भारत और इंग्लैंड के बीच जारी पांच मैचों की टेस्ट सीरीज के दो मुकाबले खेले जा चुके हैं और सीरीज 1-1 की बराबरी पर है। बाकी बचे तीन मैचों में भारतीय टेस्ट टीम के कप्तान शुभमन गिल कई रिकॉर्ड तोड़ सकते हैं। आइये देखते हैं..
शुभमन गिल के नेतृत्व में भारतीय टेस्ट टीम के 'शुभ युग' का आगाज हो चुका है। फिलहाल टीम इंडिया इंग्लैंड दौरे पर है और पांच मैचों की टेस्ट सीरीज खेल रही है। लीड्स टेस्ट में मिली हार का बदला लेते हुए भारत ने एजबेस्टन में इंग्लैंड को मात दी और सीरीज में 1-1 की बराबरी की। दूसरे मुकाबले में जीत के साथ कप्तान शुभमन गिल ने तमाम रिकॉर्ड्स बनाए। वह पहले एशियाई कप्तान बन गए जिन्होंने एजबेस्टन में इंग्लैंड की बादशाहत खत्म की। अब उनकी नजर लॉर्ड्स में खेले जाने वाले तीसरे टेस्ट पर है। हम यहां आपको उन रिकॉर्ड्स के विषय में बताएंगे जिन्हें गिल आगामी मुकाबलों में तोड़ सकते हैं...
विज्ञापन
2 of 6
शुभमन गिल
- फोटो : BCCI X
किसी सीरज में बतौर कप्तान सर्वाधिक रन
इंग्लैंड के खिलाफ जारी टेस्ट सीरीज में गिल ने तीन शतकीय पारियों जिसमें एक दोहरा शतक भी शामिल है, की मदद से 585 रन बना लिए हैं। वह फिलहाल इस सीरीज में रनों के मामले में शीर्ष पर हैं और उनका औसत 146.25 का है। दाएं हाथ के बल्लेबाज सर डॉन ब्रैडमैन के 88 साल पुराने रिकॉर्ड को तोड़ सकते हैं। दरअसल, ब्रैडमैन के नाम एक सीरीज में बतौर कप्तान सर्वाधिक 810 रन बनाने का रिकॉर्ड दर्ज है। ऐसा उन्होंने 1936-37 में खेली गई एशेज सीरीज में किया था। अब गिल की नजर उनके इस रिकॉर्ड पर है। वह बतौर कप्तान एक सीरीज में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले खिलाड़ी बनने से सिर्फ 225 रन दूर हैं।
गिल की तरह ब्रैडमैन ने भी बतौर कप्तान डेब्यू टेस्ट में रिकॉर्ड्स की झड़ी लगाई थी। उनका सर्वाधिक स्कोर 270 रन था। वहीं, अब तक गिल का सर्वोच्च स्कोर 269 रन है। किसी सीरीज में बतौर कप्तान सबसे ज्यादा रन बनाने का रिकॉर्ड सुनील गावस्कर के नाम है, जिन्होंने वेस्टइंडीज के खिलाफ 1978-79 में 732 रन बनाए थे। गावस्कर के इस रिकॉर्ड को तोड़ने से गिल सिर्फ 148 रन दूर हैं।
विज्ञापन
3 of 6
शुभमन गिल
- फोटो : BCCI X
किसी सीरीज में सबसे ज्यादा रन
गिल के निशाने पर सर डॉन ब्रैडमैन का एक और रिकॉर्ड है। दरअसल, 1930 में खेली गई एशेज सीरीज में ब्रैडमैन ने सबसे ज्यादा 974 रन बनाए थे। उनके नाम किसी टेस्ट सीरीज में सबसे ज्यादा रन बनाने का रिकॉर्ड दर्ज है। पांच मैचों की टेस्ट सीरीज के बाकी बचे तीन मुकाबलों में अगर गिल 390 रन और बना लेते हैं तो ब्रैडमैन के इस रिकॉर्ड को ध्वस्त कर देंगे। वहीं, गिल आगामी मुकाबलों में गावस्कर को पीछे छोड़ सकते हैं जिन्होंने 1971 में वेस्टइंडीज के खिलाफ पांच टेस्ट मैचों की सीरीज में खेले चार मैचों में 774 रन बनाए थे। गिल अब 189 रन दूर हैं।
