गंभीर ने फैंस को धन्यवाद कहा
गंभीर सीरीज के दौरान टीम के समर्थन के लिए भारी संख्या में आए प्रशंसकों को इंडिया हाउस अपने संबोधन के जरिये धन्यवाद दिया। भारत ने चौथे टेस्ट में जीत की कगार पर पहुंचकर मैच ड्रॉ कराया था। गंभीर ने कहा, 'इंग्लैंड का दौरा हमेशा कठिन होता है क्योंकि दोनों देशों के बीच इतिहास ऐसा है जिसे भुलाया नहीं जा सकता। हमने जब भी ब्रिटेन का दौरा किया है, हमें प्रशंसकों का अपार समर्थन मिला है। हम किसी भी चीज को हलके में नहीं लेते।'
'सीरीज अब तक रोमांचक रही है'
उन्होंने कहा, 'पिछले पांच सप्ताह दोनों टीमों के लिए काफी रोमांचक रहे हैं। सीरीज में जिस तरह की क्रिकेट खेली गई है, उस पर हर क्रिकेटप्रेमी को गर्व होगा।' लंदन में भारतीय उच्चायोग द्वारा भारतवंशियों के स्वागत समारोह में भारतीय टीम का समुदाय के नेताओं, सांसदों और खेलप्रेमियों ने जबर्दस्त स्वागत किया। भारत और इंग्लैंड के बीच निर्णायक पांचवां टेस्ट ओवल पर गुरुवार, 31 जुलाई से खेला जाएगा।
'दोनों टीमों ने काफी प्रतिस्पर्धी प्रदर्शन किया'
गंभीर ने कहा, 'दोनों टीमों ने काफी प्रतिस्पर्धी प्रदर्शन किया है। हमारे पास एक सप्ताह और है और हम पूरा प्रयास करेंगे कि देशवासियों और यहां मौजूद लोगों को गर्व करने का एक और मौका दें।' इस मौके पर इंग्लैंड में भारत के उच्चायुक्त विक्रम दुरइस्वामी ने कहा कि टीम ने सीरीज में जिस तरह का जुझारूपन दिखाया है, वह विषमताओं से लड़ने की देश की इच्छाशक्ति का परिचायक है। उन्होंने कहा, 'यह सीरीज शानदार रही है और बेहतरीन भावना के साथ खेली गई। सारे मैच पांच दिन तक चले और रोमांचक रहे। हमारी टीम ने जिस तरह का जुझारूपन दिखाया है, वह नए भारत के जीवट का प्रतीक है। पांचवें टेस्ट का परिणाम चाहे जो हो, हमें अपनी टीम पर गर्व है।'