भारत और इंग्लैंड के बीच खेली जा रही पांच टेस्ट मैचों की सीरीज का दूसरा मुकाबला लॉर्ड्स पर खेला गया। मैच में टीम इंडिया ने शानदार प्रदर्शन करते हुए इंग्लिश टीम को 151 रनों से शिकस्त दी। इस जीत के साथ भारत ने सीरीज में 1-0 की बढ़त बना ली। मैच में एक समय ऐसा लग रहा था कि इंग्लैंड आसानी से जीत दर्ज कर लेगा। लेकिन विराट कोहली के रणबांकुरों ने बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए इंग्लैंड की उम्मीदों पर पानी फेर दिया। क्रिकेट का मक्का कहे जाने वाले लॉर्ड्स पर मिली इस विजय के बाद भारत आईसीसी विश्व टेस्ट चैंपियनशिप 2021-2023 टेबल पॉइंट में दूसरे स्थान पर पहुंच गया।
आईसीसी वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप 2021-2023 टेबल पॉइंट पर एक नजर
वेस्टइंडीज आईसीसी विश्व टेस्ट चैंपियनशिप टेबल पॉइंट में पहले स्थान है। कैरेबियन टीम ने अभी तक एक टेस्ट मैच खेला है जिसे वह जीतने में सफल रही। विंडीज टीम के 12 अंक हैं। हाल ही में वेस्टइंडीज की टीम ने किंग्स्टन टेस्ट में पाकिस्तान को हराया था।
इंग्लैडं के खिलाफ लॉर्ड्स टेस्ट जीतने के बाद भारत आईसीसी टेस्ट चैंपियनशिप टेबल पॉइंट में दूसरे स्थान पर पहुंच गया है। भारत ने टेस्ट चैंपियनशिप के दूसरे सत्र में अब तक दो टेस्ट मैच खेले हैं जिनमें एक जीता और एक ड्रॉ रहा। टीम इंडिया 14 अंकों के साथ दूसरे नंबर पर है।
आईसीसी वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप 2021-2023 में इंग्लैंड की टीम तीसरी पायदान पर है। इंग्लिश टीम ने अब तक 2 मैच खेले हैं जिसमें एक मुकाबला हारा और एक ड्रॉ रहा। इंग्लैंड दो अंक हैं। इसके अलावा पाकिस्तान ने विश्व टेस्ट चैंपियनशिप के तहत एक मैच खेला है जिसमें उसे हार का सामना करना पड़ा। पाकिस्तान को टेबल पॉइंट में अभी खाता खोलना बाकी है।
वैसे अगर अंकों के हिसाब से देखा जाए तो भारत 14 पॉइंट्स के साथ शीर्ष पर है। लेकिन कोरोना काल के चलते टीमों को अंकों के प्रतिशत के आधार पर वरीयता दी जाती है। वेस्टइंडीज की टीम ने एक मैच खेला और उसे जीतने में सफल रही रही। इस तरह कैरेबियन टीम के अंकों का प्रतिशत 100 है। जबकि टीम इंडिया ने दो मैच खेले जिसमें एक जीता और एक ड्रॉ रहा और उसके अंकों का प्रतिशत 58.33 है। यही वजह है टेबल पॉइंट में वेस्टइंडीज पहले और भारत दूसरे स्थान पर है।