भारतीय टीम के उपकप्तान ऋषभ पंत ने लॉर्ड्स टेस्ट से पहले प्लेइंग 11 को लेकर बड़ा अपडेट दिया है। उन्होंने बताया कि आगामी मुकाबले के लिए चर्चाएं जारी हैं। जल्द ही फैसला होगा। दरअसल, भारत और इंग्लैंड के बीच जारी पांच मैचों की टेस्ट सीरीज का तीसरा मुकाबला गुरुवार (10 जुलाई) से खेला जाएगा। इस मैच में टीम इंडिया जीत हासिल कर सीरीज में 2-1 की बढ़त बनाना चाहेगी।
दो स्पिनरों के साथ उतरेगा भारत?
लीड्स में खेले गए पहले टेस्ट मैच में भारतीय टीम तीन तेज गेंदबाज और एक स्पिनर (रवींद्र जडेजा) के साथ उतरी थी। भारत को उस मैच में पांच विकेट से हार का सामना करना पड़ा था। हालांकि, दूसरे मुकाबले में तीन बदलावों के साथ उतरी टीम इंडिया ने मेजबानों को 336 रनों से मात दी थी। इस मैच के लिए भारत की प्लेइंग 11 में दो स्पिनर्स को मौका मिला था। इनमें रवींद्र जडेजा और वाशिंगटन सुंदर शामिल हैं। माना जा रहा है कि बर्मिंघम की तुलना में लॉर्ड्स की पिच बल्लेबाजों के लिए चुनौतीपूर्ण रहेगी। यह देखना दिलचस्प होगा कि क्या भारतीय टीम एजबेस्टन की तरह प्लेइंग-11 रखेगी जिसमें दो स्पिनर, तीन गेंदबाज और चौथे तेज गेंदबाज के विकल्प के रूप में नीतीश रेड्डी रहेंगे।
पंत ने दिया बड़ा अपडेट
भारत की प्लेइंग 11 को लेकर पूछे गए सवाल पर ऋषभ पंत ने मैच की पूर्व संध्या पर कहा- 'विकल्प अभी भी खुले हैं, बातचीत अभी भी जारी है। कभी-कभी विकेट दो दिन में रंग बदल देता है। हम फैसला लेंगे। यह 3+1 होगा या 3+2 होगा।'
पंत ने की बुमराह की तारीफ
तीसरे टेस्ट में तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह की वापसी हो सकती है। इस स्थिति में प्रसिद्ध कृष्णा को बाहर का रास्ता दिखाया जा सकता है। दरअसल, एजबेस्टन टेस्ट में बुमराह को आराम दिया गया था। अब वह लॉर्ड्स में खेलते नजर आ सकते हैं। पंत ने उनकी तारीफ करते हुए कहा- 'मुझे लगता है कि हर चीज (बुमराह को खास क्या बनाती है)। वह कितने सटीक हैं, उनका दिमाग कैसे काम करता है, मुझे लगता है कि वह एक बेहतरीन इंसान हैं।'
इंग्लैंड की पिच पर भी बोले पंत
इस दौरान पंत ने इंग्लैंड की पिच पर भी बात की। उन्होंने कहा कि जिस तरह से इंग्लैंड क्रिकेट खेलता है उसके लिए उन्हें अच्छे विकेट (पिच) की तलाश होती है। पंत ने आगे कहा- 'देखिए यही बात चर्चा में थी कि इंग्लैंड में विकेट अच्छे होंगे। क्योंकि जिस तरह से वे क्रिकेट खेलते हैं, उन्हें अंततः बल्लेबाजी के लिए एक अच्छे विकेट की जरूरत होती है। तो हमारी भी यही राय थी कि हम एक अच्छे विकेट पर 20 विकेट कैसे ले सकते हैं। शुभमन भी 20 विकेटों की बात कर रहे थे। तो यह सोच पहले से ही तय थी कि अंततः बल्लेबाजों को आगे आना ही होगा।'