भारत और इंग्लैंड के बीच दूसरा टेस्ट मैच मंगलवार को समाप्त हो गया। चेन्नई में खेले गए सीरीज के दूसरे टेस्ट में भारत ने चौथे दिन ही इंग्लैंड को 317 रनों के विशाल अंतर से हराया। उधर हार के बाद इंग्लैंड की टीम ने अहमदाबाद में होने वाले डे-नाईट टेस्ट के लिए अपने 17 सदस्यीय दल की घोषणा कर दी। इसमें टीम के ऑलराउंडर मोईन अली को जगह नहीं दी गई।
भारत के खिलाफ दूसरे टेस्ट में आठ विकेट लेने और दूसरी पारी में 18 गेंदों में ताबड़तोड़ 43 रन बनाने वाले मोईन अहमदाबाद में होने वाले सीरीज के आखिरी दोनों मुकाबले में टीम के साथ नहीं होंगे। वे अपने परिवार के साथ रहने के लिए इंग्लैंड लौट जाएंगे।
इंग्लैंड के कप्तान जो रूट ने इस बात की पुष्टि करते हुए बताया कि बायो बबल में लंबा समय बिताने के बाद उनके लिए यह एक कठिन दौरा रहा। गौरतलब है कि मोईन पिछले महीने इंग्लैंड के श्रीलंका दौरे से पहले कोरोना संक्रमित हो गए थे।
रूट ने कहा, 'मोईन ने घर जाने का फैसला किया। उसे यह लग रहा होगा कि उसे इस वक्त अपने परिवार के साथ रहना चाहिए और हम इसका सम्मान करते हैं। यह उसके लिए मुश्किल दौरा रहा। यह उसके लिए आसान फैसला नहीं रहा होगा।
बात करें इंग्लैंड के अन्य खिलाड़ियों की तो दूसरे टेस्ट में चोट की वजह से बाहर रहने वाले तेज गेंदबाज जोफ्रा आर्चर तीसरे टेस्ट में वापसी कर सकते हैं। उनके अलावा शुरुआती दो टेस्ट में टीम से बाहर रहने वाले बल्लेबाज जोनी बेयरस्टो और तेज गेंदबाज मार्क वुड भी जगह बना सकते हैं। सलामी बल्लेबाज जैक क्रॉली और दिग्गज तेज गेंदबाज जेम्स एंडरसन को भी शामिल किया जा सकता है।