भारत और इंग्लैंड के बीच बुधवार को पांच मैचों की टी20 सीरीज का पहला मुकाबला कोलकाता में खेला गया। इस मैच में भारतीय टीम के स्टार बल्लेबाज अभिषेक शर्मा ने दमदार प्रदर्शन किया और बड़ी उपलब्धि हासिल की। उन्होंने 232.35 के स्ट्राइक रेट से बल्लेबाजी की और भारत की जीत में अहम भूमिका निभाई।
युवराज के बराबर पहुंचे अभिषेक
इस मैच में अभिषेक शर्मा ने बड़ी उपलब्धि हासिल की। वह भारत के लिए संयुक्त रूप से तीसरे सबसे तेज अर्धशतक लगाने वाले बल्लेबाज बन गए। उन्होंने महज 20 गेंदों में अपना अर्धशतक पूरा किया। इसी के साथ उन्होंने अपने गुरू युवराज सिंह की बराबरी कर ली। पूर्व हरफनमौला खिलाड़ी ने 2009 में श्रीलंका के खिलाफ मोहाली में इतनी ही गेंदों में अर्धशतक जड़ा था।
अभिषेक के नाम दर्ज हुई एक और उपलब्धि
इसके अलावा अभिषेक टी20 अंतरराष्ट्रीय में इंग्लैंड के खिलाफ सबसे तेज अर्धशतक लगाने वाले दूसरे बल्लेबाज बन गए। इस मामले में शीर्ष पर युवराज सिंह का नाम दर्ज हैं, जिन्होंने 2007 में महज 12 गेंदों में अर्धशतक जड़ा था। 20 गेंदों में अभिषेक शर्मा ने इंग्लैंड के खिलाफ पचासा जड़ा। वहीं, तीसरे पायदान पर केएल राहुल का नाम है जिन्होंने 2018 में इंग्लैंड के खिलाफ 27 गेंदों में अर्धशतक लगाया था।
इंग्लैंड पर हावी हुए अभिषेक
ईडन गार्डंस में खेले गए इस मैच में लक्ष्य का पीछा करने उतरी भारतीय टीम ने शानदार शुरुआत की। संजू सैमसन और अभिषेक शर्मा के बीच पहले विकेट के लिए 41रन की साझेदारी हुई। सैमसन 20 गेंदों में 26 रन बनाकर पवेलियन लौटे। वहीं, अभिषेक शर्मा 34 गेंदों में 79 रनों की तूफानी पारी खेलकर पवेलियन लौटे। इस दौरान उनके बल्ले से पांच चौके और आठ छक्के निकले। भारत ने यह मुकाबला सात विकेट से जीतकर सीरीज में 1-0 से बढ़त बना ली है।