एशेज सीरीज के शुरुआती दो मुकाबलों में ब्रैडमैन ने 394 रन बनाए थे, लेकिन गिल ने लीड्स और एजबेस्टन टेस्ट में 585 रन बनाकर उन्हें पीछे छोड़ दिया है।
4 of 6
शुभमन गिल
- फोटो : BCCI-X
किसी सीरीज में सबसे ज्यादा शतक का रिकॉर्ड
गिल अब तक इस सीरीज में तीन शतक लगा चुके हैं, जिसमें एक दोहरा शतक भी शामिल है। वह आगामी मुकाबलों में इंग्लैंड के खिलाफ दो शतक और जड़ते ही वेस्टइंडीज के मगान क्लाइड वॉलकॉट के रिकॉर्ड को तोड़ देंगे। वॉलकॉट ने 1955 में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ घरेलू टेस्ट सीरीज में पांच शतक लगाए थे।
बतौर कप्तान किसी सीरीज में सर्वाधिक शतक लगाने का रिकॉर्ड ब्रैडमैन के नाम दर्ज है। उन्होंने 1947 में भारत के खिलाफ चार शतक जड़े थे।
विज्ञापन
5 of 6
शुभमन गिल
- फोटो : BCCI-X
बतौर कप्तान सबसे तेज 1000 टेस्ट रन
25 वर्षीय बल्लेबाज के निशाने पर ब्रैडमैन का एक और रिकॉर्ड है। पूर्व ऑस्ट्रेलियाई दिग्गज के नाम सबसे कम पारियों में बतौर कप्तान 1000 टेस्ट रन पूरे करने का रिकॉर्ड दर्ज है। उन्होंने 11 पारियों में 1000 टेस्ट रन पूरे किए थे। अब गिल उनके इस रिकॉर्ड को ध्वस्त करने से महज 415 रन दूर हैं। पांच मैचों की टेस्ट सीरीज के बाकी बचे तीन मुकाबलों की छह पारियों में वह ब्रैडमैन के इस रिकॉर्ड को ध्वस्त कर सकते हैं।
भारत के लिए बतौर कप्तान टेस्ट में सबसे तेज 1000 रन बनाने का रिकॉर्ड सुनील गावस्कर के नाम दर्ज है। उन्होंने 14 पारियों में टेस्ट में 1000 रन पूरे किए थे। इस दौरान उन्होंने पांच शतक लगाए। गिल उनके इस रिकॉर्ड को नौ टेस्ट पारियों में तोड़ सकते हैं।
इंग्लैंड के खिलाफ सीरीज में सबसे ज्यादा रन
इंग्लैंड के खिलाफ किसी सीरीज में सबसे ज्यादा रन बनाने का रिकॉर्ड युवा बल्लेबाज यशस्वी जायसवाल के नाम दर्ज है। उन्होंने 2024 में खेली गई घरेलू सीरीज में दो दोहरे शतकों की मदद से 712 रन बनाए थे। अब गिल उनके इस रिकॉर्ड को तोड़ने से महज 127 रन दूर हैं। इंग्लैंड में किसी भारतीय बल्लेबाज द्वारा एक सीरीज में सर्वाधिक रन बनाने का रिकॉर्ड राहुल द्रविड़ के नाम है, जिन्होंने 2002 में तीन शतकों की मदद से 602 रन बनाए थे। गिल उनसे बस 18 रन पीछे हैं। विराट कोहली कप्तान के तौर पर इस सूची में शीर्ष पर हैं, जिन्होंने 2016 में इंग्लैंड के खिलाफ घरेलू सीरीज में भारत की अगुवाई करते हुए 655 रन बनाए थे। गिल उनसे 91 रन पीछे हैं।