फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

IND vs ENG: 'आकाश दीप घोड़े की तरह हैं', सिराज ने क्यों कहा ऐसा? मियां भाई के लिए अर्शदीप का अलग अंदाज, VIDEO

Sat, 05 Jul 2025 02:10 PM IST
स्वप्निल शशांक स्पोर्ट्स डेस्क, अमर उजाला, एजबेस्टन

सार

जसप्रीत बुमराह को विश्राम दिए जाने के कारण प्लेइंग-11 में जगह बनाने वाले आकाश दीप ने भी सिराज को श्रेय दिया और कहा कि उन्हें उनके साथ नई गेंद साझा करने में बहुत मजा आया।
विज्ञापन
बुमराह, आकाश दीप और सिराज - फोटो : BCCI
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

इंग्लैंड के खिलाफ एजबेस्टन में दूसरे टेस्ट मैच की पहली पारी में छह विकेट लेकर मोहम्मद सिराज ने तहलका मचा दिया। हालांकि, सिराज ने इसका श्रेय साथी तेज गेंदबाज आकाश दीप को दिया और पश्चिम बंगाल के इस तेज गेंदबाज को घोड़े की संज्ञा देते हुए कहा कि आकाश केवल मौके का इंतजार कर रहे थे। आकाश दीप ने 88 रन देकर चार विकेट लिए। इन दोनों ने एक दूसरे का अच्छी तरह से साथ दिया, जिससे भारत ने इंग्लैंड को 407 रन पर आउट करके पहली पारी में 180 रन की मजबूत बढ़त हासिल की। भारत ने अपनी पहली पारी में 587 रन बनाए थे। बीसीसीआई ने एक वीडियो शेयर किया है, जिसमें अर्शदीप मियां भाई को लेकर कुछ कहते नजर आ रहे हैं। अर्शदीप ने कहा कि सिराज का डायलॉग बदल गया है। अर्शदीप ने कहा- अब सिराज कहेंगे कि मैं हमेशा खुद पर विश्वास रखता हूं और जस्सी भाई (बुमराह) पर।
विज्ञापन

'आकाश के साथ गेंदबाजी करने में मजा आया'
वहीं, सिराज ने बीसीसीआई.टीवी से कहा, 'आकाश दीप घोड़े की तरह है। वह मौके का इंतजार कर रहे थे और जब उन्हें मौका मिला तो उन्होंने दिखा दिया कि वह कितने बेताब थे। ईमानदारी से कहूं तो मुझे उनके साथ गेंदबाजी करने में काफी मजा आया। मुझे जब जिम्मेदारी दी जाती है तो मैं खुश रहता हूं। मेरा एकमात्र लक्ष्य अपनी तरफ से रन नहीं देना था। मैंने हरसंभव नियंत्रण के साथ गेंदबाजी करने और बल्लेबाजों को दबाव में रखने की कोशिश की।'


'हमने दूसरी नई गेंद के साथ वापसी की, यह खास था'
जसप्रीत बुमराह को विश्राम दिए जाने के कारण प्लेइंग-11 में जगह बनाने वाले आकाश दीप ने भी सिराज को श्रेय दिया और कहा कि उन्हें उनके साथ नई गेंद साझा करने में बहुत मजा आया। आकाश ने कहा, 'पहली नई गेंद से मुझे दो विकेट मिले लेकिन मियां (सिराज) ने बड़ी भूमिका निभाई। उन्होंने एक छोर से दबाव बनाए रखा। सिराज ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। हमने नई गेंद के साथ गेंदबाजी करके एक दूसरे का अच्छा साथ दिया। इसमें बड़ा मजा आया। जिस तरह से हमने दूसरी नई गेंद के साथ वापसी की वह विशेष था।'

पांच विकेट से चूकने का आकाश को अफसोस नहीं
आकाश दीप पहली बार पांच विकेट लेने से चूक गए, लेकिन उन्हें इसका कोई अफसोस नहीं है। उन्होंने कहा, 'पांच विकेट लेने का भविष्य में भी मौका मिलेगा। मैं कभी इन चीजों के बारे में नहीं सोचता।' भारत चौथे दिन एक विकेट पर 64 रन से आगे खेलना शुरू करेगा और इंग्लैंड के सामने बड़ा लक्ष्य रखने की कोशिश करेगा। फिलहाल केएल राहुल और करुण नायर नाबाद हैं। यशस्वी 22 गेंद में 28 रन बनाकर आउट हुए।

मैं शतक बनाने के लिए बेताब था: हैरी ब्रूक
वहीं, इंग्लैंड के बल्लेबाज हैरी ब्रूक ने कहा कि वह भारत के खिलाफ शतक बनाने के लिए बेताब थे, क्योंकि लीड्स में पहले मैच में अपनी टीम की पांच विकेट की जीत के दौरान वह दूसरी पारी में खाता भी नहीं खोल पाए थे। दूसरे टेस्ट मैच में भारत के पहली पारी के 587 रन के जवाब में जब इंग्लैंड की टीम 84 रन पर पांच विकेट खोकर संघर्ष कर रही थी, तब ब्रूक (158) और जेमी स्मिथ (184) ने 303 रन की साझेदारी करके उसे संकट से उबारा।
विज्ञापन

ब्रूक ने तीसरे दिन का खेल समाप्त होने के बाद कहा, 'मैं पहले टेस्ट की दूसरी पारी में खाता भी नहीं खोल पाया था और इसलिए मैं अच्छी शुरुआत करना चाहता था।' इंग्लैंड का यह युवा बल्लेबाज पहले टेस्ट की पहली पारी में 99 रन पर आउट होने के बाद शतक से चूक गया था। उन्होंने कहा, 'मैं निश्चित रूप से शतक बनाने के लिए बेताब था। जाहिर है कि खेल की स्थिति को देखते हुए हम पीछे थे और स्मज (स्मिथ) के साथ मिलकर लय को अपने पक्ष में लाने का प्रयास करते हुए बड़ी साझेदारी निभाकर अच्छा लगा।' ब्रूक ने कहा, 'हम अभी वापसी करने में सक्षम हैं और उम्मीद है कि हम इसमें सफल रहेंगे। अगर मैं आउट नहीं होता तो स्थिति अच्छी होती लेकिन हमने पहले टेस्ट मैच में देखा की स्थिति किस तरह से बदल जाती है।'
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें