पूर्व ऑस्ट्रेलियाई बल्लेबाज मैथ्यू हेडन का मानना है कि गौतम गंभीर को भाषा की मर्यादा रखनी चाहिए थी। दरअसल, ओवल टेस्ट से पहले भारतीय टीम के मुख्य कोच गौतम गंभीर और पिच क्यूरेटर ली फोर्टिस के बीच बहस हो गई थी। कहासुनी इतनी बढ़ गई थी कि बल्लेबाजी कोच सितांशु कोटक को बीच बचाव के लिए आना पड़ा था।
गौतम गंभीर
- फोटो : PTI
हेडन और ब्लेवेट ने की टिप्पणी
इस मामले पर अब ऑस्ट्रेलिया के पूर्व सलामी बल्लेबाज का बयान आया है। हेडन ने कहा, 'इंग्लैंड में यह एक आम मामला है। हम यहां हैं, अंतिम टेस्ट मैच है, यह मेरा मैदान है और वे गौतम गंभीर के लिए इसे मुश्किल बनाने की कोशिश करेंगे। लेकिन मुझे लगता है कि उन्हें (गौतम गंभीर) अपनी आवाज धीमी रखनी चाहिए थे। वह बेहतर भाषा का इस्तेमाल कर सकते थे। हकीकत यह है कि उनकी टीम सबसे महत्वपूर्ण टेस्ट मैच से पहले अभ्यास करने की कोशिश कर रही थी।'
ग्रेग ब्लेवेट भी हेडन के दृष्टिकोण से सहमत थे और उन्होंने कहा कि गंभीर इस स्थिति को बेहतर तरीके से संभाल सकते थे। ब्लेवेट ने कहा, 'मैं सहमत हूं। अब भी एक कमेंटेटर के तौर पर भी जब आप पिच के पास पहुंचते हैं, तो हर कोई कहता है कि आप उसके पास नहीं पहुंच सकते और आप ऐसा सोचते हैं जैसे मैंने स्पाइक्स नहीं पहने हैं। यह बहुत ही हास्यास्पद है। मैं आपकी निराशा समझ सकता हूं। लेकिन मैं मानता हूं कि उन्होंने जिस भाषा का इस्तेमाल किया वह अच्छी नहीं थी। अगर वह इस पर विचार करते, तो शायद वह इसे थोड़ा बेहतर तरीके से संभाल सकते थे।'
गंभीर
- फोटो : PTI
पिच के करीब पहुंचने को लेकर हुआ था विवाद
भारत और इंग्लैंड के बीच पांचवां टेस्ट मैच लंदन के द ओवल मैदान पर खेला गया था। इस मैच से पहले गंभीर और पिच क्यूरेटर के बीच विवाद हो गया था। दोनों के बीच पिच के नजदीक पहुंचने को लेकर बहस हो गई। इसका वीडियो भी वायरल हुआ था। फोर्टिस ने उन्हें (गंभीर) 2.5 मीटर की दूरी बनाए रखने के लिए कहा था, जिस पर गंभीर ने नाराजगी जताई थी। जानकारी के अनुसार, ली फोर्टिस पिच के ज्यादातर हिस्से को भारतीय टीम द्वारा प्रशिक्षण के लिए इस्तेमाल करने से खुश नहीं थे। उन्होंने कुछ खिलाड़ियों और कोच के पिच के करीब आने पर भी चिंता जताई थी। जिस वक्त भारतीय टीम के बल्लेबाजी कोच सितांशु कोटक फोर्टिस से इस संबंध में चर्चा कर रहे थे तभी गंभीर बीच में आ गए। फोर्टिस को गंभीर से यह कहते हुए सुना गया कि वे बहस न करें और यदि वे ऐसा करते रहे तो उन्हें 'मैच रेफरी को रिपोर्ट करना होगा।' कोटक और फोर्टिस नेट के किनारे बातचीत करते रहे। फिर गंभीर ने कोटक से कहा कि वह फोर्टिस से बातचीत में न पड़ें और कहा कि वह (फोर्टिस) जाकर मैच रेफरी को रिपोर्ट कर सकते हैं।