भारतीय टी20 टीम के कप्तान सूर्यकुमार यादव ने रविवार को मुंबई में इंग्लैंड के खिलाफ पांचवें और अंतिम टी20 अंतरराष्ट्रीय मैच में शतक जड़ने वाले अभिषेक शर्मा की तारीफों के पुल बांधे जिसकी बदौलत टीम 150 रन की बड़ी जीत दर्ज करके श्रृंखला 4-1 से अपने नाम करने में कामयाब रही। सूर्यकुमार ने मैच में अभिषेक और शिवम दुबे से गेंदबाजी भी कराई जिन्होंने दो दो विकेट झटके। मैच में मोहम्मद शमी ने तीन विकेट झटके।
दुबे से गेंदबाजी कराने पर सूर्यकुमार
उन्होंने अभिषेक और दुबे से गेंदबाजी कराने के बारे में कहा, 'यह रणनीति नहीं थी, लेकिन मैदान पर तुरंत ही फैसला किया क्योंकि मुझे लगा कि वे विकेट ले सकते हैं और उन्होंने ऐसा किया भी।' ‘प्लेयर ऑफ द मैच’ अभिषेक की 135 रन की शतकीय पारी के बारे में बात करते हुए उन्होंने कहा, 'उनकी पारी देखकर देखकर मजा आया। उनका परिवार भी यहां मौजूद है और मुझे यकीन है कि सभी को उनकी पारी देखकर मजा आया होगा।'
बटलर बोले- सुधार की जरूरत
इंग्लैंड के कप्तान जोस बटलर ने कहा, 'सीरीज हारना हताशापूर्ण है। हमने कुछ चीजें सही कीं, लेकिन कुछ पहलुओं पर हमें सुधार करने की जरूरत है। हमारी कोशिश यही रहती है कि हम सुधार करते रहें। मार्क वुड और ब्राइडन कार्स ने अच्छी गेंदबाजी की। अब वनडे सीरीज में अच्छा प्रदर्शन करना चाहेंगे। अभिषेक ने बहुत अच्छी बल्लेबाजी की।'
150 रनों से जीता भारत
भारत ने 20 ओवरों में 247/9 का विशाल स्कोर बनाया। फिर टीम इंडिया के गेंदबाजों ने कमाल दिखाते हुए नियमित अंतराल पर विकेट लेकर इंग्लैंड को सिर्फ 97 रन पर समेट दिया। वरुण चक्रवर्ती, अभिषेक शर्मा और शिवम दुबे ने दो-दो विकेट लिए। मोहम्मद शमी ने सबसे ज्यादा तीन विकेट चटकाए। 150 रनों से भारत की जीत अब 2023 में न्यूजीलैंड पर 168 रन की जीत के बाद टी20 अंतरराष्ट्रीय में रनों के अंतर से दूसरी सबसे बड़ी जीत है। हालांकि, यह मैच अभिषेक के नाम रहा, क्योंकि उन्होंने 54 गेंद पर 135 रन की अपनी पारी में सात चौके और 13 छक्के लगाए और रिकॉर्ड बुक में अपना नाम दर्ज कराया।