, 04 Mar 2026 04:15 PM IST
Mayank Tripathi स्पोर्ट्स डेस्क, अमर उजाला, मुंबई

सार

माइकल वॉन ने कहा कि इंग्लैंड की स्पिन तिकड़ी भारत से बेहतर प्रदर्शन कर रही है, जो सेमीफाइनल में मैच का रुख बदल सकती है। मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में होने वाले इस बड़े मुकाबले में उन्होंने इंग्लैंड के उलटफेर की संभावना जताई है।

विज्ञापन
माइकल वॉन - फोटो : Michael Vaughan-instagram
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

मुंबई के ऐतिहासिक वानखेड़े स्टेडियम में होने वाले टी20 विश्व कप सेमीफाइनल से पहले मुकाबला बेहद रोमांचक होता जा रहा है। इंग्लैंड के पूर्व कप्तान माइकल वॉन ने बड़ा बयान देते हुए कहा है कि स्पिन गेंदबाजी के दम पर इंग्लैंड भारत पर बढ़त बना सकता है। उन्होंने यहां तक कहा कि उन्हें एक अजीब सा एहसास है कि इंग्लैंड इस बड़े मैच में उलटफेर कर सकता है।
विज्ञापन

स्पिन बनेगा निर्णायक फैक्टर?
टेस्ट मैच स्पेशल पॉडकास्ट पर बातचीत में वॉन ने कहा कि इंग्लैंड की स्पिन तिकड़ी भारत से बेहतर प्रदर्शन कर रही है। उनके मुताबिक आदिल रशीद, लियाम डॉसन और विल जैक्स की जोड़ी टूर्नामेंट की सर्वश्रेष्ठ स्पिन यूनिट साबित हुई है। रशीद ने सात मैचों में 11 विकेट लेकर मध्य ओवरों में टीम को मजबूती दी है, जबकि डॉसन ने 10 विकेट लेकर किफायती गेंदबाजी की है। वहीं, जैक्स ने भी अहम मौकों पर विकेट चटकाए हैं।

दूसरी ओर भारत के प्रमुख स्पिनर वरुण चक्रवर्ती ने सात मैचों में 12 विकेट तो लिए हैं, लेकिन बड़े मुकाबलों में वे महंगे साबित हुए हैं। दक्षिण अफ्रीका और वेस्टइंडीज के खिलाफ उन्होंने काफी रन लुटाए, जिससे उनकी नियंत्रण क्षमता पर सवाल उठे हैं। भारत के पास विकल्प मौजूद हैं। उपकप्तान अक्षर पटेल ने भी प्रभावशाली गेंदबाजी की है, जबकि कुलदीप यादव इंग्लैंड के खिलाफ अच्छा रिकॉर्ड रखते हैं। हालांकि, इस टूर्नामेंट में कुलदीप को अब तक सीमित मौके ही मिले हैं।

फील्डिंग में भी इंग्लैंड आगे
वॉन ने इंग्लैंड की फील्डिंग और रनिंग बिटवीन द विकेट्स की भी जमकर तारीफ की। उनका मानना है कि इंग्लैंड छोटी-छोटी चीजों पर बेहतर नियंत्रण रख रहा है, जो नॉकआउट मुकाबलों में बड़ा अंतर पैदा कर सकती हैं। इसके विपरीत भारत की फील्डिंग चिंता का विषय रही है। टीम अब तक 13 कैच छोड़ चुकी है, जो टूर्नामेंट में सबसे ज्यादा हैं। 71.7 प्रतिशत की कैचिंग एफिशिएंसी सुपर 8 टीमों में सबसे कम है। नॉकआउट मुकाबले में ऐसी गलतियां भारी पड़ सकती हैं।
विज्ञापन

दबाव में कौन रहेगा मजबूत?
हैरी ब्रूक की अगुवाई वाली इंग्लैंड टीम ने सुपर 8 में लगातार पांच मैच जीतकर शानदार वापसी की है। वहीं, गौतम गंभीर के मार्गदर्शन में भारत ने भी मुश्किल हालात से उबरते हुए सेमीफाइनल में जगह बनाई है। हालांकि, कागज पर भारत को प्रबल दावेदार माना जा रहा है, लेकिन माइकल वॉन को लगता है कि इंग्लैंड की अनुशासित गेंदबाजी, मजबूत स्पिन आक्रमण और बेहतरीन फील्डिंग उन्हें बढ़त दिला सकती है। अब देखना दिलचस्प होगा कि मुंबई की सरजमीं पर किस टीम का सपना फाइनल तक पहुंचता है और क्या वॉन की भविष्यवाणी सच साबित होती है।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें