एक कैब ड्राइवर का वीडियो सोशल मीडिया पर धड़ल्ले से वायरल हो रहा है, जिसमें उसकी समझदारी और सख्ती ने लोगों का दिल जीत लिया है। मामला तब का है जब कुछ लोग उसकी टैक्सी में सवार हुए और अंदर ही शराब पीने लगे। ड्राइवर ने उन्हें कई बार समझाया, लेकिन किसी ने उसकी एक भी बात नहीं सुनी। इन यात्रियों का बर्ताव इतना शर्मनाक था कि वीडियो देखने वाला हर शख्स उनकी निंदा कर रहा है। खास बात यह रही कि ड्राइवर ने अपनी कैब में लगे कैमरे में पूरी घटना कैद कर लिया और इसे ऑनलाइन डाल दिया, जो अब इंटरनेट पर तेजी से वायरल हो रहा है। तो आज की इस खबर में हम भी आपको इसी वीडियो के बारे में बताने जा रहे हैं। आइए विस्तार से जानते हैं।
सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है वीडियो
वीडियो में देखा जा सकता है कि ड्राइवर ने पीली टी-शर्ट पहन रखी है और वह लगातार यात्रियों से शराब न पीने की अपील करता है। बावजूद इसके कोई उसकी बात मानने को तैयार नहीं होता। वीडियो के शुरूआती हिस्से में एक महिला ड्राइवर के पास वाली सीट पर बैठी है, जो पीछे बैठे व्यक्ति से शराब की बोतल मंगवाती है। ड्राइवर द्वारा मना करने पर महिला कहती है, “हम खुद संभाल लेंगे, पुलिस के सामने भी देख लेंगे, तुम्हें क्या दिक्कत है?”
कैब में बैठकर सवारी ने पी शराब
इसके बाद अगली क्लिप में एक पुरुष यात्री शराब खत्म करने के बाद बोतल को चलती कार से बाहर सड़क पर फेंक देता है। ड्राइवर फौरन उसे टोकता है और कहता है, “भाई, ऐसा नहीं किया जाता।” वीडियो के आखिर में जैसे ही ये यात्री कैब से उतर जाते हैं, ड्राइवर कैमरे की तरफ देखकर कहता है, “अब समझ आया कि कैब में कैमरा क्यों जरूरी है? अगर लोगों को इसे लेकर प्राइवेसी का मसला लगता है तो मैं क्या कर सकता हूं, लेकिन मेरी गाड़ी में ये सब नहीं चलेगा।”
लोगों ने वीडियो पर दी ऐसी प्रतिक्रियाएं
ड्राइवर का यह जिम्मेदाराना और समझदारी भरा रवैया लोगों को बेहद पसंद आ रहा है। सोशल मीडिया पर लोग उसकी तारीफों के पुल बांध रहे हैं और उन यात्रियों को बुरा-भला कह रहे हैं। कई यूजर्स का मानना है कि हर कैब ड्राइवर को ऐसी ही सतर्कता दिखानी चाहिए ताकि यात्रियों की सुरक्षा बनी रहे और नियमों का पालन हो सके। वीडियो अब तक लाखों बार देखा और शेयर किया जा चुका है।